पुराने सर्किल रेट पर नहीं होने देंगे जमीन अधिग्रहण, राकेश टिकैत ने कहा- मुरादाबाद में किसानों का बड़ा मुद्दा
राकेश टिकैत ने मुरादाबाद में कहा कि किसानों की जमीन का अधिग्रहण 2013 के पुराने सर्किल रेट पर नहीं होने दिया जाएगा।

जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि किसानों की जमीन का अधिग्रहण पुराने सर्किल रेट पर नहीं होने देंगे। वर्ष 2013 के सर्किल रेट के हिसाब से किसानों को मुआवजा दिया जा रहा है।
सर्किल रेट बढ़ाकर किसानों को उचित मुआवजा मिलना चाहिए। पुराने रेट पर जमीन लेकर किसानों के साथ अन्याय किया जा रहा है। उन्होंने अगवानपुर की महापंचायत में बुधवार को मीडिया से बातचीत में कहीं।
राकेश टिकैत ने कहा कि मुरादाबाद में किसानों की जमीन का अधिग्रहण सबसे बड़ा मुद्दा है। किसानों की जमीन की कीमत समय के साथ बढ़ी है, इसलिए मुआवजा भी वर्तमान सर्किल रेट के अनुसार मिलना चाहिए। किसानों के हितों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि किसानों को गन्ने का वाजिब भाव नहीं मिल रहा है। गन्ने के दाम नहीं बढ़ाए गए, जबकि खेती की लागत लगातार बढ़ रही है। बिजली को निजी क्षेत्र में देने की तैयारी भी चल रही है। इन मुद्दों को लेकर किसानों को एकजुट किया जा रहा है।
धान खरीद व्यवस्था पर उठाया सवाल
राकेश टिकैत ने धान खरीद व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि खरीद शुरू हो गई है, लेकिन किसानों के बजाय बिचौलिये हावी हो गए हैं। किसानों को अपनी उपज का उचित मूल्य मिलना चाहिए, लेकिन खरीद व्यवस्था में उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली में किसान आंदोलन के दौरान केंद्र सरकार ने जो वादे किए थे, उन्हें अब तक पूरा नहीं किया गया है। किसान लगातार अपने मुद्दे उठा रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी मांगों को नहीं मान रही है। ऐसे में जनता चुनाव के माध्यम से अपना जवाब दे रही है।
शिक्षक एमएलसी चुनाव का उल्लेख करते हुए टिकैत ने कहा कि मुकाबला सबके सामने है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह किसी से यह नहीं कह रहे कि किसे वोट देना है। लोग अपने विवेक से मतदान करते हैं।
यह भी पढ़ें- 'वोट से लेकर किसानों की उपज व युवाओं की नौकरी तक चोरी कर रही सरकार', प्रयागराज में दहाड़े राकेश टिकैत
यह भी पढ़ें- 'हत्या नहीं, शहादत है'; मानसा में परविंदर झोटा के परिवार से मिले राकेश टिकैत, बोले- UP के युवा भी लगा रहे नशे के टीके
