मुजफ्फरनगर: 13 साल बाद फुगाना गांव में हुई डकैती और तोड़फोड़ मामले में आया फैसला, 8 आरोपी दोषमुक्त
न्यायालय ने मुजफ्फरनगर दंगे के दौरान फुगाना गांव में मकान में तोड़फोड़ और डकैती के मामले में आठ आरोपियों को साक्ष्य के अभाव में बरी कर दिया।

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
फुगाना दंगे मामले में आठ आरोपी बरी हुए।
साक्ष्य के अभाव में न्यायालय ने फैसला सुनाया।
वादी सहित तीन गवाह पक्षद्रोही हो गए।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरनगर। सांप्रदायिक दंगे के दौरान फुगाना गांव में मुस्लिम समाज के मकान में तोड़फोड़ और डकैती के मामले में न्यायालय ने आठ आरोपितों को साक्ष्य के अभाव में दोषमुक्त कर दिया। नंगला मंदौड़ की पंचायत के बाद पनपी रंजिश के बाद यह हमला किया गया था। न्यायालय में सुनवाई के दौरान वादी मुकदमा समेत तीन गवाह पक्षद्रोही हो गए थे। मुकदमे की लगभग 13 वर्ष तक सुनवाई चली। अभियोजन पक्ष वारदात को साबित करने में विफल रहा।
13 वर्ष पूर्व सात अगस्त 2013 को जानसठ के गांव कवाल में शाहनवाज हत्याकांड के बाद ममेरे-फुफेरे भाइयों सचिन व गौरव की घेरकर मुस्लिम समाज के लोगों ने हत्या कर दी थी। दोनों भाइयों की हत्या के बाद हिंदू संगठनों व समाज के लोगों ने सात सितंबर 2013 को नंगला मंदौड़ के मैदान में शोकसभा व बेटी बचाव पंचायत रखी थी।
पंचायत से लौटने के दौरान हिंदू समाज के लोगों पर जगह-जगह हमले किए गए थे। इसके बाद भड़की सांप्रदायिक रंजिश में फुगाना थाने के गांव फुगाना में मुस्लिम समाज के नौशाद के मकान पर अनुसूचित जाति के लोगों ने हमला किया था। अभियोजन पक्ष के अनुसार, नौशाद का आरोप था कि आठ सितंबर 2012 की रात 9.15 बजे बिलेन्द्र जोगी, नीरज, विनोद, रोशन, संजा उर्फ संजय, श्रीनिवास, गुड्डू और सुभाष ने उसके घर में हाथों में धारदार हथियारों तलवार, तबल, बलकटी आदि से लूटपाट करने के साथ मकान में तोड़फोड़ की। परिवार के लोगों पर हमला किया।
आरोपितों पर मकान से जेवरात लूटने का भी आरोप लगाया था। इस मुकदमे की सुनवाई विशेष न्यायाधीश एससी-एसटी एक्ट डॉ. विजय कुमार के न्यायालय में हुई। अभियोजन पक्ष ने वादी मुकदमा नौशाद, गांव के ही साबिर और वकील को गवाही के लिए पेश किया।
तीनों ही गवाह न्यायालय में पक्षद्रोही हो गए। मुकदमे की विवेचना फुगाना थाने के तत्कालीन दारोगा सौराज सिंह ने की थी। अभियोजन पक्ष मुकदमे काे साबित करने में विफल रहा। मंगलवार को न्यायालय ने साक्ष्य के अभाव में सभी आठ आरोपितों को दोषमुक्त कर दिया।
वादी बोला, कोरे कागज पर कराए थे हस्ताक्षर
न्यायालय में मुकदमे के वादी नौशाद ने गवाही दी थी कि आठ सितंबर 2013 को वह सुबह ही अपने गांव फुगाना से बाहर अपनी रिश्तेदारी में गांव पट्टी धनौरा, बागपत में अपने परिवार सहित चला गया था, क्योंकि हमारे गांव में 7 सितंबर 2013 से ही माहौल तनावपूर्ण हो गया था।
आरोपितों को उसने अपने घर में हाथों में धारदार हथियारों तलवार, तबल, बलकटी आदि से लूटपाट करते नहीं देखा। वह तो घर से एक दिन पहले ही चला गया था। दो-चार दिन बाद वापस आने पर उसे जानकारी हुई कि क्षेत्र में सांप्रदायिक दंगा हो गया है तो वह कैराना सरकारी शिविर में अपने परिवार सहित चला गया था।
वहां पर कुछ अज्ञात लोगों ने उससे कोरे कागज पर हस्ताक्षर करा लिए थे। तहरीर के बारे में कहा कि उसे नहीं पता कि तहरीर किसने टाइप कराई थी।
दोनों गवाहों ने ये दिए बयान
मुकदमे के दूसरे गवाह साजिद ने बयान में कहा कि आठ सितंबर 2013 को हमारे गांव फुगाना में दंगा हो गया था। दंगे की सुगबुगाहट पर वह अपने परिवार के साथ सुबह पांच-छह बजे गांव से लोई कैंप में चला गया था। वहां पर पहले से कई लोग थे। कैंप में ही उसे घटना के बारे में पता चला था। उसने यह घटना स्वयं नहीं देखी।
जबकि गवाह साबिर ने बयान में कहा कि हमारे गांव फुगाना में दंगे का शोर मचने पर सुबह करीब सवा आठ बजे वह अपने परिवार वाले साजिद, पिता वकीलू, माता सकूरी तथा सभी बच्चों के साथ सुबह पांच-छह बजे गांव से लोई कैंप में चला गया था। घटना की बाबत कैंप में ही पता चला था। वह आरोपित श्रीनिवास, गुड्डू, नीरज, संजय आदि को जानता है, उसके गांव के रहने वाले हैं। उसने इन्हें दंगा करते हुए नहीं देखा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।