विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बागपत: पाकिस्तानी आतंकी शहजाद भट्टी को Instagram पर फॉलो करने वाले छात्र से सुरक्षा एजेंसियों ने की पूछताछ

Published: Fri, 20 Nov 2026 09:30 PM (IST)

बागपत में 12वीं के छात्र से सुरक्षा एजेंसियों ने इंस्टाग्राम पर पाकिस्तानी आतंकी को फॉलो करने के मामले में पूछताछ की। 

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल GEMINI की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल GEMINI की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. 12वीं के छात्र ने इंस्टाग्राम पर पाकिस्तानी आतंकी को फॉलो किया।

  2. सुरक्षा एजेंसियों ने छात्र से दो दिन तक गहन पूछताछ की।

  3. जांच में संदिग्ध गतिविधि नहीं मिली, पर निगरानी कार्ड बना।

जागरण संवाददाता, बड़ौत(बागपत)। इंस्टाग्राम पर पाकिस्तानी आतंकी शहजाद भट्टी को फॉलो करना कक्षा 12 के एक छात्र को भारी पड़ गया। खुफिया एजेंसियों की नजर में आए 17 वर्षीय किशोर से एटीएस मेरठ समेत कई सुरक्षा एजेंसियों ने लगातार दो दिन तक पूछताछ की। उसका मोबाइल फोन कब्जे में लेकर डिजिटल गतिविधियों और इंटरनेट मीडिया अकाउंट की पड़ताल की गई। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया कि छात्र को गिरफ्तार नहीं किया गया है और जांच में उसकी किसी संदिग्ध गतिविधि में संलिप्तता सामने नहीं आई है।

पुलिस के अनुसार स्थानीय अभिसूचना इकाई (एलआइयू) को मिले इनपुट के आधार पर शहर के एक मुहल्ले में रहने वाले किशोर की गतिविधियां जांच के दायरे में आई थीं। किशोर शहर के नजदीक एक स्कूल में कक्षा 12 का छात्र है। उसके इंस्टाग्राम अकाउंट के विश्लेषण में पाकिस्तान के आतंकी शहजाद भट्टी को फालो करने की जानकारी सामने आई थी। इसके बाद स्थानीय अभिसूचना इकाई, विशेष अभिसूचना विभाग और एटीएस मेरठ समेत संबंधित एजेंसियों ने उसे पूछताछ के लिए बुलाया।

एजेंसियों ने किशोर का मोबाइल फोन लेकर उसकी इंटरनेट मीडिया गतिविधियों, सर्च हिस्ट्री और अन्य डिजिटल जानकारियों की जांच की। दो दिनों तक कई घंटे चली पूछताछ में उससे आतंकी को फालो करने के कारण और इंटरनेट मीडिया पर उसकी गतिविधियों को लेकर सवाल किए गए। जांच के दौरान किसी आतंकी नेटवर्क से संपर्क या किसी संदिग्ध गतिविधि में शामिल होने की पुष्टि नहीं हुई।

उधर, मामला सामने आने के बाद शुक्रवार को शहर में आतंकी पकड़े जाने की चर्चा फैल गई। इंटरनेट मीडिया पर भी आतंकी की गिरफ्तारी को लेकर अफवाह उड़ती रही। दोपहर बाद पुलिस ने जांच के बाद स्पष्ट किया कि यह किसी आतंकी की गिरफ्तारी का मामला नहीं है। एएसपी प्रवीण चौहान ने बताया कि संबंधित की पहचान कर उससे पूछताछ और जांच की गई है। फिलहाल उसकी किसी अवांछनीय गतिविधि में संलिप्तता नहीं मिली है।

एहतियात के तौर पर स्थानीय अभिसूचना इकाई में उसका निगरानी कार्ड प्रचलित किया गया है, ताकि उसकी गतिविधियों पर नजर रखी जा सके। फिलहाल उसे छोड़ दिया गया है। हालांकि, एक नाबालिग छात्र के इंटरनेट मीडिया अकाउंट पर पाकिस्तानी आतंकी की मौजूदगी और उसके बाद सुरक्षा एजेंसियों की सक्रियता ने डिजिटल गतिविधियों की निगरानी को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।