हरिद्वार-बदायूं स्टेट हाईवे पर हादसे में व्यक्ति की मौत, रातभर शव को रौंदते रहे वाहन
हाईवे पर हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। रात भर शव रोड पर पड़ा रहा। इस दौरान सड़क पर गुजरने वाले वाहन शव को रौंदते रहे किसी ने भी घटना की जानकारी पुलिस को नहीं दी। गश्त के दौरान पुलिस को भी हादसे की जानकारी नहीं हो पाई।
मुरादाबाद, जेएनएन। एक बार फिर से पुलिस की लापरवाही सामने आई है। हरिद्वार-बदायूं स्टेट हाईवे पर हादसे के बाद एक अज्ञात व्यक्ति का शव सड़क पर पड़ा रहा और उसे वाहन रौंदते रहे। इससे शव के एक हिस्से के चीथड़े उड़ गए। रविवार की सुबह दिन निकालने पर घटना की जानकारी हुई तो पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम हाउस भिजवाया गया।
घटना हरिद्वार-बदायूं स्टेट हाईवे पर गजरौला के गांव चाकीखेड़ा के पास हुई। रात में किसी समय एक अज्ञात व्यक्ति को किसी वाहन ने रौंद दिया। हादसे में उसकी मौत हो गई। शव रात भर सड़क पर ही पड़ा रहा। इतना ही नहीं यहां से गुजरने वाले वाहन भी शव के ऊपर से मानवता को शर्मसार करते हुए गुजरते रहे। इसी कारण शव के कुछ हिस्सा चीथड़ों में तब्दील हो गया। घटना की जानकारी रविवार की सुबह सात बजे दिन निकलने पर हुई। इसके बाद मौके पर पहुंची कुमराला चौकी की पुलिस ने शव को वहां से उठवा कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। मृतक ज्यादा उम्र का लगा रहा था। हालांकि अभी तक शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस ने शिनाख्त कराने के उद्देश्य से आसपास के लोगों को बुलाकर भी पहचान कराई लेकिन, हर किसी ने पहचानने से इन्कार कर दिया। प्रभारी निरीक्षक आरपी शर्मा ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। फिलहाल मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है। शव को रौंदा ने की बात की जांच होगी।
यह भी पढ़ें