दिल्ली से आने-जाने वाला सामान होगा महंगा! सुप्रीम कोर्ट की सख्ती के बाद पुराने ट्रकों पर लगा ब्रेक, बढ़ सकती है ढुलाई
सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली में पुराने (गैर-बीएस6) वाहनों के प्रवेश पर सख्ती से रोक लगाने पर जोर दिया है, जिससे मंडल भर के ट्रक मालिकों की चिंता बढ़ गई है। इस फैसले से माल ढुलाई का किराया महंगा होने की आशंका है।

एआई इमेज
HighLights
मंडल भर के ट्रक मालिकों की चिंता बढ़ी, महंगा हो सकता है दिल्ली का किराया
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। मंडल से दिल्ली जाने वाले माल के रास्ते में अब ट्रक का माडल भी बड़ी बाधा बन गया है। बीएस-4 मानक वाले ट्रक दिल्ली की सीमा तक अभी तो जैसे-तैसे पहुंच जाते हैं लेकिन, अब पूरी तरह पाबंदी लगाने की तैयारी है। माल राजधानी भेजने के लिए अब बीएस-6 वाहन चाहिए। अब सुप्रीम कोर्ट ने भी दिल्ली में केवल बीएस-6 वाहनों को प्रवेश देने की व्यवस्था सख्ती से लागू करने पर जोर दिया है।
इससे मुरादाबाद, रामपुर, अमरोहा, बिजनौर और संभल के ट्रांसपोर्ट कारोबार से जुड़े लोगों की चिंता बढ़ गई है। पुराने ट्रक मालिकों के सामने अब वाहन बदलने की चुनौती है तो कारोबारियों को माल ढुलाई महंगी होने का डर सता रहा है।
सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को एनसीआर में वायु प्रदूषण पर सुनवाई के दौरान कहा कि पूरे एनसीआर में बीएस-6 वाहनों की अनिवार्यता लागू करना संभव नहीं है तो कम से कम दिल्ली में केवल बीएस-6 वाहनों को ही प्रवेश मिलना चाहिए।
प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ ने प्रदूषण फैलाने वाले वाणिज्यिक वाहनों को दिल्ली में प्रवेश से रोकने के लिए दीर्घकालिक योजना बनाने की जरूरत भी बताई यानी राजधानी में पुराने वाहनों को लेकर पहले से लागू प्रतिबंध के कड़ाई से पालन पर अदालत का जोर है।
जय भारत ट्रांसपोर्ट के मालिक गगन खेत्र पाल बताते हैं कि दिल्ली तक माल पहुंचाने के लिए बीएस-6 ट्रक ही भेजे जा रहे हैं। गजरौला के आगे हापुड़ जिले से एनसीआर शुरू होता है। वहां से ही बीएस-4 वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध है।
ऐसे में पुराने ट्रकों से दिल्ली तक माल पहुंचाना संभव नहीं है। उनका कहना है कि यदि एनसीआर में बीएस-4 वाहनों को भी प्रवेश की अनुमति मिल जाए तो उन ट्रांसपोर्टरों को राहत मिलेगी, जो आर्थिक तंगी के कारण पुराने वाहन बेचकर बीएस-6 ट्रक नहीं खरीद पा रहे हैं।
उनका भी काम चलने लगेगा। कोहली ट्रांसपोर्ट के मालिक अरुण कोहली का कहना है कि सर्दी के दो महीने ट्रांसपोर्ट कारोबार के लिए ज्यादा चुनौतीपूर्ण होते हैं। कोहरा और प्रदूषण बढ़ने पर चेकिंग तेज हो जाती है।
वाहनों में छोटी सी कमी मिलने पर भी चालान हो जाता है। इससे भारी वाहनों के मालिकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ता है। पुराने वाहनों के संचालन पर प्रतिबंध और जांच की सख्ती से कारोबार की लागत बढ़ती है।
दिल्ली में पुराने वाहनों की नो एंट्री से राजधानी में प्रदूषण कम करने की कोशिश हो रही है, लेकिन दिल्ली नहीं पहुंच पाने वाले वाहन गाजियाबाद और नोएडा में चल सकते हैं। इससे आम आदमी काे राहत मिलेगी।
वाहनों की संख्या भी बड़ी चुनौती
मंडल में वाहनों की संख्या भी इस चुनौती का बड़ा पहलू है। अप्रैल 2026 के उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार मुरादाबाद में 9,93,682, बिजनौर में 9,25,502 और संभल में 3,55,734 वाहन पंजीकृत हैं। तीन जिलों में ही 22,74,918 वाहन हैं।
संभागीय परिवहन अधिकारी राजेश सिंह का कहना है कि दिल्ली में बहुत समय से बीएस-4 वाहनों की एंट्री बंद है। सुप्रीम कोर्ट ने उसे सख्ती से लागू करने के लिए कहा है। निर्देश आने पर सरकार इसे लेकर शासनादेश जारी करके लागू कराएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।