विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पुलिस टीम पर हमले के 17 साल पुराने मामले में 4 आरोपित दोषमुक्त, मुजफ्फरनगर कोर्ट ने सबूतों को माना अपर्याप्त

Published: Fri, 20 Nov 2026 12:07 AM (IST)

मुजफ्फरनगर में पुलिस टीम पर जानलेवा हमला और अवैध हथियार रखने के 17 साल पुराने मामले में चार आरोपितों को दोषमुक्त कर दिया गया है।

प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल की गई प्रतीकात्मक तस्वीर। (जागरण)

प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल की गई प्रतीकात्मक तस्वीर। (जागरण)

HighLights

  1. 17 साल पुराने पुलिस पर हमले के मामले में फैसला।

  2. चार आरोपितों को न्यायालय ने साक्ष्य अभाव में दोषमुक्त किया।

  3. अभियोजन के साक्ष्य अपर्याप्त और अविश्वसनीय पाए गए।

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरनगर। पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करने और अवैध हथियार रखने के 17 साल पुराने मामले में अपर सत्र न्यायाधीश कोर्ट संख्या-1 ने चार आरोपितों को दोषमुक्त कर दिया।

न्यायालय ने अभियोजन द्वारा पेश किए साक्ष्यों को अपर्याप्त और अविश्वसनीय माना। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद बसों में बैग-अटैची चोर गिरोह को गिरफ्तार किया था। न्यायालय ने सुनवाई के बाद निर्णय सुनाया है।

अभियोजन के अनुसार 21 दिसंबर 2009 को एसआइ अमन सिंह एंटी आटो थेफ्ट सेल की टीम के साथ वांछित अपराधियों की तलाश में निकले थे। रोडवेज बस स्टैंड के पास से सूचना मिली कि जीआईसी मैदान में पुराने स्टेज के पास सात-आठ बदमाश बैठे हैं।

ये सभी बसों में यात्रियों के बैग समेत अटैची चोरी करने वाला गिरोह बताया था। पुलिस का दावा था कि बदमाशों ने पुलिस को देखते ही जान से मारने की नीयत से दो फायर किए। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर सुबह करीब 5:20 बजे सात लोगों को गिरफ्तार किया था।

पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से तमंचे, कारतूस, चाकू, नकदी और मोबाइल फोन बरामद होने का दावा किया था। इस मामले में वसीम, राशिद, सरफराज, सलीम, इमरान उर्फ वकील, शमशाद और अखलाक के खिलाफ अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए थे।

इमरान की पत्रावली 18 सितंबर 2012 को अलग कर दी गई थी। राशिद की पत्रावली 21 मार्च 2018 को अलग हुई, वहीं शमशाद की मृत्यु के बाद 21 मार्च 2022 को उसके खिलाफ कार्रवाई समाप्त कर दी गई। न्यायालय ने सुनवाई के दौरान पाया कि घटना स्थल सार्वजनिक स्थान होने के बावजूद किसी स्वतंत्र गवाह को पेश नहीं किया गया।

पुलिसकर्मियों के बयानों में फायरिंग, गिरफ्तारी और बरामदगी को लेकर विरोधाभास है। पुलिस पर फायरिंग के बावजूद किसी के घायल होने का प्रमाण नहीं मिला और मौके से खोखे बरामद होने का विश्वसनीय साक्ष्य भी पेश नहीं किए गए।

इसके चलते अभियोजन मुकदमे को साबित करने में विफल रहा। न्यायालय ने सुनवाई के बाद वसीम, अखलाक सैफी, सलीम और सरफराज को दोषमुक्त कर दिया।

यह भी पढ़ें- मुजफ्फरनगर: 13 साल बाद फुगाना गांव में हुई डकैती और तोड़फोड़ मामले में आया फैसला, 8 आरोपी दोषमुक्त

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।