विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शुकतीर्थ में मोहन भागवत का ऐतिहासिक प्रवास, राष्ट्रवाद और सनातन चेतना को मिलेगा बल

Published: Mon, 23 Nov 2026 12:19 AM (IST)

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत का शुकतीर्थ प्रवास पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सनातन चेतना और राष्ट्रवाद के जागरण के लिए महत्वपूर्ण है।

शुकतीर्थ स्थित शुकदेव आश्रम में पहुंचे संघ प्रमुख डा. मोहन भागवत साथ में शुकदेव के पीठाधीश्वर स्वामी ओमानंद महाराज व अन्य लोग। जागरण

शुकतीर्थ स्थित शुकदेव आश्रम में पहुंचे संघ प्रमुख डा. मोहन भागवत साथ में शुकदेव के पीठाधीश्वर स्वामी ओमानंद महाराज व अन्य लोग। जागरण

HighLights

  1. मोहन भागवत का शुकतीर्थ में दो दिवसीय महत्वपूर्ण प्रवास।

  2. 65 वर्षों में किसी अति विशिष्ट व्यक्ति का पहला रात्रि विश्राम।

  3. पश्चिमी यूपी में सनातन चेतना और राष्ट्रवाद के जागरण का लक्ष्य।

आशु सिंह, मुजफ्फरनगर। भागवत भूमि पर राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत का आगमन सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक दृष्टि से पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण है। शुकतीर्थ संघ के उन केंद्रों में शामिल है जहां अगले 10 वर्षों में सनातन चेतना और राष्ट्रवाद का जागरण होना है।

हस्तिनापुर, विदुर कुटी, शाकंभरी देवी मंदिर और शुकतीर्थ को संघ ने श्रद्धा, भक्ति, आस्था के बड़े केंद्र के रूप में प्रख्यात करने की योजना पर काम शुरू कर दिया है। यही कारण है कि भागवत कथा की उद्गम स्थली शुकतीर्थ में देर से ही सही लेकिन संघ प्रमुख आए। न केवल उनका आगमन हुआ बल्कि वे पिछले कई वर्षों में पहले ऐसे अतिविशिष्ट अतिथि हैं जिन्होंने शुकतीर्थ में रात्रि प्रवास किया।

यह वही भूमि है जहां महाभारत के अंतिम राजा परीक्षित को शुकदेव मुनि ने प्रथम बार श्रीमद्भागवत कथा सुनाई। पांच हजार वर्ष पूर्व आरंभ हुई कथावाचन की यह परंपरा अनवरत जारी है। शुकतीर्थ में न केवल पश्चिमी उत्तर प्रदेश बल्कि देशभर से सनातनी आते हैं और कई दिन प्रवास कर कथा भागवत का रसपान करते हैं। यहां आने वाले श्रद्धालुओं में लगभग 30 प्रतिशत संख्या गुजरात और महाराष्ट्र के लोगों की है।

वर्ष 1920-30 में एक-दो गुजराती-मराठी तीर्थ यात्रियों से शुरू हुआ यह क्रम अब हजारों-लाखों श्रद्धालुओं तक पहुंच चुका है। गुजरात के प्रसिद्ध कथावाचक रामचंद्र केशव डोंगरे ने भी अंतिम कथा वर्ष 1990 में इसी पवित्र धरा पर कही थी। मोरारी बापू यहां अब तक छह कथा कर चुके। सरसंघचालक का यह दो दिवसीय प्रवास पूरे देश में संदेश देने का काम करेगा।

शुकतीर्थ में संघ के कार्यक्रमों ने पिछले 10 वर्षों में गति पकड़ी है। दिवंगत पद्मश्री दर्शनलाल जैन संघ और शुकतीर्थ के संतों में समन्वय के प्रथम सूत्रधार रहे। दर्शनलाल जैन स्वामी कल्याणदेव के अनन्य भक्त थे। उन्होंने स्वामी जी के कार्यों को संघ के शीर्ष पदाधिकारियों तक दृढ़ता से पहुंचाया।

महाराष्ट्र के भक्त से भिजवाया संदेश

कार्तिक पूर्णिमा और गंगा स्नान मेले का अवसर। पुलिस-प्रशासन की पहले ही परीक्षा चल रही और ऐसे समय में सरसंघचालक के आगमन का संयोग यूं ही नहीं बना। इसके पीछे शुकदेव आश्रम के पीठाधीश्वर स्वामी ओमानंद सरस्वती महाराज का स्नेहपूर्ण निमंत्रण है।

उनकी इच्छा थी कि राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के सरसंघचालक भागवत भूमि पर आएं। इसके लिए वे काफी पहले से प्रयासरत थे, लेकिन संयोग नहीं बन पा रहा था। उन्होंने महाराष्ट्र के भक्त से अपना संदेश मोहन भागवत तक पहुंचाया और तब यह कार्यक्रम बना।

65 वर्षों में पहली बार किसी अति विशिष्टजन का रात्रि प्रवास

65 वर्षों में ऐसा पहली बार हो रहा है कि कोई अति विशिष्ट हस्ती शुकतीर्थ में रात्रि विश्राम करेगी। वर्ष 1959 में अंतिम बार उप्र के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. संपूर्णानंद ने यहां रात्रि प्रवास किया था। तब यहां रात्रि में अंधेरा देखकर उन्होंने बिजली की स्थायी व्यवस्था कराई थी। डॉ. मोहन भागवत का दो दिन का प्रवास इस दृष्टि से भी इस क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण है।

यह भी पढ़ें- 'नीति और नीयत साफ होगी तो हर लक्ष्य प्राप्त होगा'; शुकतीर्थ में बोले मोहन भागवत

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।