विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आम आदमी काटता है थानों के चक्कर, यहां विदेशी नागरिक पर मेहरबान हुई पुलिस; 11 साल बाद भी रिन्यू हो गए हथियार के लाइसेंस

Published: Fri, 27 Nov 2026 06:14 PM (GMT+05:30)

असमोली पुलिस की रिपोर्ट पर एक ऐसे व्यक्ति के राइफल और रिवाल्वर लाइसेंस का नवीनीकरण हो गया, जिसने 11 साल पहले भारतीय नागरिकता छोड़ दी थी। इस मामले में पुलिस सत्यापन और जिलाधिकारी कार्यालय की मंजूरी प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

एआई इमेज

एआई इमेज

HighLights

  1. वर्ष 2025 में असमोली थाने की रिपोर्ट पर हुआ दोनों लाइसेंस हुए थे रिन्यू

जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। शस्त्र लाइसेंस बनवाना हो तो आम आदमी को पुलिस की चौखट पर दस्तक देनी पड़ती है। सत्यापन के लिए कभी हल्के के सिपाही तो कभी थाने के चक्कर लगाने पड़ते हैं। रिपोर्ट लगने में भी लंबा इंतजार करना पड़ता है। मगर असमोली पुलिस के यहां एक अमेरिकी नागरिक के मामले में मानो सारी मुश्किलें आसान हो गईं।

जिस व्यक्ति को भारतीय नागरिकता छोड़े 11 साल हो गए उसकी राइफल और रिवाल्वर के शस्त्र लाइसेंस की फाइल चलती रही। वर्ष 2025 में दोनों लाइसेंसों का नवीनीकरण भी थाने की रिपोर्ट के आधार पर हो गया।

अब सवाल यह है कि पुलिस ने रिपोर्ट किस आधार पर लगाई? जिस व्यक्ति की भारतीय नागरिकता ही नहीं रही, उसके शस्त्र लाइसेंसों के नवीनीकरण के लिए पुलिस ने क्या जांच की? बीट के सिपाही व हल्के के दारोगा ने क्या देखा?

क्या नागरिकता से जुड़ा तथ्य पुलिस की जानकारी में नहीं आया या फिर रिपोर्ट तैयार करते समय इसे जरूरी क्यों नहीं समझा गया? आम आदमी के सत्यापन में छोटी-छोटी बातों की पड़ताल करने वाली पुलिस से इतनी बड़ी चूक कैसे हो गई?

संभल के जिलाधिकारी कार्यालय में वर्ष 2025 में दोनों लाइसेंसों का नवीनीकरण हुआ। इसके लिए असमोली थाने की रिपोर्ट आधार बनी यानी थाने से रिपोर्ट तैयार होकर आगे बढ़ी और उसी के आधार पर लाइसेंसों का नवीनीकरण भी हुआ।

ऐसे में रिपोर्ट लगाने वाले थानाध्यक्ष की भूमिका जांच होनी चाहिए। यह जानना भी जरूरी है कि सत्यापन किसने किया, कौन से दस्तावेज देखे और रिपोर्ट में क्या तथ्य दर्ज किए गए? मामले में आला अधिकारियों की जवाबदेही भी कम नहीं है।

पुलिस रिपोर्ट के बाद जिलाधिकारी कार्यालय में फाइल का परीक्षण करने और नवीनीकरण को मंजूरी देने वाले अधिकारियों को भी नागरिकता से जुड़े तथ्य की पड़ताल करनी चाहिए थी।

पुलिस की रिपोर्ट को ही अंतिम सच मानकर फाइल आगे बढ़ाना भी ठीक नहीं रहा यदि निष्पक्ष जांच हुई तो थाने से लेकर जिलाधिकारी कार्यालय तक की पूरी प्रक्रिया सामने आ सकती है।

रिपोर्ट तैयार करने वाले पुलिसकर्मी से लेकर थानाध्यक्ष और नवीनीकरण की फाइल को मंजूरी देने वाले अधिकारियों की भूमिका तय होनी चाहिए। यह भी जांच का विषय है कि रिपोर्ट लगाने में किसी सिफारिश या दबाव की भूमिका तो नहीं रही।

असमोली थाने के प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार का कहना है कि अभी उच्चाधिकारियों की ओर से जांच का कोई आदेश नहीं मिला है। अपने स्तर से प्रकरण को दिखवा रहा हूं। पता किया जा रहा है कि दोनों लाइसेंसों के नवीनीकरण के लिए रिपोर्ट किसने और किन तथ्यों के आधार पर तैयार करके भेजी थी।

यह भी पढ़ें- 11 साल पहले छोड़ा देश और बना अमेरिकी नागरिक, फिर भी यूपी के संभल में चल रहे राइफल-रिवॉल्वर के लाइसेंस

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।