विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

करवाचौथ: अलीगढ़ में आर्टिफिशियल ज्वेलरी का जलवा, हैवी से लाइटवेट डिजाइन तक की मांग

Published: Sat, 24 Oct 2026 10:37 AM (IST)

करवाचौथ पर अलीगढ़ के बाजारों में आर्टिफिशियल ज्वेलरी की धूम है, जहां महिलाएं कुंदन, पोल्की, अमेरिकन डायमंड और पर्ल जैसे ...और पढ़ें

रेलवे रोड स्थित दुकान पर चूड़ी पसंद करते महिला, आर्टिफिशियल ज्वेलरी पंसद करतीं विनी। जागरण

रेलवे रोड स्थित दुकान पर चूड़ी पसंद करते महिला, आर्टिफिशियल ज्वेलरी पंसद करतीं विनी। जागरण

HighLights

  1. अलीगढ़ में करवाचौथ पर आर्टिफिशियल ज्वेलरी की भारी मांग।

  2. कुंदन, पोल्की, अमेरिकन डायमंड जैसे डिजाइन महिलाओं को लुभा रहे।

  3. सजी छलनी, दीपक और स्टाइलिश चूड़ियों की भी खूब खरीदारी।

जागरण संवाददाता, अलीगढ़। करवाचौथ पर सोलह शृंगार को खास बनाने के लिए महिलाएं कपड़ों के साथ ज्वेलरी के डिजाइन और रंगों पर भी विशेष ध्यान दे रही हैं। इस बार बाजार में आर्टिफिशियल ज्वेलरी के विभिन्न डिजाइन महिलाओं को आकर्षित कर रहे हैं। कुंदन और पोल्की के हैवी सेट से लेकर अमेरिकन डायमंड, पर्ल और रंग-बिरंगे स्टोन वाली लाइटवेट ज्वेलरी तक की मांग देखने को मिल रही है। महिलाएं अपनी साड़ी, लहंगे और अन्य पारंपरिक परिधानों के साथ मैचिंग ज्वेलरी पसंद कर रही हैं।
शहर के अमीर निशा, रेलवे रोड समेत अन्य बाजारों में आर्टिफिशियल ज्वेलरी की दुकानों पर करवाचौथ की खरीदारी के लिए महिलाएं पहुंच रही हैं। बाजार में पारंपरिक और आधुनिक डिजाइन के कई विकल्प उपलब्ध हैं।

कुंदन और पोल्की के हैवी सेट रायल लुक के लिए पसंद किए जा रहे हैं, वहीं हल्के वजन वाले अमेरिकन डायमंड और पर्ल सेट भी महिलाओं को लुभा रहे हैं। इनकी खासियत यह है कि इन्हें करवाचौथ के साथ अन्य पारिवारिक समारोहों में भी पहना जा सकता है।

पारंपरिक लाल-मैरून के साथ गोल्डन तो पेस्टल परिधानों पर भा रहे पर्ल और सिल्वर सेट

रेलवे रोड स्थित दुकान के संचालक धर्मेश गर्ग ने बताया कि रंगों के हिसाब से ज्वेलरी का चयन भी महिलाओं की पसंद में शामिल है। लाल, मैरून और हरे रंग के परिधानों के साथ गोल्डन टच वाली ज्वेलरी पारंपरिक लुक देती है, जबकि पेस्टल रंगों के कपड़ों के साथ पर्ल और सिल्वर टोन वाले सेट पसंद किए जा रहे हैं। इसके अलावा चोकर, लंबे नेकलेस, झुमके, मांगटीका और मैचिंग चूड़ियों के साथ महिलाएं अपने लुक को पूरा करने के विकल्प तलाश रही हैं।

karwa choth woman saman

रेलवे रोड स्थित दुकान पर चूड़ी पसंद करते महिला। जागरण

दूसरे आयोजनों में इस्तेमाल के लिए हल्के डिजाइन को प्राथमिकता

वहीं दुकानदार इशु सिघंल ने बताया कि बाजार में खरीदारी के दौरान महिलाएं डिजाइन, रंग, वजन और कीमत को ध्यान में रखकर ज्वेलरी चुन रही हैं। कुछ महिलाएं करवाचौथ की पूजा और पारंपरिक परिधानों के लिए हैवी सेट पसंद कर रही हैं, तो कुछ रोजमर्रा और दूसरे आयोजनों में इस्तेमाल के लिए हल्के डिजाइन को प्राथमिकता दे रही हैं।

