मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण योजना: मुरादाबाद में बनेगी नई आवासीय कॉलोनी, 15 दिन में भेजा जाएगा प्रस्ताव
मुरादाबाद में मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण योजना के तहत एमडीए कांठ रोड पर 100 हेक्टेयर में नई आवासीय योजना लाएगा।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल से सुदृढ़ किया गया है।
HighLights
मुरादाबाद में मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण योजना के तहत नई आवासीय योजना।
एमडीए द्वारा कांठ रोड पर 100 हेक्टेयर में विकसित होगी योजना।
15 दिन में सर्वे पूरा कर शासन को भेजा जाएगा प्रस्ताव।
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। कांठ रोड पर एमडीए काजीपुरा, महलकपुर-निजामपुर, सलेमपुर और अगवानपुर के रकबे में मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण के तहत नई आवासीय योजना बनाएगा। आसपास करीब 500 हेक्टेयर जमीन चिन्हित की गई है। इसमें से 100 हेक्टेयर में आवासीय योजना एमडीए लाएगा। अगले 15 दिन में सर्वे पूरा कर प्रस्ताव शासन को भेजने की तैयारी है।
सर्वे में जमीन की स्थिति, सर्किल रेट और बड़ी जोत वाली जमीन की उपलब्धता का आकलन किया जाएगा। एमडीए छोटे-छोटे होल्डिंग एरिया वाली जमीन के बजाय बड़ी जोत वाली जमीन को प्राथमिकता देगा। योजना में आवासीय भूखंडों के साथ अस्पताल, शिक्षण संस्थान, खेल सुविधाएं और व्यावसायिक भूखंड भी प्रस्तावित होंगे।
प्रस्तावित योजना कांठ रोड से काजीपुरा की ओर होगी जो गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर होगी। इसे रिंग रोड से जोड़ने के लिए सड़काें का अलग से मास्टर प्लान तैयार किया जाएगा। वर्तमान में योजना क्षेत्र को रिंग रोड से जोड़ने के लिए कोई लिंक रोड नहीं है।
10 प्रतिशत ईडब्ल्यूएस के लिए बनेंगे आवास
मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण योजना में 10 प्रतिशत आवास ईडब्ल्यूएस के लिए बनाए जाएंगे। इसके अलावा 112 वर्ग मीटर से 300 वर्ग मीटर और व्यवसायिक, शिक्षण संस्थान, अस्पताल के लिए बड़े भूखंड निकाले जाएंगे। इसमें ग्रुप हाउसिंग नहीं बनाए जाएंगे। कारण, ग्रुप हाउसिंग के कई अपार्टमेंट ढक्का व नया मुरादाबाद में कई अपार्टमेंट में आवास नहीं बिक रहे हैं।
प्रस्तावित आवासीय का ये है हाल
- शिवालिक: शिवालिक आवासीय योजना तीन साल पहले आई थी। जिसमें तीन फेज में अभी एक फेज की जमीन भी पूरी नहीं खरीदी जा सकी है। इसमें 250 हेक्टेयर में 105 हेक्टेयर जमीन ही खरीदी जा चुकी है। अभी 145 हेक्टेयर जमीन को लेकर किसानों की सहमति जारी है।
- गोविंदपुरम फेज-दो: गोविंदपुरम फेज-दो में 500 भूखंड प्रस्तावित हैं। लेकिन अभी 250 भूखंड के लिए ही जमीन खरीदी गई है। 250 भूखंड का मानचित्र ही अभी बोर्ड बैठक से स्वीकृत हुआ है।
- सह्यादि फेज-दो: सह्याद्रि फेज-दो में 300 भूखंड प्रस्तावित हैं। फेज-दो में अभी कई माफियाओं द्वारा जमीनों पर कब्जे के मामले हैं। एमडीए द्वारा धीरे-धीरे कब्जा मुक्त कराने की कार्रवाई का दावा किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण योजना के तहत नई आवासीय कॉलोनी का प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा। 15 दिन में इसका वृहद स्तर पर सर्वे किया जाएगा।
-अनुभव सिंह, उपाध्यक्ष, एमडीए
सह्याद्रि व गोविंदपुरम में आए थे तीन से चार गुना आवेदन
आवासीय योजनाओं में मांग का अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि गोविंदपुरम योजना में करीब 500 भूखंड थे, जबकि करीब 1600 आवेदन आए। इसी तरह सहयाद्री फेस-वन में 619 भूखंडों के मुकाबले करीब चार गुना आवेदन आए। यह आंकड़े बताते हैं कि विकसित क्षेत्रों में नियोजित आवास की मांग उपलब्धता से कहीं अधिक है।
यह भी पढ़ें- मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण योजना में बनेगी टाउनशिप, आगरा के पास एडीए कराएगा निर्माण
