करवाचौथ पर अलीगढ़ में चूड़ियों का नया ट्रेंड: मोती जड़े कंगन, फ्लोरल डिजाइन और गोल्डन ब्रेसलेट का जलवा
करवाचौथ पर अलीगढ़ के बाजारों में चूड़ियों का नया ट्रेंड दिख रहा है, जिसमें मोती जड़े कंगन, फ्लोरल डिजाइन और ...और पढ़ें

यह तस्वीर आई द्वारा बनाई गई है।
HighLights
मोती जड़े कंगन और फ्लोरल डिजाइन वाली चूड़ियां ट्रेंड में।
गोल्डन फिनिश वाले ब्रेसलेट पारंपरिक परिधानों संग खूब पसंद।
पारंपरिक और आधुनिक चूड़ियों का आकर्षक मेल महिलाओं को भाया।
जागरण संवाददाता, अलीगढ़। करवाचौथ पर सुहागिनों के शृंगार में चूड़ियों का खास महत्व होता है। इस बार बाजार में पारंपरिक लाल-हरी चूड़ियों के साथ मोती जड़े कंगन, फ्लोरल डिजाइन और गोल्डन फिनिश वाले ब्रेसलेट का नया ट्रेंड देखने को मिल रहा है। महिलाएं अब केवल पारंपरिक चूड़ियों तक सीमित नहीं हैं। वे साड़ी और सूट से मेल खाती चूड़ियां चुनने के साथ ही पारंपरिक और माडर्न लुक का कॉम्बिनेशन भी पसंद कर रही हैं। अमीर निशा, रेलवे रोड और रामघाट रोड समेत शहर के सभी बाजारों में इनकी खूब बिक्री हो रही है।
रामघाट रोड स्थित श्रीजी शृंगार के संचालक प्रांजुल बंसल ने बताया कि इस बार बाजार में चूड़ियों के डिजाइन और स्टाइल में कई नए प्रयोग देखने को मिल रहे हैं।
मोतियों से सजे कंगन शृंगार को आकर्षक बना रहे हैं, वहीं फ्लोरल डिजाइन वाली चूड़ियां महिलाओं को अलग लुक दे रही हैं। गोल्डन फिनिश वाले ब्रेसलेट भी पारंपरिक परिधानों के साथ खूब पसंद किए जा रहे हैं। महिलाएं अपनी पसंद और पहनावे के अनुसार चूड़ियों के सेट तैयार करवा रही हैं, ताकि करवाचौथ पर उनका शृंगार खास नजर आए।
लाल-हरी चूड़ियों के साथ पारंपरिक और माडर्न डिजाइन का काम्बिनेशन महिलाओं को भा रहा है
दुकानदार शिवांगी ने बताया कि करवाचौथ की तैयारियों के बीच महिलाएं बाजारों में चूड़ियां और कंगन खरीद रही हैं। साड़ी और सूट के रंगों से मेल खाते डिजाइन के साथ ही ऐसी चूड़ियां भी तलाश रही हैं, जिन्हें त्योहार के बाद दूसरे अवसरों पर पहना जा सके। फैशन के बदलते अंदाज के बीच पारंपरिक लाल-हरी चूड़ियों का आकर्षण बरकरार है। महिलाएं इनके साथ नए डिजाइन के कंगन और ब्रेसलेट जोड़कर अपने शृंगार को नया रूप दे रही हैं।
हैवी कंगन के साथ चूड़ियों का सेट बहुत आकर्षक लगता है। यह सूट और साड़ी, दोनों के साथ स्टाइलिश लुक देता है।
आशा अग्रवाल, सुदामा पुरी
कई तरह की चूड़ियों के सेट मिलाकर हाथों के लिए सुंदर सेट बनाकर पहनना बहुत आकर्षक लगता है। यह हर फंक्शन में अच्छा लगता है।
अर्चना शर्मा, विष्णु पुरी