सजी-धजी छलनी, दीपक और करवा की बढ़ी मांग

पूजन की थाली से लेकर सजी हुई छलनी, आकर्षक दीपक और करवा तक महिलाओं को खूब पसंद आ रहे हैं। कहीं छलनी पर सुंदर सजावट की गई है, तो कहीं रंग-बिरंगे करवा और डिजाइनर दीपक महिलाओं को लुभा रहे हैं। पूजा की परंपरा के साथ खूबसूरती का मेल इन सामानों को खास बना रहा है। महिलाएं अपनी पसंद और पूजा की थाली के हिसाब से इनकी खरीदारी कर रही हैं।

यह भी पढ़ें- करवाचौथ पर अलीगढ़ में चूड़ियों का नया ट्रेंड: मोती जड़े कंगन, फ्लोरल डिजाइन और गोल्डन ब्रेसलेट का जलवा

कंगन और चूड़ियों का बढ़ा क्रेज, हाथों की खूबसूरती बढ़ाएंगे स्टाइलिश डिजाइन

बाजार में पारंपरिक चूड़ियों के साथ स्टाइलिश कंगन और ब्रेसलेट महिलाओं को खूब पसंद आ रहे हैं। कहीं कुंदन और मोती जड़े कंगन आकर्षित कर रहे हैं, तो कहीं गोल्डन और ऑक्सीडाइज्ड डिजाइन फैशन का हिस्सा बन रहे हैं। साड़ी हो या लहंगा, महिलाएं अपने परिधान से मैच करते चूड़ी-कंगन चुन रही हैं। करवाचौथ के खास मौके पर हाथों को खूबसूरत लुक देने के लिए चूड़ियों और कंगनों की खरीदारी भी जोर पकड़ रही है।

यह भी पढ़ें- करवाचौथ स्पेशल सूट से गुलजार सहारनपुर के बाजार, 800 से 1400 रुपये तक की रेंज; महिलाओं की उमड़ी भीड़

करवाचौथ पर हाथों में चूड़ियां और कंगन पहनना सभी को अच्छा लगता है। इस बार महिलाएं ऐसे डिजाइन चुन रही हैं, जो उनकी साड़ी के साथ मैच कर पारंपरिक लुक भी दे रहे हैं।

-

प्रीति गुप्ता, दुर्गाबाड़ी

आजकल चूड़ियों के साथ स्टाइलिश ब्रेसलेट और कंगन का भी काफी क्रेज है। इस बार ज्यादातर महिलाएं डिजाइन पसंद कर रही है। जिन्हें करवाचौथ के अलावा दूसरे मौकों पर भी पहन सकें।

-

उमा, रमेश विहार

करवाचौथ पर सोलह शृंगार में ज्वेलरी की अपनी अलग अहमियत है। इस बार मल्टीकलर और सिल्वर डिजाइन वाली ज्वेलरी ज्यादा पसंद की जा रही है। जो ड्रेस की खूबसूरती ओर भी बढ़ाती हैं।

-

माेनिका अग्रवाल, मैरिस रोड

महिलाएं हर साल करवाचौथ पर कुछ नया पहनना पसंद करती है। इस बार गोल्डन और रंग-बिरंगी चूड़ियों के साथ मैचिंग कंगन महिलाओं को लुभा रहे हैं।

-

मीनू शर्मा, रमेश विहार