विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बुजुर्गों की पेंशन फरियाद का रिकॉर्ड गायब! जांच में खुला चौंकाने वाला खेल, 3 कर्मियों को नोटिस

Published: Wed, 25 Nov 2026 03:43 PM (IST)

मुरादाबाद में वृद्धावस्था पेंशन शिकायतों के रिकॉर्ड में बड़ी गड़बड़ी सामने आई है, जहां दो महीने में सिर्फ 18 आवेदन दर्ज मिले। जिलाधिकारी ने इस लापरवाही पर तीन कर्मचारियों को नोटिस जारी किया है, क्योंकि बुजुर्गों की शिकायतें अनसुलझी रहीं।

एआई इमेज

एआई इमेज

HighLights

  1. 20 नवंबर को पिछले दो महीने के अभिलेखों और शिकायत रजिस्टर की जांच में खुला खेल

जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। जिले में शिकायतों के घोटाले का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। आपको यह बात चौकाने वाली जरूर लग रही होगी मगर, यह सच है। वृद्धावस्था पेंशन की उम्मीद लेकर बुजुर्ग जिलाधिकारी की जनसुनवाई में पहुंचते रहे, लेकिन उनकी शिकायतों का रिकार्ड ही अधूरा मिला।

किसी की तीन महीने से पेंशन बंद थी तो कोई जरूरी प्रपत्रों की कमी के कारण योजना का लाभ पाने के लिए भटक रहा था। दो महीने के जनसुनवाई रजिस्टर की जांच में पेंशन से जुड़े महज 18 आवेदन दर्ज मिले।

बाकी शिकायतों का हिसाब विभाग के पास नहीं था। जिलाधिकारी अनुनय झा ने इस लापरवाही पर समाज कल्याण पर्यवेक्षक पंकज कुमार, वरिष्ठ सहायक श्याम सुंदर और शरद गुप्ता को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

तीनों से सात दिन के भीतर अलग-अलग स्पष्टीकरण मांगा गया है। 20 नवंबर को पिछले दो महीने के अभिलेखों और शिकायत रजिस्टर की जांच की गई थी। इसमें दर्ज आवेदनों का विवरण और उन पर हुई कार्रवाई का ब्योरा भी अधूरा मिला।

जनसुनवाई में रोजाना 60 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्ग वृद्धावस्था पेंशन से जुड़ी समस्याएं लेकर पहुंचते हैं। पात्र लोगों को योजना का लाभ दिलाने और समस्याओं का समाधान कराने को जिला समाज कल्याण अधिकारी ने तीनों कर्मचारियों की अलग-अलग दिन ड्यूटी लगाई थी।

कर्मचारियों की जिम्मेदारी आवेदन लेकर आगे बढ़ा देने तक सीमित नहीं थी। हर आवेदन को रजिस्टर में दर्ज करने, पेंशन की जरूरी प्रक्रिया पूरी कराने और स्वीकृति मिलने तक निगरानी करने के साथ बुजुर्गों से संपर्क कर खाते में पेंशन पहुंचने की पुष्टि भी करनी थी।

कई मामलों में आवेदन के निस्तारण और पेंशन मिलने की पुष्टि नहीं की गई। डीएम ने इसे खेदजनक और आपत्तिजनक बताते हुए कहा कि वृद्ध और असहाय लोगों से जुड़े मामलों में ऐसी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सात दिन में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर एकपक्षीय कार्रवाई होगी। जिला समाज कल्याण अधिकारी को सप्ताह में कम से कम दो बार शिकायत रजिस्टर का निरीक्षण करने और लंबित मामलों का प्राथमिकता से निस्तारण कराने के निर्देश दिए गए हैं।

किसी की पेंशन बंद, कोई महीनों से लगा रहा विभाग के चक्कर

कुंदरकी के मलकपुर गांव निवासी कुलसुम की तीन महीने से पेंशन बंद है। उनका कहना है कि वह दो बार समाज कल्याण विभाग के चक्कर लगा चुकी हैं।

हर बार उनकी बात सुनकर समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया गया, लेकिन खाते में पेंशन आनी शुरू नहीं हुई। तीन महीने से वह इंतजार कर रही हैं।

मुरादाबाद विकास खंड के शाहपुर मुस्तकम गांव निवासी मुन्ने अली की पेंशन कई महीने तक प्रपत्रों की कमी के कारण अटकी रही। वह शिकायत दर्ज कराने समाज कल्याण कार्यालय पहुंचे। इसके बाद सचिव से मुलाकात की तो उनकी समस्या का समाधान हो सका।

वहीं, मोहम्मदपुर बस्तौर निवासी राजाराम की पेंशन का मामला कई महीने से उलझा हुआ है। वह कई बार मुख्यालय पहुंचकर अपनी परेशानी बता चुके हैं, लेकिन अभी तक उनकी समस्या का समाधान नहीं हो पाया है।

तहसीलों में भी शिकायत निस्तारण में खेल

तहसीलों पर आने वाली शिकायतों में हर दिन पांच शिकायतों का निस्तारण उपजिलाधिकारियों को करना अनिवार्य है। डीएम ने इसकी पहल की थी। शुरुआत में तो व्यवस्था ठीक चली।

मगर, अब खानापूर्ति शुरू हो गई है। पता चला कि संबंधित शिकायतों का निस्तारण दिखाकर तहसील में तैनात कार्मिकों का ही नंबर डाल दिया जा रहा है। एक ही फोन नंबरों का कई जगह प्रयोग है।

राशन कार्डों से जुड़ी शिकायतों का निस्तारण दिखाकर कोटेदार का नंबर डाल दिया जा रहा है। जिससे फीडबैक में खेल पकड़ा ना जा सके। मतलब डीएम की ही पहल का पलीता लगाना शुरू कर दिया गया है, जो हैरान करने वाला है।

यह भी पढ़ें- न प्रमोशन मिला, न समायोजन... मुरादाबाद में गुपचुप तरीके से पूरी कर दी गई 367 पदों पर आंगनबाड़ी भर्ती!

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।