विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कंबोडिया से चल रहा था साइबर ठगी का नेटवर्क, मुजफ्फरनगर पुलिस ने सिम डिस्ट्रीब्यूटर समेत 3 को दबोचा

Published: Fri, 20 Nov 2026 09:41 PM (GMT+05:30)

मुजफ्फरनगर पुलिस ने डिजिटल अरेस्ट साइबर ठगी का खुलासा करते हुए अमरोहा से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस गिरोह का सरगना कंबोडिया से व्हाट्सएप के जरिए ठगी कर रहा था।

मुजफ्फरनगर के पुलिस लाइन में पकड़े गए आरोपितों के बारे में जानकारी देते SSP सूरज कुमार राय।

मुजफ्फरनगर के पुलिस लाइन में पकड़े गए आरोपितों के बारे में जानकारी देते SSP सूरज कुमार राय।

HighLights

  1. मुजफ्फरनगर पुलिस ने डिजिटल अरेस्ट ठगी का किया खुलासा।

  2. कंबोडिया से संचालित साइबर ठगी गिरोह के तीन सदस्य गिरफ्तार।

  3. सेवानिवृत्त कर्मचारी से 20 लाख रुपये से अधिक की ठगी।

संवाद सहयोगी, मुजफ्फरनगर। दमकल विभाग के सेवानिवृत्त कर्मचारी अशरफ अली को डिजिटल अरेस्ट करने की घटना का राजफाश करते हुए पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। प्रकरण में अमरोहा निवासी मोबाइल सिम डिस्ट्रीब्यूटर सहित तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया गया।

घटना में प्रयुक्त 10 मोबाइल और चार सिमकार्ड बरामद किए। गिरोह का सरगना कंबोडिया में बैठकर वाट्सएप से साइबर ठगी कर रहा था। पकड़े गए तीनों आरोपित उसकी मदद करते थे।

दमकल विभाग के रिटायर्ड कर्मचारी को रखा डिजिटल अरेस्ट

एसएसपी सूरज कुमार राय ने शुक्रवार को पुलिस लाइन सभागार में प्रेसवार्ता में बताया कि दमकल विभाग से सेवानिवृत्त कर्मचारी शाहपुर निवासी अशरफ अली को फर्जी एनआईए व एटीएस अधिकारी ने नौ दिन तक डिजिटल अरेस्ट करके 20 लाख 94 हजार 900 रुपये की ठगी की थी। 15 अक्टूबर को दर्ज मुकदमे की जांच साइबर थाना प्रभारी कर्मवीर सिंह ने की।

डिजिटल अरेस्ट की घटना में इस्तेमाल अधिकांश सिमकार्ड अमरोहा जनपद से जारी व इस्तेमाल किए गए। उनके वाट्सएप कंबोडिया से संचालित हो रहे थे। ठगी में इस्तेमाल प्रत्येक सिमकार्ड पर 15 से 16 अलग-अलग आइएमईआइ नंबर संचालित हुए थे।

सिमकार्ड से मिला डाटा

विभिन्न मोबाइल फोन कंपनियों के कुल 49 आईएमईआई नंबरों की जांच में करीब 8,223 सिमकार्ड का डाटा मिला। जांच में वीआई (वोडाफोन आइडिया) कंपनी के 2550, एयरटेल के 1035 और जियो के 63 सिमकार्ड समेत कुल 3,648 यूनिक सिमकार्ड इन मोबाइलों में इस्तेमाल किए गए।

अमरोहा जनपद के गांव मुकीमपुरा निवासी अंकुश सैनी, जयओम नगर निवासी अक्षय अग्रवाल और मुहल्ला नियारियान निवासी अब्दुल मलिक को गिरफ्तार किया। यह गिरोह अमरोहा के भोले-भाले लोगों को राशन, बीमा, सरकारी योजनाओं और एनजीओ ''सवनीर फाउंडेशन'' के नाम पर आर्थिक सहायता दिलाने का झांसा देकर केवाईसी कराकर उनकी आईडी पर सिमकार्ड लेते थे। सिमकार्ड को डिस्ट्रीब्यूटर अक्षय अग्रवाल तक पहुंचाते थे।

वह सिमकार्ड को अपने यहां काम करने वाले एयरटेल, जियो, वीआइ और बीएसएनएल के पीओएस एजेंट अब्दुल मलिक को देता था। अब्दुल अपनी मां और परिचितों की आइडी की मदद से इन सिमों पर काल कर उन्हें एक्टिवेट कर अक्षय को देता था। अक्षय अपने साथी मोनू को देता था। मोनू अपने मौसेरे भाई अंकुश सैनी को 150 रुपये प्रति सिम के हिसाब से बेचता था।

इन सिमों का इस्तेमाल कर विभिन्न प्लेटफार्म के ओटीपी हासिल किए जाते थे और वाट्सएप ग्रुपों के माध्यम से कंबोडिया में बैठे साइबर अपराधियों को ओटीपी बेचे जाते थे। अंकुश सैनी के मोबाइल फोन में ओटीपी खरीदने और बेचने से संबंधित आनलाइन शॉपिंग, आनलाइन गेमिंग आदि के ''न्यूस्टाक'' नाम के दो वाट्सएप ग्रुप मिले, जिसमें करीब 2700 मोबाइल नंबर दर्ज थे।

अमेजन-फ्लिपकार्ट समेत कई को बनाते थे निशाना‌

डिजिटल अरेस्ट की घटना में इस्तेमाल मोबाइल नंबरों के वाट्सएप अंकुश ने साइबर अपराधियों को 300 रुपये प्रति ओटीपी के हिसाब से बेचे थे। मिलने वाली रकम दोस्त या जनसेवा केंद्र संचालक के खाते में मंगवाता था। यह गिरोह अमेजन-फ्लिपकार्ट, ब्लिंकिट और जोमैटो तक को निशाना बना रहे थे।

खरीदे ओटीपी का इस्तेमाल डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन गेमिंग, हनीट्रैप और निवेश के नाम पर ठगी करने में किया जाता था। दो आरोपित अभी फरार हैं। आरोपितों को जेल भेज दिया गया।

यह भी पढ़ें- बागपत: पाकिस्तानी आतंकी शहजाद भट्टी को Instagram पर फॉलो करने वाले छात्र से सुरक्षा एजेंसियों ने की पूछताछ

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।