मुजफ्फरनगर में भागवत कथा में चेन स्नेचिंग मामले का खुलासा, इंटरनेट मीडिया से जानकारी जुटाकर आईं थी 5 शातिर महिला चोर
मुजफ्फरनगर के रेशू विहार में भागवत कथा के दौरान हुई चेन चोरी के मामले में सिविल लाइंस पुलिस ने पांच महिलाओं को गिरफ्तार किया है।

मुजफ्फरनगर के थाना सिविल लाइन पुलिस द्वारा पकड़ी गई आरोपित महिलाएं
HighLights
भागवत कथा से चेन चोरी मामले में पांच महिलाएं गिरफ्तार।
सोशल मीडिया से जानकारी जुटाकर पहुंची थीं शातिर चोर।
पुलिस ने दो सोने की और एक आर्टिफिशियल चेन बरामद की।
संवाद सहयोगी, मुजफ्फरनगर। नगर के रेशू विहार में भागवत कथा के दौरान महिलाओं की चेन चोरी होने के मामले में सिविल लाइंस पुलिस ने पांच महिलाओं को गिरफ्तार किया है। उनके बताए स्थान से दो सोने की और एक आर्टिफिशियल चेन बरामद की। दो श्रद्धालु महिलाओं ने सोने की चेन की पहचान भी की। आरोपित महिलाएं इंटरनेट मीडिया से कथा की जानकारी पाकर यहां पहुंची थीं।
एसपी सिटी अमृत जैन ने बताया कि 13 नवंबर को रेशू विहार में भागवत कथा के दौरान महिलाओं की चार सोने की चेन चोरी हुई थीं। चेन चोरी करने वाली पांच महिलाएं बुधवार सुबह फिर से कथा स्थल के पास आईं। शिकायतकर्ता और अन्य महिलाओं ने पांचों महिलाओं को पकड़ कर पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने उन्हें सुबह करीब सवा आठ बजे हिरासत में लिया। महिलाओं ने अपने नाम दिल्ली की इंदिरापुरी स्थित जेजे कॉलोनी निवासी पंजवरना, सेरा, मुन्नी, करुणा और रोशनी बताए। तलाशी में उनसे कोई सामान बरामद नहीं हुआ। एसपी सिटी ने बताया कि आरोपित महिलाओं को जेल भेजा गया है। चोरी की धारा में दर्ज मुकदमे में बरामदगी की धारा बढ़ाई है। आरोपितों के आपराधिक इतिहास का अभी पता नहीं चला है। टीम को भेजकर जानकारी जुटाई जाएगी।
ऐसे चोरी कर छिपाई थीं चेन
पूछताछ में महिलाओं ने बताया कि जहां महिलाओं की भीड़ जुटती है, वह वहां जाकर उनके सोने-चांदी के आभूषण चोरी करती थीं। इंटरनेट मीडिया से कथा की जानकारी पाकर चार-पांच दिन पहले वे दिल्ली से मुजफ्फरनगर आई थीं। यहां कथा के दौरान जब महिलाएं खाना खा रही थीं, तब चार महिलाओं की सोने की चेन चोरी की थी।
पकड़े जाने के डर से उन्होंने चेन कथा स्थल के छोटे गेट पर लगी रेडिमेड फुलवारी के पीछे छिपा दी थी। पुलिस के अनुसार, आरोपित महिलाएं अब चोरी का सामान लेने और दूसरी घटना करने के इरादे से आई थीं। पुलिस ने महिलाओं के बताए स्थान से लाल रंग का छोटा पर्स बरामद किया। उसमें डायमंड पेंडेंट लगी दो सोने की चेन और एक आर्टिफिशियल चेन मिली।
गाजियाबाद निवासी राजबाला ने छोटी डायमंड पेंडेंट वाली चेन को अपना बताया। महावीर चौक निवासी रेनू ने आर्टिफिशियल चेन को अपनी बताया। उन्होंने लंबा डायमंड लाकेट लगी तीसरी चेन को अलीगढ़ निवासी मीरा अग्रवाल की बताया।
यह भी पढ़ें- मुजफ्फरनगर: SOG बताकर आश्रम में घुसे बदमाश, साधु को बंधक बनाकर लूट; महंत को दी एनकाउंटर की धमकी
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।