यूपी जनगणना 2027: अब स्काउट-गाइड बताएंगे कैसे करें अपनी गणना, मिला 10-10 परिवारों का लक्ष्य
जनगणना-2027 में स्काउट एवं गाइड अहम भूमिका निभाएंगे, लोगों को ऑनलाइन स्वगणना के लिए जागरूक करेंगे।

ये तस्वीर AI द्वारा जनरेट की गई है।
HighLights
स्काउट गाइड जनगणना 2027 में निभाएंगे अहम भूमिका।
प्रत्येक स्काउट 10 परिवारों को स्वगणना हेतु प्रेरित करेगा।
उत्कृष्ट टीमों को जिलाधिकारी द्वारा सम्मानित किया जाएगा।
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। जनगणना-2027 में अब स्काउट एवं गाइड भी अहम भूमिका निभाएंगे। जनगणना के आंकड़े जुटाने से पहले लोगों को खुद अपनी जानकारी दर्ज करने के लिए जागरूक करने की जिम्मेदारी इनके कंधों पर होगी।
प्रत्येक स्काउट कम से कम 10 परिवारों तक पहुंचेगा और उन्हें ऑनलाइन स्वगणना की प्रक्रिया समझाकर जानकारी दर्ज कराने के लिए प्रेरित करेगा। इस तरह एक स्काउट के प्रयास से 10 परिवार जनगणना की प्रक्रिया से जुड़ सकेंगे। अभियान में सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाली टीम को जिलाधिकारी सम्मानित करेंगे।
जनगणना-2027 और निर्वाचन संबंधी जागरूकता कार्यक्रमों में स्काउट एवं गाइड की भागीदारी को लेकर रणनीति बना ली गई है। जिलाधिकारी ने सामाजिक जागरूकता और जनभागीदारी बढ़ाने में स्काउट एवं गाइड की महत्वपूर्ण भूमिका को अहम बताया है।
कहना है कि स्काउट-गाइड की सक्रियता से सरकारी अभियानों की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाई जा सकती है। जनपद में 16 से 30 नवंबर तक स्वगणना अभियान संचालित किया जाएगा। इसमें परिवारों को अपनी जानकारी स्वयं आनलाइन दर्ज करने का अवसर मिलेगा।
कई लोगों को आनलाइन प्रक्रिया की जानकारी नहीं होने के कारण परेशानी हो सकती है। ऐसे में स्काउट एवं गाइड उन्हें प्रक्रिया समझाएंगे और स्वगणना के लिए प्रोत्साहित करेंगे। प्रत्येक सदस्य को कम से कम 10 परिवारों की स्वगणना कराने में सहयोग करना होगा।
टीमों के प्रदर्शन के आधार पर उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित किया जाएगा। 26 से 28 नवंबर तक निकलेंगी स्काउट-गाइड की रैली बैठक में 26, 27 और 28 नवंबर को प्रस्तावित स्काउट एवं गाइड की जिला रैली को लेकर भी चर्चा हुई।
जिलाधिकारी ने आयोजन के लिए पहले से विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। मुख्य विकास अधिकारी से अनुमोदन लेकर सभी कार्यक्रमों को सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित कराया जाएगा। उन्होंने यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने में स्काउट एवं गाइड के योगदान की भी सराहना की। निर्वाचन से जुड़े जागरूकता कार्यक्रमों में भी इनकी सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।