मुजफ्फरनगर में मंडलायुक्त की मुहर लगने पर शुरू होंगे 70 करोड़ रुपये के काम, पास होने के बाद निकलेंगे टेंडर
मुजफ्फरनगर पालिका के 70 करोड़ रुपये के विकास कार्य मंडलायुक्त की मुहर लगने के बाद शुरू होंगे, जिसमें निर्माण और लाइटों की खरीद शामिल है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरनगर। शहर समेत सीमा विस्तारित क्षेत्रों में विकास के कार्यों की रफ्तार मंडलायुक्त की मुहर लगने के बाद बढ़ेगी। पालिका ने छह नवंबर को हुई बोर्ड बैठक की प्रोसेडिंग मंडलायुक्त को भेजने की तैयारी की है। वहां से मुहर लगने के बाद पालिका लगभग 70 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को करा सकेगी। इनमें निर्माण समेत लाइटों की खरीद शामिल है। हालांकि पिछली बोर्ड बैठक के प्रस्तावों के कार्य की निविदा छोड़ी जा चुकी है।
नगर पालिका ने छह नवंबर को बोर्ड बैठक में 70 करोड़ रुपये के 350 से अधिक विकास व निर्माण कार्य पारित किए थे। यह कार्य मंडलायुक्त की मुहर लगने के बाद आरंभ हो सकेंगे। इसके लिए पालिका ने प्रोसेडिंग फाइल मंडलायुक्त कार्यालय भेजने की तैयारी की है।
नोटिंग के बाद आगे बढ़ी फाइल
अधिशासी अधिकारी पवन कुमार ने एक-एक प्रस्ताव पर नोटिंग करने के बाद फाइल को आगे बढ़ाया है। निर्माण कार्यों के साथ वहलना चौक, रेलवे रोड तिराहा का नामकरण मुख्य मुद्दा है। इसकी हरी झंडी मिलने के बाद पालिका अगला कदम उठाएगी।
पालिका प्रशासन का प्रयास है कि दिसंबर माह में सभी निर्माण कार्य आरंभ कराए जा सकें। इसके लिए पालिकाध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने भी अधिकारियों को तत्काल सभी कार्यों की निविदा छोड़ने की तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। मंडलायुक्त के यहां से प्रोसेडिंग पास होकर आते ही तुरंत निविदा छोड़ी जाएंगी।
शहर को चमकाने के लिए पालिका 9.81 लाख रुपये में 45 वाट की 520 और 60 वाट की 300 तथा 72 वाट की 270 और 90 वाट की 240 एलईडी लाइटों की खरीद करेगी। हाईमास्ट लाइट, फैंसी पोल और डेकोरेटिव लाइट को भी वार्डों में लगाई जा सकेंगी।
पुराने कार्यों की निविदा छोड़ी जा चुकी है। छह नवंबर को हुई बैठक के प्रस्तावों पर शीघ्र कार्य शुरू हो जाएगा। इनमें लाइटों की खरीद से लेकर निर्माण कार्य भी शामिल हैं। पूर्व में छोड़ी गई निविदा के सभी कार्य तेजी के साथ शुरू कराए जा रहे हैं।
-पवन कुमार, ईओ, नगर पालिका, मुजफ्फरनगर
यह भी पढ़ें- अमराेहा में मुजफ्फरनगर का जलवा: मिस्टर यूपी बॉडी बिल्डिंग में सुमित ने जीता गोल्ड, जिले का नाम रोशन
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।