सुजडू में 78.82 करोड़ से बनेगा 132 केवी विद्युत उपकेंद्र, मिलेगी बिजली संकट से मुक्ति
मुजफ्फरनगर के सुजडू में 78.82 करोड़ रुपये की लागत से 132 केवी विद्युत उपकेंद्र बनेगा, जिससे औद्योगिक और आवासीय क्षेत्रों की बिजली समस्या का समाधान होगा।

पत्रकारों से वार्ता करते राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल व मंचासीन भाजपा जिलाध्यक्ष डाॅ. सुधीर सैनी व विद्युत विभाग के अधिकारी। जागरण
HighLights
सुजडू में 78.82 करोड़ रुपये से 132 केवी उपकेंद्र का निर्माण।
उद्यमियों और स्थानीय निवासियों की बिजली समस्या होगी दूर।
मुजफ्फरनगर में विद्युत सुधार पर 300 करोड़ रुपये खर्च।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरनगर। योगी सरकार में पिछले नौ वर्ष में 300 करोड़ रुपये विद्युत व्यवस्था में सुधार पर खर्च किए गए, जबकि भविष्य की योजना भी तैयार की गई है। इस पर लगभग 26 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
राज्यमंत्री कपिलदेव अग्रवाल ने कहा कि उद्यमियों की लगभग 15 वर्ष पुरानी मांग पूर्ण हो गई है। उनके लिए 132 केवी का उपकेंद्र निर्मित होगा। इस निर्माण पर लगभग 78.82 करोड़ रुपये की लागत आएगी।
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण केंद्र (आईटीआई) के सभागार में राज्यमंत्री कपिलदेव अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष डा. सुधीर सैनी, पालिकाध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने पत्रकार वार्ता की। इसमें राज्यमंत्री कपिलदेव ने कहा कि प्रदेश सरकार हर क्षेत्र में विकास करा रही है। पूर्ववर्ती सरकारों में बिजली संकट किसी से छिपा नहीं है।
योगी सरकार ने घरेलू के साथ उद्योगों को संकट से उबारा है। सुजडू समेत औद्योगिक क्षेत्र बेगराजपुर में उद्यमियों के सामने बिजली की बड़ी समस्या थी। इसको लेकर ऊर्जा मंत्री एके शर्मा के समक्ष समस्या रखी गई।
इसके चलते ऊर्जा मंत्री ने सुजडू में 78.82 करोड़ रुपये की लागत से 132 केवी उपकेंद्र एवं लाइन के निर्माण को स्वीकृति दी है। परियोजना से सूजडू, महावीर चौक, नुमाइश कैंप, साकेत, मालवीय चौक, सर्कुलर रोड, खालापार क्षेत्र को बिजली संकट से मुक्ति मिलेगी।
बताया कि नौ साल में जिले में 300 करोड़ रुपये से बिजली सुधार के कार्य किए गए हैं। वहीं, 26 करोड़ रुपये के कार्य बिजनेस प्लान 2026-27 के लिए 111 कार्य प्रस्तावित हैं, जिन पर जल्द काम शुरू होगा।
प्रमुख तथ्य
- 8.58 हेक्टेयर भूमि में सुजडू में लगे हैं उद्योग
- 46.16 हेक्टेयर भूमि बसा बेगराजपुर औद्योगिक क्षेत्र
- 128 उद्योग सूक्ष्म एवं लघु दोनों औद्योगिक क्षेत्र में लगे
- 300 से अधिक बने हैं औद्योगिक भूखंड।
आईआईए ने जताया आभार
सुजडू में 132 केवी के विद्युत उपकेंद्र निर्माण की घोषणा पर आईआईए ने राज्यमंत्री कपिलेदव समेत प्रदेश सरकार का आभार प्रकट किया। कहा कि उद्यमियों की बिजली समस्या से निजात की मांग लंबे समय से थी।
इस दौरान आईआईए के चेयरमैन अमित जैन, पूर्व चेयरमैन विपुल भटनागर, वरिष्ठ उद्यमी कुश पुरी, सुधीर अग्रवाल, संयुक्त सचिव उमेश गोयल, राज शाह, मनीष कपूर, अंकुर गर्ग, सागर वत्स, लघु उद्योग भारती के क्षेत्रीय अध्यक्ष राजेश जैन ने आभार प्रकट किया।
27 करोड़ रुपये से कराए जाएंगे 100 से अधिक काम
जनपद में निरंतर विद्युत व्यवस्था सुधार के लिए काम किया जा रहा है। मुख्य अभियंता विनोद कुमार गुप्ता ने बताया कि वर्ष 2026-27 के बिजनेस प्लान में प्रस्तावित कार्यों के दो चरण रखे गए हैं।
पहले चरण में 7.88 करोड़ रुपये तथा दूसरे चरण में 19.94 करोड़ रुपये से लगभग 111 विद्युत व्यवस्था सुधार के कार्य किए जाएंगे। जिले में लगभग 12 नए 11 केवी के 11 फीडरों का निर्माण कराया गया।
आरडीएसएस योजना के तहत लगभग 90.85 करोड़ की लागत से 64 फीडरों पर 741 किलोमीटर पुरानी एबीसी तार बदले गए हैं। लगभग 598 कार्य कराए गए। इनमें 178 ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि भी शामिल है।
प्रमुख विद्युत सुधार के कार्य
- 62.13 करोड़ रुपये से 220 केवी विद्युत उपकेंद्र बधाई कलां का निर्माण।
- 8.03 करोड़ रुपये से 132 केवी विद्युत उपकेंद्र जौली रोड एवं भोपा रोड पर क्षमता वृद्धि।
- 5.63 करोड़ रुपये 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र न्यू शामली रोड का निर्माण।
- 2.63 करोड़ रुपये 4 नई 33 केवी विद्युत लाइनों का निर्माण।
- 1.09 करोड़ रुपये से 50 ट्रांसफार्मरों की स्थापना
- 52 करोड़ रुपये 106 नए ट्रांसफार्मर स्थापित किए गए
- 1.53 करोड़ रुपये बिजली आपूर्ति सुधार के कार्य हुए।
यह भी पढ़ें- 21 करोड़ रुपये जारी: अब हाईवे का सुहाना होगा सफर, गड्ढों में तब्दील हुए लखनऊ-पलिया राष्ट्रीय राजमार्ग की मरम्मत शुरू
