हरियाणा की बेटियों ने डाक कांवड़ में दिखाया दमखम, हाईवे पर 300 KM दौड़ीं 14 फुटबॉल खिलाड़ी
14 हरियाणा की महिला फुटबॉल खिलाड़ी हरिद्वार से 300 किमी की डाक कांवड़ यात्रा पर निकली हैं। ये बेटियां पुरुषों ...और पढ़ें

मुजफ्फरनगर में हाईवे से डाक कांवड़ लेकर गुजरतीं फुटबाल खिलाड़ी। सोशल मीडिया
HighLights
दौड़ के साथ बाइक चलाने में लड़कों को पीछे छोड़ा, भरा फर्राटा।
देश की उन्नति एवं प्रगति की बाबा भोलेनाथ से मन्नत मांगी।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरनगर। आस्था के पथ पर अनेक रूप देखने को मिले हैं। मन और मतभेद भुलाकर बाबा भोलेनाथ के भक्त एक नाम से पुकारते हुए जयकारा लगाते नजर आए। वहीं डाक कांवड़ में बेटियों ने भी दमखम दिखाया है।
फुटबाल के मैदान के अलावा भक्ति के पथ पर दौड़ लगाकर लड़कों को पछाड़ दिया। हरियाणा के भिवानी के गांव ढाणी की 14 फुटबाल खिलाड़ी महादेव का जलाभिषेक करने का प्रण लेकर डाक कांवड़ लाई हैं। दिल्ली-देहरादून हाईवे से बेटियों का जत्था गुजरा तो सब देखते रह गए।

हरिद्वार में हरकी पैड़ी से गंगाजल उठाने के दौरान विधिवत पूजा करतीं डाक कांवड़िया फुटबाल खिलाड़ी। सोशल मीडिया
फुटबाल के मैदान में चार साल पहले बनी डाक कांवड़ लाने की योजना को खिलाड़ियों के कोच कालूराम ने सहयोग दिया। इस बार भी ढाणी गांव की सगी बहनों नेहा, प्रीति और निधि फोगाट ने डाक कांवड़ से गंगाजल लाने का प्रण लिया। इसके बाद अपनी साथी खिलाड़ियों को साथ जोड़कर भोलेनाथ के लिए कांवड़ लाने का सिलसिला आरंभ किया।
तीनों बहनों के साथ अभ्यास करने वाली 11 और खिलाड़ी इस मुहिम से जुड़ गईं। ग्रामीणों और स्वजन ने भी बेटियों के साहसिक कदम का स्वागत किया। बेटियों ने सोमवार सुबह सवा छह बजे विधिवत गंगाजल उठाया और बिना रुके दौड़ना शुरू कर दिया।
यह भी पढ़ें- यही है सनातन, यही है भारत! 'निजाम' के जनाजे को देख थमे हजारों कांवड़ियों के कदम, खामोश होकर दिया 'सौहार्द का रास्ता'
बेटियों का यह समूह सोमवार शाम को दिल्ली-देहरादून हाईवे पर पहुंचा और उसके बाद पीनना बाईपास से हरियाणा की तरफ बढ़ा। निधि फोगाट ने बताया कि हरिद्वार से ढाणी फोगाट तक 300 किलोमीटर की यात्रा कर रात नौ बजे तक गांव के शिवालय में जलाभिषेक करने का लक्ष्य रखा।
यह भी पढ़ें- शुभम के थकने पर सलीम बना सहारा: उठा ली उसकी 101 लीटर जल की कांवड़; दिखा दोस्ती और सामाजिक समरसता का रंग
बेटियां के साहस को कोच ने सराहा
इस डाक कांवड़ दल में नेहा फोगाट, प्रीति फोगाट, निधि फोगाट, नेहा जांगड़ा, खुशी राजपूत, परी, अंतिमा, पूनम, नीलू, वनिता, कोमल, खुशी, कविता और मन्नू शामिल थीं। उनके साथ चल रहे फुटबाल प्रशिक्षक कालूराम ने बताया कि बेटियों ने रास्ते में पुरुषों की डाक कांवड़ों को भी पीछे छोड़ दिया। बेटियों ने अपने दम पर साबित कर दिया कि कोई भी काम सिर्फ पुरुषों के लिए आरक्षित नहीं है। कांवड़ नारी शक्ति का संदेश दे रही हैं और आने वाले समय में डाक कांवड़ में लड़कियों की भागीदारी भी बढ़ेगी।
यह भी पढ़ें- 'जब तक सांसें, तब तक महादेव': ऑक्सीजन सिलेंडर के सहारे हरिद्वार से मुजफ्फरनगर कांवड़ लेकर पहुंचे 60 साल के परशुराम
हर किसी को प्रेरित कर रहा बेटियों का जज्बा
डाक कांवड़ लेकर आ रही बेटियों का जज्बा हर किसी को प्रेरित कर रहा है। निधि फोगाट ने कहा कि वह चौथी कांवड़ लेकर आ रही है। अपने गांव-समाज के साथ देश की उन्नति एवं प्रगति की बाबा भोलेनाथ से मन्नत मांगती हैं। वह अपने स्वजन एवं ग्रामीणों के साथ मिलकर गांव के शिवालय में जलाभिषेक करते हैं। डाक कांवड़ लेकर दौड़ रही बेटियों में कई राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन कर चुकी हैं।
