दो राज्यों की सीमा पर फंसा यूपी का यह गांव, उत्तराखंड ने काटा कनेक्शन तो 44 दिन से अंधेरे में डूबे 4500 लोग
उत्तराखंड द्वारा बिजली आपूर्ति बंद करने के कारण उत्तर प्रदेश का वीरपुर फतेहउल्लापुर गांव 44 दिनों से अंधेरे में है। इससे 4500 ग्रामीण प्रभावित हैं, बच्चों की पढ़ाई और खेती-बाड़ी पर बुरा असर पड़ रहा है।

एआई इमेज
HighLights
बोले ग्रामीण, खेतों में सूख रहा पशुओं का चारा, नहीं हो पा रही बच्चों की पढ़ाई
संवाद सूत्र, भगतपुर (मुरादाबाद)। जिला मुख्यालय से करीब 50 किलोमीटर की दूरी पर उत्तराखंड के उधमसिंह नगर की सीमा से सटे वीरपुर फतेहउल्लापुर गांव पिछले 44 दिनों से अंधेरे में डूबा है। यूपी के ठाकुरद्वारा विधानसभा के इस गांव की बिजली आपूर्ति उत्तराखंड सरकार ने ठप कर दी है। जिससे परेशान गांव के लोग अब बिजली के लिए विभाग के अफसरों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं हो सका है।
हालांकि गांव के करीब 100 लोगों ने उत्तर प्रदेश में नए बिजली कनेक्शन को आवेदन किया है, 15 ग्रामीणों ने कनेक्शन के लिए धनराशि भी जमा कर दी है। अब बिजली आपूर्ति शुरू होने का इंतजार है।
वीरपुर फतेहउल्लापुर गांव अब तक उत्तराखंड की बिजली से रोशन हो रहा था। गांव में बिजली साल 1977 में चौधरी भूराज सिंह (बाबूजी) नेताजी के प्रयासों से आई थी।

ग्रामीणों के अनुसार उत्तराखंड से अलग होने के बाद यह गांव उत्तरप्रदेश में आ गया। पिछले दिनों उत्तराखंड पावर कारपोरेशन की बैठक में गांव में बिजली की खपत ज्यादा दिखाई दी।
उत्तराखंड पावर कार्पोरेशन के अधिकारियों ने निर्णय लेते हुए सात अक्टूबर 2026 से बिजली आपूर्ति बंद कर दी है। जिसके बाद गांव के लोग बिजली न मिलने से परेशान है।
दीपावली से पहले रुद्रपुर में हुई एक बैठक में उधम सिंह नगर के जिलाधिकारी ने जिला रामपुर और मुरादाबाद के बिजली विभाग के अधिकारियों को बुलाकर साफ कर दिया था कि आप अपने क्षेत्र में बिजली सप्लाई करने के लिए स्वतंत्र हैं।
अधिकारियों का कहना है कि गांव निवासियों को उत्तराखंड से बिजली लेने के लिए किसी तरह के नो ड्यूज की आवश्यकता नहीं है। इसके बावजूद भी आज तक गांव में बिजली बहाल नहीं हो सकी है।
गांव में तत्कालीन मुख्यमंत्री स्व. नारायण दत्त तिवारी के आदेश पर गांव का करेंट नैनीताल से जोड़ा गया था। उत्तराखंड बनने से पहले इस गांव में उत्तराखंड के कई घरेलू कनेक्शन थे। किसानों के ट्यूबवेल कनेक्शन भी थे।
उत्तराखंड बनने के बाद ज्यादातर लोगों ने अपने कनेक्शन कटवा दिए। ग्रामीण रनवीर सिंह, रविराज सिंह, अनिल कुमार, राकेश कुमार, रमेश चंद्र शर्मा, कुलवीर सिंह, हेमंत राज चौधरी (हर्षू) आदि ने गांव की बिजली आपर्ति बहाल करने की मांग की है।