मुरादाबाद की नेहा की अनोखी मुहिम: 6 साल से नदियों को दे रहीं नया जीवन, बच्चों को सिखा रहीं बूंद-बूंद सहेजना
मुरादाबाद की नेहा शर्मा पिछले छह वर्षों से जल संरक्षण और नदियों को स्वच्छ बनाने की मुहिम चला रही हैं। ...और पढ़ें

रामगंगा नदी के किनारे की सफाई करती नेहा शर्मा
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। शहर की कांशीराम कालोनी निवासी 34 वर्षीय नेहा शर्मा ऐसी की महिलाओं में शामिल हैं, जिन्होंने जल संरक्षण को अपने जीवन का उद्देश्य बना लिया है। पिछले छह वर्षों से वह रामगंगा और गंगा को स्वच्छ बनाने के साथ लोगों को पानी बचाने के लिए जागरूक कर रही हैं।
नेहा का मानना है कि नदियों को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी केवल सरकारी विभागों की नहीं, बल्कि समाज के हर व्यक्ति की है। इसी सोच के साथ वह युवाओं की टीम बनाकर नदी किनारों पर सफाई अभियान चलाती हैं।
नेहा की मुहिम का एक महत्वपूर्ण हिस्सा स्कूलों में बच्चों को जागरूक करना है। वह विद्यार्थियों को जल संरक्षण, नदियों की स्वच्छता और प्रदूषण से होने वाले नुकसान के बारे में बताती हैं।
उनका मानना है कि बच्चों में बचपन से ही पानी बचाने की आदत विकसित की जाए तो इसका असर पूरे परिवार और समाज पर पड़ सकता है।
बच्चे अपने घरों में भी पानी की बर्बादी रोकने और दूसरों को जागरूक करने की प्रेरणा बन सकते हैं। छह वर्षों से जारी उनकी यह कोशिश समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में एक पहल है।
वर्षा जल बचाने पर भी जोर
नदियों की सफाई के साथ नेहा लोगों को वर्षा जल का संरक्षण करने के लिए भी प्रेरित करती हैं। उनके प्रयासों से कुछ लोगों ने बारिश के पानी को बचाने की पहल की है।
नेहा मानती हैं कि केवल अभियान चलाने से बदलाव नहीं आएगा, बल्कि लोगों को अपनी आदतों में भी बदलाव करना होगा। नदियों में कूड़ा न डालना, पानी का जरूरत के अनुसार इस्तेमाल करना और वर्षा जल को सहेजना जैसे छोटे प्रयास बड़ा परिणाम दे सकते हैं।
