विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जर्जर भवनों में चल रहे डाकघर, एक कमरे में हजारों लोगों का काम; 2,632 करोड़ की योजना से जगी उम्मीद

Published: Fri, 27 Nov 2026 03:03 PM (IST)

केंद्रीय सरकार ने डाकघरों के आधुनिकीकरण के लिए ₹2,632 करोड़ की योजना मंजूर की है, जिससे मुरादाबाद मंडल के जर्जर डाकघरों में सुधार की उम्मीद जगी है। यहां कई डाकघर खंडहरनुमा भवनों या एक कमरे में चल रहे हैं।

मुरादाबाद का मुख्य डाकघर।जागरण

मुरादाबाद का मुख्य डाकघर।जागरण

HighLights

  1. आधुनिकीकरण की योजना से जगी उम्मीद, चंदौसी में जर्जर भवन तो मुरादाबाद में कई डाकघर दूसरे केंद्रों में किए गए मर्ज

जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। डाकघरों को आधुनिक बनाने के लिए केंद्र सरकार ने 2,632 करोड़ रुपये की योजना मंजूर की है, लेकिन मुरादाबाद मंडल में कई डाकघरों की मौजूदा स्थिति ही बदहाली की कहानी बयां कर रही है। कहीं जर्जर भवन में डाकघर चल रहा है तो कहीं एक कमरे में हजारों लोगों के डाक संबंधी काम निपटाए जा रहे हैं।

मंडल के 481 डाकघरों में 405 ग्रामीण और 76 शहरी हैं। पांच जिलों के मुरादाबाद, संभल, अमरोहा, रामपुर और बिजनौर मुख्यालयों को छोड़ दें तो बाकी डाकघर किराये के भवनों में संचालित हो रहे हैं।

चंदौसी में डाकघर खंडहरनुमा भवन में संचालित हो रहा है। मुरादाबाद शहर में भवनों की खराब स्थिति के कारण कई डाकघरों को दूसरे डाकघरों में मर्ज करना पड़ा है।

इसका असर यह है कि मंडी चौक, नई बस्ती और फैजगंज जैसे क्षेत्रों के हजारों लोगों का काम एक कमरे में चल रहे डाकघर से हो रहा है। ऐसे में आधुनिकीकरण की योजना से डाकघरों के भवनों और बुनियादी सुविधाओं में सुधार की उम्मीद जगी है।

कहीं जर्जर भवन, कहीं बैठने तक की व्यवस्था नहीं

चंदौसी के डाकघर की स्थिति बेहद खराब है। भवन खंडहरनुमा हो चुका है और बाहर पहचान के लिए कोई बोर्ड तक नहीं लगा है। बारिश के दौरान छत से पानी टपकने लगता है।

कभी सर्वर काम नहीं करता तो कभी जनरेटर खराब होने से कामकाज प्रभावित होता है। संभल में जिला कार्यालय होने के बावजूद प्रधान डाकघर की सुविधा नहीं है। ऐसे में डाकघर पहुंचने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

भवन खराब हुए तो दूसरे डाकघरों में करना पड़ा मर्ज

मुरादाबाद शहर में भी कई डाकघरों की इमारतें खराब होने के कारण उन्हें दूसरे केंद्रों में मर्ज करना पड़ा है। बुध बाजार में संचालित डाकघर के भवन की स्थिति ठीक नहीं होने पर उसे सिटी डाकघर में मर्ज कर दिया गया।

मंडी चौक का डाकघर भी भवन की खराब स्थिति के कारण प्रधान डाकघर में शामिल कर दिया गया। टाउनहाल में संचालित डाकघर को पहले बुध बाजार स्थित डाकघर में मर्ज किया गया था।

मगर, वहां भी भवन छोटा और जर्जर होने के कारण उसे प्रधान डाकघर में शामिल करना पड़ा। नई बस्ती में संचालित डाकघर को भी फैजगंज डाकघर में मर्ज कर दिया गया था।

अब फैजगंज डाकघर केवल एक कमरे में संचालित हो रहा है। वहीं प्रधान डाकघर में भी भवन के पीछे लोगों के बैठने के लिए टीन शेड और कुर्सियों टूटी पड़ी हैं। दिव्यांगों के लिए भी जरूरी सुविधाओं और सुगम पहुंच की व्यवस्था नहीं है। जिसके कारण लोगों को परेशानी होती है ।

आधुनिकीकरण से इन सुविधाओं में सुधार की उम्मीद

केंद्र सरकार की योजना के तहत डाकघरों के भवनों में सुधार, ग्रामीण डाकघरों को सेवा केंद्र के रूप में विकसित करने, पार्सल पैकिंग इकाइयां स्थापित करने और स्मार्ट लेटर बाक्स लगाने का लक्ष्य है। इसके अलावा सौर ऊर्जा, वर्षा जल संचयन, दिव्यांगों के लिए रैंप और ब्रेल संकेतक जैसी सुविधाएं विकसित की जानी हैं।

 

डाकघरों के आधुनिकीकरण की योजना के तहत भवनों में सुधार जैसी योजना की जानकारी हुई है। इस संबंध में दिशा-निर्देश मिलने के बाद आगे काम कराया जाएगा।

- धर्मेश गगनेजा, प्रवर अधीक्षक डाकघर मुरादाबाद।


यह भी पढ़ें- सुरक्षा पर संकट या काम का दबाव? मुरादाबाद रेल मंडल में 1500 पद खाली, थकान में ट्रेन दौड़ा रहे लोको पायलट

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।