मुजफ्फरनगर में पीडब्ल्यूडी की सड़क अंगुली से उखड़ी, विधायक ने देखी निर्माण में भारी अनियमितता
मुजफ्फरनगर के कमालपुर गांव में पीडब्ल्यूडी द्वारा बनाई गई सड़क अगले ही दिन अंगुली से उखड़ने लगी। ग्रामीणों ने विधायक राजपाल सिंह बालियान को बुलाकर खराब गुणवत्ता दिखाई, जिसके बाद विधायक ने प्रमुख सचिव से शिकायत की।

मुजफ्फरनगर के गांव कमालपुर में बनी सड़क को देखते विधायक राजपाल सिंह बालियान। वीडिया ग्रैब
HighLights
पीडब्ल्यूडी की सड़क अगले ही दिन अंगुली से उखड़ने लगी।
ग्रामीणों ने विधायक राजपाल सिंह बालियान को मौके पर बुलाया।
विधायक ने खराब गुणवत्ता देख प्रमुख सचिव से शिकायत की।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरनगर। शाहपुर क्षेत्र के गांव कमालपुर में सड़क निर्माण में भारी अनियमितता का मामला सामने आया है। पीडब्ल्यूडी की ओर से बनाई गई सड़क अगले दिन ही अंगुली से उखड़ती चली गई। ग्रामीणों ने रालोद विधानमंडल दल के नेता (बुढ़ाना विधायक) राजपाल सिंह बालियान को मौके पर बुलाकर सड़क की गुणवत्ता दिखाई। विधायक ने फोन पर एक्सईएन को फटकार लगाई और प्रमुख सचिव से शिकायत की।
कमलापुर में कैलाश सिंह के बाग से गांव तक सड़क टूटी हुई थी। नौ माह पूर्व विधायक राजपाल सिंह बालियान ने शासन को इसका प्रस्ताव भेजा था। शासन से पीडब्ल्यूडी को सड़क निर्माण की स्वीकृति हुई थी। आठ माह पूर्व इसका टेंडर जारी हुई। इसके बाद सड़क को उखाड़ दिया गया। इस पर रोड़ी और डस्ट डाला गया। सात माह तक ग्रामीणों को परेशानी झेलनी पड़ी। नवंबर माह के प्रथम सप्ताह तक सड़क बननी थी।
ग्रामीणों ने आक्रोश जताते हुए जल्द निर्माण की मांग की। जिसके चलते एक किमी लंबी सड़क पर 23 नवंबर को ठेकेदार ने तारकोल डालकर निर्माण कार्य किया। शाम के समय जब ग्रामीण खेतों पर गए तो सड़क की गुणवत्ता देख स्थानीय विधायक को फोन कर मंगलवार को आने को कहा। मंगलवार को विधायक गांव पहुंचे और सड़क की गुणवत्ता परखी।
राजपाल सिंह बालियान ने बताया कि सड़क इतनी घटिया बनाई है कि अंगुली और जूते की नोक से उखड़ती चली गई। सड़क निर्माण में मानकों की अनदेखी की गई है। सड़क निर्माण के दौरान मिट्टी भी नहीं हटाई गई। एक्सईएन से सख्त नाराजगी जताई है। इसमें अधिकारी और ठेकेदार की मिलीभगत है। प्रमुख सचिव से दूरभाष पर शिकायत की है।
ग्रामीणों ने सात माह झेली परेशानी
गांव के बलजोर सिंह और अमित कुमार ने बताया कि सात माह पहले इस मार्ग को तोड़कर पत्थर डाल दिए थे। तब ठेकेदार ने कहा था कि एक माह से पहले सड़क बना देंगे, लेकिन सात माह तक सुध नहीं ली गई। सड़क पर घास जम गई।
बाद में आनन-फानन में पत्थरों पर मिट्टी डालकर निर्माण कार्य पूर्ण दर्शा दिया। यह सड़क एक माह भी नहीं चलेगी। यह सरकारी धन का दुरुपयोग है, जिसकी गहनता से जांच होनी चाहिए और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
एक दिन पहले ही कमालपुर की सड़क बनाई गई है। सेट होने में समय लगता है। अवर अभियंता को भेजकर जांच कराई गई है। विधायक ने शिकायत की है। इसकी विस्तृत जांच कराई जाएगी।
-अनिल कुमार राणा, एक्सईएन पीडब्ल्यूडी
यह भी पढ़ें- मुजफ्फरनगर में मंडलायुक्त की मुहर लगने पर शुरू होंगे 70 करोड़ रुपये के काम, पास होने के बाद निकलेंगे टेंडर
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।