चांदी की कीमतों में बंपर गिरावट: ₹1.06 लाख सस्ती हुई चांदी, दिवाली पर चांदी के लक्ष्मी-गणेश और सिक्कों की भारी मांग!
चांदी की कीमतों में भारी गिरावट दर्ज की गई है, जो फरवरी के उच्चतम स्तर से ₹1.06 लाख प्रति किलो ...और पढ़ें

एआई इमेज
HighLights
छोटे आकार के सिक्के, लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां और डाई कास्टिंग उत्पाद पसंद
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। दीपावली पर इस बार चांदी के शगुन वाले उपहारों की खरीदारी को लेकर सराफा बाजार में उत्साह है। पिछले कुछ महीनों में चांदी के भाव में आए उतार-चढ़ाव के बाद अब कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। चार फरवरी 2026 को चांदी का भाव 2,95,000 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया था।
वहीं, दो नवंबर 2026 को भाव घटकर 1,88,900 रुपये प्रति किलो रह गया। यानी उच्चतम स्तर से चांदी 1,06,100 रुपये प्रति किलो सस्ती हुई है। कीमतों में आइ इस नरमी से ग्राहकों को राहत मिली है और दीपावली पर खरीदारी की उम्मीद बढ़ी है।
पिछले एक साल के भाव पर नजर डालें तो चांदी ने लंबा उतार-चढ़ाव देखा है। दो नवंबर 2025 को एक किलो चांदी का भाव 1,53,300 रुपये था। 15 नवंबर को यह बढ़कर 1,90,000 रुपये और 14 दिसंबर को 2,38,000 रुपये पहुंच गया।

छह जनवरी 2026 को भाव 2,48,500 रुपये और चार फरवरी को 2,95,000 रुपये प्रति किलो हो गया। इसके बाद जून में कीमत घटकर 2,58,500 रुपये रही। अब दो नवंबर को भाव 1,88,900 रुपये प्रति किलो है।
इस तरह फरवरी के उच्चतम भाव से अब तक 1,06,100 रुपये की गिरावट आई है। चांदी कारोबारी संजय कट्टा और सर्राफ फूल कुमार के अनुसार, भाव में गिरावट से ग्राहकों का रुझान बढ़ा है।
दीपावली पर शगुन के तौर पर चांदी के सिक्के खरीदने की परंपरा है। इस बार भी एक, पांच और दस ग्राम के सिक्कों के साथ लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां, छोटी कटोरियां और पूजा में इस्तेमाल होने वाले उत्पाद पसंद किए जा रहे हैं।

सर्राफा कारोबारी अभिनव बंसल के अनुसार, ग्राहक अपने बजट के अनुसार कम वजन वाले उत्पादों को प्राथमिकता दे रहे हैं। डाई कास्टिंग से तैयार आकर्षक डिजाइन वाले उत्पाद भी पसंद किए जा रहे हैं।
इनकी खासियत कम वजन में बेहतर बनावट और डिजाइन है। सोने की तुलना में चांदी के उपहार बजट में होने के कारण रिश्तेदारों और परिचितों को शगुन देने के लिए भी इनकी मांग है। धनतेरस पर सिक्कों और छोटे उपहारों की बिक्री बढ़ने की उम्मीद है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।