विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

माउंट एवरेस्ट लांघकर मुजफ्फरनगर पहुंचे 20 हजार विदेशी परिंदे, हैदरपुर वेटलैंड में पक्षी-डॉल्फिन का बना आशियाना

Published: Sun, 29 Nov 2026 09:10 PM (IST)

मुजफ्फरनगर स्थित हैदरपुर वेटलैंड में माउंट एवरेस्ट पार कर चीन और मंगोलिया से 20 हजार से अधिक प्रवासी पक्षी पहुंचे हैं, जो पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।

हैदरपुर वेटलैंड में अटखेली करते प्रवासी पक्षी ग्रेलेग गूज। फोटो जागरण

हैदरपुर वेटलैंड में अटखेली करते प्रवासी पक्षी ग्रेलेग गूज। फोटो जागरण

HighLights

  1. माउंट एवरेस्ट पार कर पहुंचे 20 हजार प्रवासी पक्षी।

  2. हैदरपुर वेटलैंड में 333 पक्षी प्रजातियां और जलीय जीव।

  3. पर्यटकों के लिए ई-रिक्शा, दूरबीन और सारस कैफे की सुविधा।

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश की 10वीं रामसर साइट हैदरपुर वेटलैंड इन दिनों प्रकृतिप्रेमियों और सैलानियों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट को लांघकर पहुंचे करीब 20 हजार प्रवासी पक्षियों को देखने के लिए यहां पर्यटकों की संख्या बढ़ गई है।

सैलानियों को हैदरपुर वेटलैंड की सैर कराने के लिए स्थानीय युवाओं की इको डेवलपमेंट कमेटी (ईडीसी) ने खास व्यवस्था की है। पर्यटकों को घूमने के लिए यहां ई-रिक्शा, साइकिल की व्यवस्था है तथा दूरबीन भी उपलब्ध कराई जा रही हैं, ताकि वे करीब से पक्षियों की गतिविधियों को निहार सकें।

पर्यटकों को खासा रोमांचित कर रहे पक्षी

घूमने के बाद सैलानी परिसर में बने सारस कैफे में स्थानीय व्यंजनों का स्वाद भी ले रहे हैं। वेटलैंड में बनी तीन किलोमीटर लंबी नेचर ट्रेल, पांच वॉच टावर, 12 वाच हट और डॉल्फिन पाइंट पर्यटकों को खासा रोमांचित कर रहे हैं। नीले आसमान में उड़ान भरते परिंदों के झुंड देखकर लोग अपने मोबाइल और कैमरों में इन पलों को कैद कर रहे हैं।

पक्षी विशेषज्ञ आशीष लोया ने बताया कि ये प्रवासी पक्षी चीन और मंगोलिया से उड़ान भरकर माउंट एवरेस्ट जैसी दुर्गम पर्वत श्रृंखला को पार करते हुए यहां पहुंचते हैं। अक्टूबर से शुरू हुआ इनके आने का सिलसिला नवंबर के अंत तक 20 हजार के आंकड़े को पार कर गया है।

Haiderpur Wetland (1)

मुजफ्फरनगर और बिजनौर जिले की सीमा पर 6900 हेक्टेयर में फैले इस वेटलैंड में ग्रेलेग गूज, बारहेडेड गूज, ब्लैक स्टार्क, पाइड एवोसेट, कामन टील, गैडवाल, नार्दर्न शावलर, नार्दर्न पिनटेल, गार्गेनी, टफ्टेड पोचार्ड, ब्लैक नेक्ड स्टार्क, यूरेशियन कर्ल्यू और कामन पोचार्ड जैसी प्रजातियों के झुंड डेरा डाले हुए हैं।

333 प्रजातियों के पक्षी और जलीय जीवों का घर

मध्य गंगा बैराज के निकट स्थित हैदरपुर वेटलैंड केवल प्रवासी पक्षियों ही नहीं, बल्कि समृद्ध जैव विविधता का भी बड़ा केंद्र है। यहां अब तक पक्षियों की कुल 333 प्रजातियां चिह्नित की जा चुकी हैं, जिनमें 213 प्रवासी और 120 अप्रवासी प्रजातियां शामिल हैं।

Haiderpur Wetland

इसके अलावा गंगा किनारे की इस आर्द्रभूमि में ऊदबिलाव, घड़ियाल, डॉल्फिन, विभिन्न प्रजातियों की मछलियां और तितलियों की करीब 50 रंग-बिरंगी प्रजातियां पाई जाती हैं। यहां की पटेर घास में दुर्लभ बारहसिंगा भी स्वच्छंद विचरण करते दिखाई देते हैं।

यह भी पढ़ें- सहारनपुर में 50 हजार विद्यार्थियों को मिलेगा टैबलेट, सीएम योगी के आगमन को लेकर तैयारियां तेज

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।