बेसहारा गायों ने की पशुपालकों की मौज: घर में दूध दे रही गाय, सरकार दे रही खुराक, हर महीने 28 लाख रुपये
यूपी सरकार इन गायों के भरण-पोषण के लिए प्रतिदिन 50 रुपये प्रति गाय देती है, जिससे पशुपालकों को हर माह ...और पढ़ें

गाय।
HighLights
मुजफ्फरनगर में 6,000 गोवंश गौशालाओं में संरक्षित हैं।
1,900 गाय पशुपालकों को सुपुर्दगी में देकर आय बढ़ाई।
सरकार प्रति गाय प्रतिदिन 50 रुपये का भुगतान कर रही।
जागरण संवाददाता, मुजफ्फरनगर। जनपद में बेसहारा गोवंश की समस्या का काफी हद तक समाधान हुआ है। इसकी वजह यह है कि छह हजार गोवंश गौशालाओं में संरक्षित हैं और 1,900 गाय सुपुर्दगी में दी गई हैं। ये गाय पशुपालकों के यहां दूध दे रही हैं, जिससे वह भरण पोषण समेत परिवार की जरूरतों को पूरा कर रहे हैं। प्रत्येक गाय पर प्रतिदिन 50 रुपये सरकार वहन कर रही है। धनराशि सीधे पशुपालक के बैंक खाते में पहुंच रही हैं।
जनपद में कुल 2.10 लाख गोवंश हैं। इनमें से छह हजार गोवंश गौशालाओं में संरक्षित हैं। वर्तमान में जिले में केवल 27 गोवंश हैं, जबकि दो साल पहले संख्या 65 थी।
शासन के निर्देश पर बड़ी संख्या में गोशालाओं को बंद कर दिया गया और इनमें संरक्षित गोवंश को दूसरी गोशालाओं की क्षमता वृद्धि करके संरक्षित किया गया है। गोशालाओं में गाय, बछड़े, बछिया और सांड हैं।
50 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से किया जा रहा सुपुर्दगी में दी गाय पर भुगतान
वहीं पशुपालन विभाग ने टैगिंग करके 1,900 गाय पशुपालकों को सुपुर्दगी में दी हैं। अधिकांश पशुपालक महिलाएं हैं। इनका चयन आर्थिक स्थिति को देखते हुए ग्राम पंचायत प्रशासक और सचिव की रिपोर्ट के आधार पर किया गया है। एक पशुपालक को अधिकतम चार गाय सुपुर्दगी में देने का प्रावधान हैं। इस योजना का लाभ जनपद में एक हजार से अधिक पशुपालक लाभ उठा रहे हैं।
यह भी पढ़ें- यूपी में स्वदेशी गायों से बढ़ेगा दूध, नंद बाबा मिशन से पशुपालकों की आय डबल तो गांव में मिलेगा रोजगार
हर माह एक हजार से अधिक पशुपालकों को मिल रहे 28.50 लाख रुपये
सरकार 1,900 गाय के भरण पोषण पर हर माह 28.50 लाख रुपये खर्च कर रही है, जबकि गाय का दूध पशुपालक निजी उपयोग में करते हैं। बड़ी संख्या में पशुपालक गाय का दूध बेचकर परिवार का भरण पोषण भी कर रहे हैं। गांव बेहड़ा निवासी बिमलेश देवी ने बताया कि दो गाय गोशाला से पालने को मिली थी। 100 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से माह में भुगतान मिलता है। एक गाय का दूध परिवार पीता है और दूसरी का बेचकर घर का खर्च चल जाता है। मजदूरी कर हरे चारे का प्रबंधन करते हैं। खल, चोकर, चूरी का खर्च भरण पोषण के लिए मिल रही धनराशि से निकल जाता है।
काऊ सेंक्चुरी में 3,300 गोवंश
जनपद में कुल 27 गोशालाएं हैं, जिनमें से 10 शहरी क्षेत्र और शेष ग्रामीण अंचल में हैं। इन गोशालाओं में लगभग 2,700 गोवंश संरक्षित हैं। जबकि पुरकाजी क्षेत्र के गांव तुगलकपुर के जंगल में बनी काऊ सेंक्चुरी में 3,300 गोवंश संरक्षित हैं। जिले भर से गोवंश यहां संरक्षित किए गए हैं, जिससे बेसहारा गाेवंश की समस्या कम हुई है। यहां आधुनिक तकनीक से गोवंश का भरण पोषण किया जा रहा है।
जनपद में 1,900 गाय सुपुर्दगी में दी गई हैं। 50 रुपये प्रति दिन प्रति गाय के आधार पर पशुपालक को दिया जा रहा है। योजना का लाभ लेने के लिए पशुपालक नजदीक के पशु स्वास्थ्य केंद्र पर संपर्क कर सकते हैं। किसानों और पशुपालकों से अपील है कि गाेवंश को खुल्ला न छोड़े। यदि बीमार है या दूध नहीं दे रहा है तो उसका केंद्र पर निश्शुल्क उपचार कराएं।
डॉ. जितेंद्र गुप्ता, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।