विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सगाई की अनमोल निशानी खोई तो थम गई थी सांसें... 30 कैमरे खंगालकर UP पुलिस ने साढ़े 3 घंटे में लौटाई दंपती की मुस्कान

Published: Wed, 25 Nov 2026 01:10 PM (GMT+05:30)

मुरादाबाद पुलिस ने एक कपड़ा कारोबारी की पत्नी की खोई हुई दो लाख रुपये की हीरे की सगाई की अंगूठी साढ़े तीन घंटे में ढूंढ निकाली। दंपती ने जिम कार्बेट जाते समय दौलपुरी चौराहे पर अंगूठी खो दी थी, जिसे 25-30 सीसीटीवी फुटेज खंगालकर बरामद किया गया।

एआई इमेज

एआई इमेज

HighLights

  1. पांच पुलिसकर्मियों ने 25-30 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, अंगूठी मिलने पर खिल उठे दंपती के चेहरे

संवाद सूत्र, भगतपुर (मुरादाबाद)। पत्नी के हाथ से फिसली दो लाख रुपये की हीरे की अंगूठी सिर्फ एक जेवर नहीं, बल्कि दंपती की सगाई की अनमोल निशानी थी। जिम कार्बेट पार्क की सैर पर निकले कपड़ा कारोबारी शिवम कत्याल को जब पता चला कि पत्नी की अंगुली से इंगेजमेंट रिंग कहीं गिर गई है तो परिवार की खुशी चिंता में बदल गई।

तीन दिन तक अंगूठी मिलने की उम्मीद लगाए रहे दंपती ने मंगलवार को भगतपुर पुलिस से गुहार लगाई। पुलिस ने भी इसे महज खोया हुआ सामान समझकर नजरअंदाज नहीं किया।

पांच पुलिसकर्मियों ने 25 से 30 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और महज साढ़े तीन घंटे की मशक्कत के बाद अंगूठी खोज निकाली। अनमोल निशानी वापस मिली तो दंपती के चेहरे पर मुस्कान लौट आई।

पुलिस के अनुसार, शिवम कत्याल 21 नवंबर को परिवार के साथ निजी वाहन से जिम कार्बेट पार्क जा रहे थे। सुबह करीब 11 बजे वह भगतपुर क्षेत्र के दौलपुरी चौराहे पर रुके। यहां पत्नी और बच्चों ने वाहन से उतरकर एक दुकान से सामान खरीदा और रवाना हो गया।

रामनगर पहुंचने पर पत्नी ने बताया कि उनके हाथ से इंगेजमेंट रिंग कहीं गिर गई है। यह सुनकर शिवम अवाक रह गए। करीब दो लाख रुपये कीमत की यह अंगूठी उन्होंने पत्नी को सगाई के समय पहनाई थी। लिहाजा, इसकी कीमत से कहीं अधिक भावनात्मक महत्व था।

मंगलवार को शिवम भगतपुर थाने पहुंचे और पुलिस को पूरी घटना बताई। थाना प्रभारी सुमित राठी ने दो टीमें गठित कीं। उपनिरीक्षकों सहित पांच पुलिसकर्मी दौलपुरी चौराहे पहुंचे और वहां लगे करीब 25 से 30 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की।

एक-एक कैमरे की रिकार्डिंग देखने के दौरान पुलिस को एक व्यक्ति चौराहे पर पड़ी अंगूठी उठाते हुए दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस ने उस व्यक्ति से संपर्क किया और अंगूठी प्राप्त कर कारोबारी को सौंप दी।

तीन दिन से खोई सगाई की निशानी वापस मिलने पर शिवम कत्याल और उनकी पत्नी ने पुलिसकर्मियों का आभार जताया। पुलिस की तत्परता ने न केवल कारोबारी परिवार की दो लाख रुपये की संपत्ति लौटाई, बल्कि उनके रिश्ते से जुड़ी एक अनमोल याद भी सुरक्षित कर दी।

यह भी पढ़ें- इंजीनियर की नौकरी छोड़ शुरू किया मछली पालन, आज लाखों कमा रहा मुरादाबाद का यह युवा किसान

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।