विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुरादाबाद-बरेली हाईवे को छह लेन बनाने की योजना को NHAI की मंजूरी, जमीन अधिग्रहण का रास्ता साफ

Published: Sat, 17 Oct 2026 09:40 AM (IST)

राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने मुरादाबाद से बरेली तक 121 किलोमीटर लंबे हाईवे को छह लेन बनाने की योजना को मंजूरी दे दी है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. मुरादाबाद-बरेली हाईवे को छह लेन बनाने की मंजूरी।

  2. 6,400 करोड़ रुपये की लागत से 121 किमी चौड़ीकरण।

  3. भूमि अधिग्रहण और निर्माण कार्य जल्द होगा शुरू।

जागरण सवाददाता, मुरादाबाद। दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर मुरादाबाद से बरेली तक का सफर अब आने वाले समय में और सुगम होने की उम्मीद है। करीब 6,400 करोड़ रुपये की लागत से 121 किलोमीटर लंबे इस हिस्से को छह लेन बनाने की दिशा में अहम कदम उठाया गया है। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने हाईवे के एलाइनमेंट को मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही जमीन अधिग्रहण और निर्माण की अगली प्रक्रिया शुरू होने का रास्ता साफ हो गया है।

मुरादाबाद से बरेली के बीच हाईवे का होगा चौड़ीकरण

वर्तमान में मुरादाबाद से बरेली के बीच हाईवे फोरलेन है। इसे छह लेन बनाने के लिए दो अतिरिक्त लेन का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा हाईवे के दोनों तरफ दो-दो लेन के सर्विस रोड भी बनाए जाएंगे। इससे स्थानीय यातायात और लंबी दूरी के वाहनों को अलग-अलग चलाने में मदद मिलेगी।

परियोजना में हाईवे के दोनों तरफ 242 किलोमीटर सर्विस रोड का निर्माण प्रस्तावित है। छहलेन हाईवे बनने के बाद मुख्य मार्ग पर दोपहिया वाहनों के संचालन पर पाबंदी लगाने की योजना है। ऐसे वाहन केवल सर्विस रोड पर चल सकेंगे। इसके अलावा हाईवे पर पांच किलोमीटर से पहले ढाबा या पेट्रोल पंप नहीं खोलने का प्रविधान प्रस्तावित है।

जल्द ही भूमि अधिग्रहण की कार्रवाई

एनएचएआई की मुरादाबाद शाखा के परियोजना निदेशक अरविंद कुमार ने बताया कि मुरादाबाद से बरेली के बीच हाईवे को छह लेन बनाने के एलाइनमेंट को स्वीकृति मिल गई है। इसके लिए जमीन का अधिग्रहण भी किया जाना है। जल्द ही भूमि अधिग्रहण की धारा 3-ए के तहत कार्रवाई शुरू होगी।

इसमें अधिग्रहित की जाने वाली जमीन के गाटा संख्या घोषित किए जाएंगे। इसके बाद जमीन मालिकों को आपत्ति दर्ज कराने का अवसर मिलेगा। आपत्तियों का निस्तारण और नियमानुसार मुआवजा वितरण होने के बाद जमीन पर कब्जा लिया जाएगा। जरूरी प्रक्रियाएं पूरी होने पर निर्माण कार्य शुरू हो सकेगा।

14 रेल ओवरब्रिज और छह इंटरचेंज प्रस्तावित

हाईवे छह लेन परियोजना के तहत मुरादाबाद व बरेली के बीच 14 रेल ओवरब्रिज, 14 बड़े पुल और 32 छोटे पुल बनाए जाने प्रस्तावित हैं। फ्लाईओवर और हल्के वाहनों की आवाजाही के लिए 55 पुल-पुलियों का निर्माण भी योजना में शामिल है। इसके अलावा छह इंटरचेंज बनाए जाएंगे। इन निर्माण कार्यों का उद्देश्य हाईवे पर यातायात को सुचारु बनाना और प्रमुख स्थानों पर आवागमन आसान करना है।

यह भी पढ़ें- कानपुर-कबरई हाईवे के लिए 25 गांवों की जमीन का अधिग्रहण, किसानों को मिलेगा सर्किल रेट से 4 गुना मुआवजा

यह भी पढ़ें- मेरठ-हरिद्वार लिंक गंगा एक्सप्रेसवे के निर्माण ने पकड़ी रफ्तार, बिजनौर के 109 गांवों में होगा जमीन अधिग्रहण