मुजफ्फरनगर में मंढे की दावत में गाजर का हलवा खाकर 140 से ज्यादा लोग बीमार, कई मेरठ रेफर
मुजफ्फरनगर के नगवा गांव में एक मंढे की दावत में गाजर का हलवा खाने के बाद 140 से अधिक ग्रामीण बीमार पड़ गए।

बीमार बच्चे सोनू व मोनू उपचार के बाद आराम करते हुए और बुढ़ाना के नगवा गांव में ग्रामीणों के स्वास्थ की जांच के दौरान टीम
HighLights
मुजफ्फरनगर के नगवा गांव में 140 लोग बीमार पड़े।
मंढे की दावत में गाजर का हलवा खाने से तबीयत बिगड़ी।
कई मरीजों को मेरठ रेफर किया गया, जांच जारी।
संवाद सूत्र, मुजफ्फरनगर। नगवा गांव में मंढे की दावत में गाजर का हलवा खाने के बाद 140 से अधिक ग्रामीणों की तबीयत बिगड़ गई। महिलाओं और बच्चों समेत बड़ी संख्या में लोगों को उल्टी, दस्त और पेट दर्द की शिकायत हुई। एक साथ इतने लोगों के बीमार होने से गांव में अफरातफरी मच गई।
मरीजों को अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें कई की हालत गंभीर होने पर उन्हें मेरठ रेफर करना पड़ा। घटना की जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य विभाग और खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमें भी गांव पहुंच गईं।
गांव नगवा निवासी पवन सिंह के पुत्र अनंत कुमार की रविवार को शादी होनी है। शादी से पहले शुक्रवार शाम को मंढे की दावत का आयोजन किया गया था। इसमें गांव और आसपास के लोगों ने भोजन किया। खाने में अन्य व्यंजनों के साथ गाजर का हलवा भी परोसा गया था।
ग्रामीणों के अनुसार भोजन करने के कुछ घंटे बाद ही लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी। शुरुआत में कुछ लोगों को उल्टी और पेट दर्द की शिकायत हुई, लेकिन धीरे-धीरे बीमार होने वालों की संख्या बढ़ती चली गई। बताया जा रहा है कि हलवा खाने वाले अधिकांश लोगों की तबीयत खराब हुई।
ग्रामीणों ने बीमार लोगों को बुढ़ाना के अवेंटिस अस्पताल में भर्ती कराया। कई मरीजों की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए मेरठ रेफर कर दिया। वहीं, जन्मजेय प्रताप, सुमित, मानवी, अरमान, शगुन, अमरजीत, हरिओम, आयुष, अवनी, पूनम, अवि, सोनू, मोनू और मुकेश समेत कई मरीजों को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
हलवे में कच्चा रिफाइंड तेल डालने का आरोप
ग्रामीण चंद्रपाल व अन्य ने हलवाई पर गाजर के हलवे में कच्चा रिफाइंड तेल डालने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि हलवा खाने के बाद ही लोगों की तबीयत बिगड़ी। हालांकि बीमारी की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।
यह भी पढ़ें- मुजफ्फरनगर: दुल्हन की विदाई में बरातियों ने चलाए पटाखे, चिंगारी से बारदाने के गोदाम में लगी भीषण आग
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने गांव पहुंचकर दावत में तैयार किए गए विभिन्न व्यंजनों के नमूने एकत्र किए हैं। इन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। अधिकारियों के अनुसार, जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि भोजन में किस वजह से खराबी आई और इतने लोग बीमार कैसे हुए।
गांव में करीब 140 लोगों की तबीयत खराब होने की जानकारी मिली थी। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। कुछ मरीज निजी अस्पतालों में उपचार करा रहे हैं। फिलहाल सभी की स्थिति सामान्य है। फूड इंस्पेक्टर को भोजन के नमूने लेकर जांच करने के निर्देश दिए गए हैं।- डॉ. सुनील तेवतिया, सीएमओ
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।