मुजफ्फरनगर: SOG बताकर आश्रम में घुसे बदमाश, साधु को बंधक बनाकर लूट; महंत को दी एनकाउंटर की धमकी
मुजफ्फरनगर के शुकतीर्थ स्थित एक आश्रम में रविवार रात स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने खुद को एसओजी प्रभारी बताकर प्रवेश किया। ...और पढ़ें

वारदात के बाद थाने पहुंचे साधु।
HighLights
महंत को एनकाउंटर की धमकी देकर अपहरण का प्रयास।
मुजफ्फरनगर पुलिस ने शुरू की मामले की जांच।
संवाद सूत्र, भोपा (मुजफ्फरनगर)। तीर्थ नगरी शुकतीर्थ स्थित श्री पंचदशनाम संन्यास आश्रम नागा बाबा टिल्ला में रविवार देर रात स्कॉर्पियो सवार लोगों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया। खुद को सहारनपुर एसओजी प्रभारी बताकर आश्रम में घुसे आरोपितों ने बुजुर्ग साधु और सेवक को एक कमरे में बंधक बना लिया। इसके बाद महंत के कमरे की तलाशी लेकर बैग में रखे 75 हजार रुपये चोरी कर लिए।
विरोध करने पर महंत को एनकाउंटर की धमकी दी और जबरन कार में बैठाने का प्रयास किया। किसी तरह आरोपितों के चंगुल से निकलकर महंत ने डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपित फरार हो गए। घटना से संत समाज में रोष है। महंत ने संतों के साथ थाने पहुंचकर तहरीर देते हुए आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई और आश्रम की सुरक्षा की मांग की है।
आश्रम के महंत जयदेव गिरी महाराज ने दी तहरीर में बताया कि रविवार देर रात काले रंग की नई स्कॉर्पियो में सवार होकर कुछ लोग आश्रम पहुंचे। कार पर लाल रंग की एएफ लिखी चिट लगी हुई थी। कार सवारों में शामिल एक व्यक्ति को वह पहले से जानते थे, जिसके चलते उन्होंने आश्रम का गेट खोल दिया। आरोप है कि अंदर आते ही एक व्यक्ति ने खुद को सहारनपुर एसओजी प्रभारी बताते हुए रौब गांठना शुरू कर दिया।
इसके बाद बुजुर्ग साधु भोला गिरी महाराज और सेवक बिजेंद्र को दूसरे कमरे में बंद कर दिया। आरोपितों ने महंत के कमरे की तलाशी लेनी शुरू कर दी। महंत ने इसका विरोध किया तो खुद को एसओजी प्रभारी बताने वाले व्यक्ति ने आश्रम में असलहा होने की बात कहकर गाड़ी से पिस्टल लाने और एनकाउंटर करने की धमकी दी। इसी दौरान आरोपित कमरे में रखे बैग से 75 हजार रुपये निकालकर ले गए।
इसके बाद महंत को जबरन स्कॉर्पियो में बैठाने का प्रयास किया। महंत किसी तरह उनके चंगुल से छूटकर पुलिस चौकी की ओर भागे, लेकिन वहां कोई पुलिसकर्मी नहीं मिला। इस पर उन्होंने डायल-112 पर फोन कर घटना की सूचना दी। पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपित मौके से फरार हो चुके थे। सीओ भोपा राधारमण सिंह ने बताया कि घटना उनके संज्ञान में नहीं आई है। मामला गंभीर है। जांच-पड़ताल के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।