'नीति और नीयत साफ होगी तो हर लक्ष्य प्राप्त होगा'; शुकतीर्थ में बोले मोहन भागवत
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत ने शुकतीर्थ में कहा कि नीति और नीयत साफ होने पर हर लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।

शुकतीर्थ स्थित शुकदेव आश्रम में वीतराग स्वामी कल्याण देव महाराज के समाधि मंदिर में नमन करते संघ प्रमुख डा. मोहन भागवत साथ में शुकदेव के पीठाधीश्वर स्वामी ओमानंद महाराज व ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष प्रो. नरेंद्र शर्मा। जागरण
HighLights
मोहन भागवत ने शुकतीर्थ में सनातन संस्कृति का नया अध्याय आरंभ किया।
उन्होंने स्वामी कल्याणदेव की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
संघ प्रमुख ने कहा, नीति और नीयत साफ हो तो लक्ष्य मिलता है।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरनगर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत ने प्रथम बार भागवत भूमि शुकतीर्थ पर कदम रखा तो सनातन संस्कृति के नए अध्याय का आरंभ हुआ। शंखनाद, श्लोक और भारत माता के जयघोष के बीच शुकदेव आश्रम के पीठाधीश्वर स्वामी ओमानंद महाराज ने संघ प्रमुख का अभिनंदन किया।
संघ प्रमुख ने स्वामी जी का चरण वंदन किया। उन्होंने शुकतीर्थ के जीर्णोद्धारक ब्रह्मलीन वीतराग स्वामी कल्याणदेव महाराज के समाधि मंदिर पर पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने आश्रम परिसर स्थित देवीलाल भवन में संघ व आश्रम के पदाधिकारियों से भेंट वार्ता की। इस दौरान मोहन भागवत ने संदेश दिया कि नीति और नीयत साफ होगी तो हर लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि उन्हें शुकतीर्थ आकर बहुत प्रसन्नता हो रही है। स्थानीय संघ पदाधिकारियों से कहा कि जो दायित्व मिला है उसका निष्ठा से निर्वहन करें।
रविवार शाम 6.25 बजे कड़ी सुरक्षा के बीच डॉ. मोहन भागवत पौराणिक तीर्थनगरी शुकतीर्थ स्थित श्री शुकदेव आश्रम पहुंचे। संघ प्रमुख के आगमन पर पीठाधीश्वर स्वामी ओमानंद महाराज, ट्रस्ट अध्यक्ष एमएल रंगा, महामंत्री केके विज, विधिक सलाहकार बीबी सिंह, ट्रस्टी ओमदत्त आर्य, रमेश मलिक और संयोजक एवं कोषाध्यक्ष प्रो. नरेंद्र शर्मा ने उनका स्वागत किया।
डॉ. भागवत ने समाधि मंदिर में स्वामी कल्याण देव महाराज की समाधि पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान शुकदेव गुरुकुल संस्कृत विद्यालय के 22 बटुक विद्यार्थियों ने शंखनाद श्लोक वाचन किया। आचार्य गिरीशचंद उप्रेती, कथावाचक अचल कृष्ण शास्त्री, सुमन कृष्ण शास्त्री और आशीष माधव शास्त्री ने वैदिक मंत्रोच्चार किया। शंखध्वनि और मंत्रों के बीच आश्रम का वातावरण आध्यात्मिक एवं श्रद्धामय हो उठा।
समाधि मंदिर में श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद संघ प्रमुख ताऊ देवीलाल भवन पहुंचे, जहां उन्होंने उनके साथ रुड़की के कार्यक्रम से आए अखिल भारतीय सह सेवा प्रमुख राजकुमार मटाले, क्षेत्र प्रचारक महेंद्र, उत्तराखंड प्रांत प्रचारक डा. शैलेंद्र और प्रो. नरेंद्र शर्मा व स्थानीय संघ पदाधिकारियों से भेंट वार्ता की। रात्रि भोजन उपरांत आश्रम परिसर में ही विश्राम किया।
आश्रम ट्रस्टी ओमदत्त आर्य ने बताया कि सोमवार सुबह नौ बजे संघ प्रमुख राष्ट्र कल्याण, सुख-समृद्धि और मानव कल्याण की कामना से आश्रम की यज्ञशाला में आयोजित हवन में आहुति देंगे। इसके बाद वे अक्षय वट वृक्ष की परिक्रमा और शुकदेव मंदिर में दर्शन करेंगे।
भगवान वेदव्यास के नवनिर्मित मंदिर एवं मूर्ति का लोकार्पण करेंगे। पौने दस बजे डोंगरे भागवत कथा भवन में कार्यक्रम का शुभारंभ होगा। सुबह 10 बजे निर्माणाधीन भागवत कथा भवन के शिलापट का अनावरण करेंगे।
सवा दस से पौने 11 बजे तक स्वामी ओमानंद महाराज आश्रम का परिचय व स्वागत उद्बोधन देंगे। इसके उपरांत सरसंघचालक का आधा घंटे का प्रोरणाप्रद उद्बोधन एवं मार्गदर्शन होगा। स्वामी कल्याणदेव अभिनंदन ग्रंथ के द्वितीय संस्करण का विमोचन करने के उपरांत साढ़े 11 से 12 बजे तक भोजनकाल रहेगा। इसके बाद दिल्ली के लिए प्रस्थान करने का कार्यक्रम निर्धारित है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।