करवाचौथ पर मुजफ्फरनगर के बाजारों में रौनक, पारंपरिक परिधान और आभूषण खरीद रही महिलाएं
करवाचौथ पर्व नजदीक आते ही मुजफ्फरनगर के बाजारों में रौनक बढ़ गई है, जहां महिलाएं पारंपरिक परिधानों, आभूषणों और सौंदर्य सेवाओं के लिए खरीदारी कर रही हैं।

मुजफ्फरनगर के शिवचौक स्थित दुकान पर करावाचाैथ के पर्व के लिए खरीददारी करती महिलाएं। जागरण
HighLights
मुजफ्फरनगर के बाजारों में करवाचौथ की खरीदारी के लिए भीड़।
ब्यूटी पार्लरों में मेहंदी और डिजाइनर मेकअप की बुकिंग शुरू।
61वीं करवाचौथ मना रहे दंपती सादगी से मनाएंगे पर्व।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरनगर। शहर में करवाचौथ का पर्व नजदीक आते ही बाजारों में रौनक बढ़ने लगी है। सुहागिन महिलाओं के लिए यह पर्व केवल व्रत और पूजा का अवसर नहीं, बल्कि सजने-संवरने, पारंपरिक परिधानों को पहनने और अपने जीवनसाथी के साथ प्रेम के खूबसूरत पलों को संजोने का भी खास मौका है। त्योहार को लेकर बाजार में महिलाओं की पसंद, फैशन के नए ट्रेंड, आकर्षक उपहारों और सौंदर्य प्रसाधनों को लेकर उत्सुकता देखने को मिल रही है। बाजार में महिलाओं की भीड़ बढ़ने से दुकानदारों के चेहरे खिल उठे हैं।
सुहागिन महिलाओं द्वारा पति के दीर्घायु, अच्छे स्वास्थ्य और अखंड सौभाग्य की मनोकामना के पर्व करवाचौथ के उपलक्ष्य में शहर के प्रमुख बाजारों में साड़ियों, डिजाइनर सूट, लहंगों और अन्य पारंपरिक परिधानों की मांग बढ़ गई है। महिलाएं पारंपरिक लाल रंग के साथ-साथ गुलाबी, मैरून, हरे और अन्य आकर्षक रंगों के परिधानों को अधिक पसंद कर रही हैं।
नवविवाहिताओं को विभिन्न सामग्रियां
शिवचौक स्थित ब्यूटी जोन के संचालक आमिर ने बताया कि नवविवाहिताओं को डिजाइनर साड़ियां, हल्के कढ़ाई वाले सूट, इंडो-वेस्टर्न परिधानों और मैचिंग एक्सेसरीज आकर्षित कर रही हैं। बाजार में लाल, हरी कांच की, मेटल की चूड़ियां, मैचिंग कड़े, सिंदूर, पायल, बिंदी, बिछिया तथा मेकअप की विभिन्न सामग्रियों के साथ हाथों पर आकर्षक मेहंदी के डिजाइनों, मेहंदी कोेन, आईलाइनर, नेल पालिश, लिपिस्टिक के साथ ही तैयार मेकअप किट उपलब्ध है।
करवाचौथ पर सोलह शृंगार का विशेष महत्व है। ऐसे में ज्वेलरी बाजार पूरी तरह से तैयार है। सोने और चांदी के आभूषणों के साथ ही आर्टिफिशियल ज्वेलरी, आक्सीडाइज्ड सेट, चूड़ियां, कंगन, मंगलसूत्र तथा हल्के डिजाइन वाले नेकलेस महिलाओं को आकर्षित कर रहे हैं।
करवाचौथ पर सजने-संवरने की तैयारियों में ब्यूटी पार्लर और सैलून संचालकों के पास अभी से बुकिंग होने लगी है। नई मंडी स्थित काव्या ब्यूटी पार्लर की संचालक काव्या शर्मा ने बताया कि हमारे पास फेशियल, हेयर स्टाइलिंग, दुल्हन जैसी मेहंदी की मांग और अन्य सौंदर्य सेवाओं के लिए महिलाएं बुकिंग कराने लगी हैं।
खास बन जाए यह दिन
इसी वर्ष शादी के बंधन में बंधे दीपक कौशिक कहते हैं कि प्यार और विश्वास से भरे करवाचौथ के पर्व पर अपने जीवनसाथी को वह ऐसा उपहार देना चाहते हैं कि यह दिन हम दोनों के लिए खास बन जाए। इसके लिए वे बाजार समेत इंटरनेट मीडिया पर उपहार तलाश रहे हैं।
विशेष उपहार की तलाश
नवविवाहिता शैफाली कहती हैं अपने पति के लिए वे ऐसा उपहार खोज रही हैं कि जो करवाचौथ के पर्व को यादगार बना दें। इसके लिए उन्होंने इंटरनेट पर काफी खोज की है और बाजार में भी विशेष उपहार की तलाश कर रही हैं।
61वीं करवाचौथ पर भी कायम है प्रेम, विश्वास और परंपरा का रिश्ता
मुजफ्फरनगर की इंदिरा कॉलोनी निवासी धर्मपाल और निर्मला देवी इस वर्ष 61वीं करवाचौथ मना रहे हैं। धर्मपाल और निर्मला देवी का कहना है कि वे करवाचौथ का पर्व शुरू से ही सादगी और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाते आ रहे हैं। उनके लिए यह त्योहार केवल व्रत और पूजा तक सीमित नहीं है, बल्कि जीवनभर के साथ, आपसी विश्वास और पारिवारिक संस्कारों को संजोकर अगली पीढ़ी को सांस्कृतिक विरासत संभालने के लिए प्रेरित करने वाला है।
उन्होंने बताया कि समय के साथ करवाचौथ मनाने के तरीकों में काफी बदलाव आया है। बाजार में सजावटी पूजा की थालियों, नए परिधानों, आभूषणों और तरह-तरह के उपहारों की भरमार रहती है, लेकिन वे आज भी इस पर्व को सादगी और परंपरा के अनुसार मनाना पसंद करते हैं। इस बार भी वे बिना किसी दिखावे के पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ करवाचौथ का पर्व मनाएंगे।
