करवाचौथ पर फ्रेंच नोट और कॉपर वर्क साड़ियों का जलवा, महिलाओं को आकर्षित कर रही बाजार में छाई रौनक
मेरठ में करवाचौथ के लिए साड़ियों और सूट का बाजार गुलजार है, जहाँ फ्रेंच नोट और कॉपर वर्क वाली सिल्क साड़ियों की भारी मांग है।

टसर सिल्क की फिगर पॉजीशन वाली साड़ी और कॉपर वर्क वाली साड़ी। जागरण
HighLights
करवाचौथ के लिए मेरठ में साड़ियों और सूट की खरीदारी।
फ्रेंच नोट और कॉपर वर्क सिल्क साड़ियों की भारी मांग।
मेरठ के बाजारों में ग्राहकों की भीड़, कारोबार में वृद्धि।
जागरण संवाददाता, मेरठ। करवाचौथ के लिए महिलाएं तैयारी में जुटी हैं और साड़ी व सूट की खरीदारी कर रही हैं। इस बार सिल्क की साड़ियों में फ्रेंच नोट वर्क, जरी चिकनकारी और कॉपर वर्क की खूब डिमांड है, तो सुंदरता के साथ हल्के वजन को लेकर ओरगेन्जा कपड़े की साड़ियां लुभा रही हैं।
साड़ियों की बिक्री को लेकर कारोबारी भी उत्साहित नजर आ रहे हैं और ग्राहकों की डिमांड को ध्यान में रखते हुए ढेरों डिजाइन की साड़ियां मंगाई हैं। वहीं, सूट, लहंगा, गाउन और इंडो वेस्टर्न ड्रेस खरीदने भी महिलाएं आ रही हैं।
जीआईसी के सामने कल्याणजी साड़ी हो या उत्सव रास शोरूम और आबूलेन, सदर बाजार, गढ़ रोड सभी जगह साड़ियों के शोरूम पर ग्राहकों की भीड़ नजर आ रही है। साड़ियों के साथ उसी डिजाइन का रेडीमेड ब्लाउज ट्रेंडिंग में है। क्योंकि इसमें डबल ब्लाउज होता है।
सूत या रेशम से छोटे-छोटे गांठ वाले डिजाइन
फ्रेंच नोट वर्क वाली साड़ियों सर्वाधिक डिमांड में हैं, इस प्रकार की साड़ियों में बारीक एम्ब्रायडरी होती हैं, जिनमें सूत या रेशम से छोटे-छोटे गांठ वाले डिजाइन बनाए जाते हैं। यह कोलकाता बेस्ड है। वहीं, कॉपर वर्क की साड़ियां अपनी शाही और आधुनिक चमक के लिए बेहद पसंद की जाती हैं।
ये साड़ियां बनारसी, कांजीवरम, साफ्ट सिल्क, काटन सिल्क और टिश्यू जैसे फेब्रिक में आती हैं। इसके अलावा टसर सिल्क की फिगर पाजीशन वाली साड़ियों में पारंपरिक और आधुनिक दोनों डिजाइन पसंद किए जा रहे हैं।
इनमें महल, नर्तकियों, पालकी, हाथी, ऊंट, मोर की आकृतियां पल्लू या बार्डर पर होती हैं। यह हल्की, आरामदायक और नेचुरल चमक वाली होती हैं। महिलाओं को साड़ियों में सबसे ज्यादा रानी, लाल और नीले रंग पसंद आ रहे हैं।
कल्याणजी साड़ी शोरूम के संचालक सम्यक जैन और मैनेजर अनुज शर्मा ने बताया कि साड़ियों में बनारसी सिल्क, हाबूतायी सिल्क, टसर सिल्क, कांजीवरम सिल्क के अलावा ओरगेंजा की ढेरों रेंज मंगाई हैं। ग्राहक लगातार आ रहे हैं, कारोबार अच्छा है। अगले पांच दिनों में कारोबार में और वृद्धि की संभावना है।
क्वालिटी पर निर्भर है दाम
शहर में साड़ियों के प्रमुख शोरूम बेगमपुल से बच्चा पार्क तक, आबूलेन और सदर बाजार के अलावा गढ़ रोड पर हैं। वहीं, शारदा रोड, शास्त्रीनगर, गंगानगर, कंकरखेड़ा के अलावा लालकुर्ती बाजार में भी साड़ियों की अनेक दुकानें हैं। सिल्क, जार्जट के अलावा ओरगेन्जा वाली साड़ियों का दाम डिजाइन, कारीगरी के आधार पर तय होता है।
