प्रधानमंत्री आवास योजना में रिश्वत के 'खेल' पर सिटी मजिस्ट्रेट मुजफ्फरनगर का एक्शन, कम्युनिटी आर्गेनाइजर को नोटिस जारी
मुजफ्फरनगर में प्रधानमंत्री आवास योजना के आवंटन में रिश्वतखोरी की शिकायतें सामने आई हैं। सिटी मजिस्ट्रेट ने कम्युनिटी आर्गेनाइजर को तलब कर स्पष्टीकरण मांगा है और जांच के आदेश दिए हैं।

मुजफ्फरनगर के बाइपास स्थित बने प्रधानमंत्री आवास। जागरण
HighLights
PMAY में आवास आवंटन के लिए रिश्वत लेने का आरोप।
नागरिकों से रिश्वत न देने और शिकायत करने की अपील।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरनगर। प्रधानमंत्री आवास योजना में रिश्वत लेने का मामला सामने आया है। डूडा के प्रभारी परियोजना अधिकारी (सिटी मजिस्ट्रेट) दीपक कुमार पाल को कई शिकायतें मिली हैं। नागरिकों ने आरोप लगाया कि एक से पांच हजार रुपये लेने के बाद भी आवास नहीं मिले हैं। सिटी मजिस्ट्रेट ने कम्युनिटी आर्गेनाइजर से स्पष्टीकरण मांगा है।
जनपद में भोपा रोड बाईपास और मेरठ रोड पर 400 से अधिक प्रधानमंत्री आवास बनाए गए हैं। इनमें से अधिकांश का आवंटन कर दिया है। जिनका आवंटन नहीं हुआ, उनकी प्रक्रिया चल रही है। कुछ आवास खाली भी हुए हैं। उनका भी आवंटन किया जा रहा है।
आए दिन नागरिक पीएम आवास के लिए आवेदन कर रहे हैं। इस प्रक्रिया में कई लोगों ने सिटी मजिस्ट्रेट को शिकायतें की हैं कि उन्हें महीनों से आवास देने का आश्वासन दिया जा रहा है, लेकिन आवास नहीं मिला है। आवास देने की एवज में एक से पांच हजार रुपये भी लिए गए हैं।
बुधवार को खालापार निवासी आरिफ अपनी पत्नी के साथ सिटी मजिस्ट्रेट से मिले। बताया कि आवास के लिए विकास भवन में स्थित डूडा कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं। आवेदन करने के साथ ही कम्युनिटी आर्गेनाइजर को एक हजार रुपये भी दे रखे हैं। आरोप लगाया कि धनराशि लेने के बाद एक सप्ताह में आवास आवंटन का वादा किया था, लेकिन अब फोन भी नहीं उठा रहे हैं।
वहीं, सिटी मजिस्ट्रेट ने अपने सामने कम्युनिटी आर्गेनाइजर को फोन कराया, लेकिन उन्होंने नहीं उठाया। इस पर सिटी मजिस्ट्रेट ने कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि कम्युनिटी आर्गेनाइजर की धनराशि मांगने की कई शिकायतें प्राप्त हुई हैं। मामले की जांच कराई जा रही है। उन्हें नोटिस भी जारी किया गया है। तीन दिन में जवाब नहीं देने पर कार्रवाई की जाएगी। नागरिकों से अपील है कि किसी को पीएम आवास के नाम पर धनराशि न दें। कोई पैसे मांगता है तो शिकायतें करें, संबंधित पर कार्रवाई होगी। पात्रता के आधार पर आवास दिया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।