विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुजफ्फरनगर दंगे के दौरान तीन लोगों की हत्या के मामले में 13 साल बाद आया फैसला, 8 आरोपी दोषमुक्त

Published: Thu, 26 Nov 2026 02:00 AM (IST)

मुजफ्फरनगर दंगे के दौरान पुरबालियान गांव में हुए तिहरे हत्याकांड में 13 साल बाद फैसला आया है। साक्ष्य के अभाव और गवाहों के पक्षद्रोही होने के कारण न्यायालय ने आठ आरोपियों को दोषमुक्त कर दिया।

प्रतीकात्मक तस्वीर

प्रतीकात्मक तस्वीर

HighLights

  1. मुजफ्फरनगर दंगे के दौरान तीन लोगों की हत्या हुई थी।

  2. न्यायालय ने साक्ष्य के अभाव में आठ आरोपियों को बरी किया।

  3. मामले में सभी 33 गवाह पक्षद्रोही हो गए थे।

जागरण संवाददता, मुजफ्फरनगर। सांप्रदायिक दंगे के दौरान पुरबालियान गांव में ट्रैक्टर-ट्रॉली सवार काकड़ा गांव के 60 वर्षीय किसान राजू उर्फ राजबीर, 21 वर्षीय, विकास उर्फ कल्लू तथा 65 वर्षीय महेंद्र की हत्या की गई थी। इस मामले में न्यायालय ने आठ आरोपितों को साक्ष्य के अभाव में दोषमुक्त कर दिया।

हत्याकांड को लेकर 33 गवाह पेश किए गए थे, जो पक्षद्रोही हो गए। विशेष न्यायालय, अनुसूचित जाति अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के पीठासीन अधिकारी डॉ. विजय कुमार ने निर्णय सुनाया।

जानसठ के गांव कवाल में शाहनवाज हत्याकांड के बाद मलिकपुरा के ममेरे-फुफेरे भाइयों सचिन एवं गौरव की मुस्लिम समाज के लोगों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। इसके बाद जनपद में सांप्रदायिक उन्माद फैल गया था। सात सितंबर 2013 को हिंदू पक्ष के लोगों ने नंगला मंदौड में पंचायत की थी। यहां से काकड़ा गांव के ग्रामीण ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर लौट रहे थे।

मंसूरपुर-शाहपुर मार्ग पर पुरबालियान गांव में सड़कों पर खड़े हमलावरों ने ईंट-पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। लाठी-डंडों से हमला किया गया। इस हमले में राजू उर्फ राजबीर और विकास उर्फ कल्लू की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि घायल महेंद्र की इलाज के दौरान मौत हुई थी। 14 सितंबर को अजेंद्र ने शाहपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई।

पुलिस ने 10 आरोपितों के खिलाफ आरोप-पत्र दाखिल किया गया। ट्रायल के दौरान आरोपनी साउद और यामीन की मृत्यु हो गई। इस मुकदमे की दो अलग-अलग पत्रावली पर एक साथ निर्णय सुनाया गया। जिसमें आरोपित आजाद, शौकत, जिला, आशु उर्फ आश मोहम्मद, साकिर अली, नूर हसन, लियाकत, अली मोहम्मद को सोमवार को सुनवाई के बाद दोषमुक्त कर दिया। सांप्रदायिक दंगे के बाद सांसद राहुल गांधी जनपद में आए थे। तब वह शरणार्थियों के शिविर समेत काकड़ा में तीनों पीड़ित परिवारों से मिले थे।

सभी गवाह हो गए पक्षद्रोही

दोनों पत्रावलियों के लेकर 33 गवाह पेश किए गए। सभी गवाह पक्षद्रोही हो गए थे। वादी अजेंद्र ने बयान में कहा था कि पथराव के वक्त वह जान बचाने के लिए मकान में घुस गया था। वह आरोपितों को नहीं पहचान सका

यह भी पढ़ें- प्रधानमंत्री आवास योजना में रिश्वत के 'खेल' पर सिटी मजिस्ट्रेट मुजफ्फरनगर का एक्शन, कम्युनिटी आर्गेनाइजर को नोटिस जारी 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।