10-10 लाख रुपये से हर वार्ड में सड़क-पुलिय और नालियों की मरम्मत, मुरादाबाद नगर निगम का 1296 करोड़ का बजट पास
मुरादाबाद नगर निगम ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 1296.51 करोड़ रुपये का पुनरीक्षित बजट पारित किया है, जिसमें 160.69 करोड़ रुपये की बचत की संभावना है।

बैठक के दौरान अधिकारी व अन्य।
HighLights
1296.51 करोड़ का पुनरीक्षित बजट वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए पारित।
प्रत्येक वार्ड में 10-10 लाख से सड़क, पुलिया, नाली मरम्मत।
आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के वेतन में 5000 रुपये की वृद्धि को मंजूरी।
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। नगर निगम की कार्यकारिणी ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 1296.51 करोड़ रुपये का पुनरीक्षित बजट पास कर दिया है। इसमें 1457.20 करोड़ रुपये की कुल आय के सापेक्ष 1296.51 करोड़ रुपये व्यय का अनुमान है। इस तरह वित्तीय वर्ष के अंत तक करीब 160.69 करोड़ रुपये की बचत होने की संभावना है।
बैठक में शहर के सभी 70 वार्डों में सड़क, पुलिया और नालियों की बदहाल स्थिति का मुद्दा प्रमुखता से उठा। प्रत्येक वार्ड में 10-10 लाख रुपये से सड़क और पुलिया की मरम्मत कराने का निर्णय लिया गया।
महापौर विनोद अग्रवाल ने कहा कि इन कार्यों के टेंडर निकालकर 15 दिसंबर कार्य आदेश जारी कर दिए जाएं। जल निगम और टोरंट गैस की ओर से बिना अनुमति सड़कें खोदने पर नोटिस और जुर्माना लगाने के निर्देश भी दिए गए।
निगम के पुनरीक्षित बजट में 160.69 करोड़ रुपये की बचत होने की संभावना
महापौर विनोद अग्रवाल के कैंप कार्यालय पर उनकी अध्यक्षता में हुई बैठक में पुनरीक्षित बजट प्रस्तुत किया गया। वित्तीय वर्ष 2026-27 का प्रारंभिक अवशेष 260.40 करोड़ रुपये और अनुमानित आय 1196.56 करोड़ रुपये है। दोनों को मिलाकर कुल आय 1457.20 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है। इसके सापेक्ष कुल व्यय 1296.51 करोड़ रुपये प्रस्तावित है। बैठक में शासन से आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के वेतन में पांच हजार रुपये की वृद्धि के प्रस्ताव पर भी मुहर लगाई गई। इससे नगर निगम पर करीब पांच करोड़ रुपये प्रतिमाह का अतिरिक्त भार पड़ने का अनुमान है।
सड़क और पुलिया मरम्मत के टेंडर निकालकर 15 दिसंबर होंगे कार्य आदेश
महापौर ने कहा कि वित्तीय वर्ष के आठ महीने बीत चुके हैं और चार महीने शेष हैं। ऐसे में पुनरीक्षित बजट में जिन कार्यों के लिए धनराशि निर्धारित की गई है, उन्हें समय से पूरा कराया जाए। सभी वार्डों में सड़क, पुलिया और नालियों की स्थिति का सर्वे कराकर मरम्मत कार्य शुरू कराए जाएं। पेयजल पाइपलाइन बिछाने और नए नलकूपों की स्थापना के काम भी दिसंबर तक पूरे किए जाएं।
हाउस टैक्स व तालाब पर कब्जे का मुद्दा उठा
बैठक में पार्षदों ने जयंतीपुर में तालाब की जमीन पर कब्जे का मुद्दा वार्ड 58 के पार्षद विनोद शर्मा ने उठाया। इस पर नगर आयुक्त हिमांशु कौशिक ने निरीक्षण करके कार्रवाई का आश्वासन दिया। वार्ड 68 के पार्षद नदीम अंसारी ने नई पाइपलाइन पड़ने के बाद पुराने हाउस टैक्स और वाटर टैक्स की रसीद होने के बावजूद परिवार के दूसरे सदस्य के नाम नया बिल जारी करने का मुद्दा उठाया। अधिकारियों ने बताया कि नया कनेक्शन लेने पर निर्धारित शुल्क देना होगा। पुराना कनेक्शन होने की स्थिति में रसीद दिखाने पर समस्या का समाधान किया जाएगा।
1296 करोड़ का पुनरीक्षित बजट पास का बजट पास हुआ है। प्रत्येक वार्ड में 10-10 लाख रुपये के मरम्मत कार्य कराए जाएंगे। पार्षदों ने जो भी मुद्दे उठाएं हैं, उनका पालन समय से कराने को अफसरों को निर्देशित किया गया है।
विनाेद अग्रवाल, महापौर
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।