विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण योजना में बनेगी टाउनशिप, आगरा के पास एडीए कराएगा निर्माण

By Nirlosh Kumar Edited By: Prateek Gupta
Published: Thu, 12 Feb 2026 01:20 PM (GMT+05:30)

आगरा विकास प्राधिकरण (एडीए) एत्मादपुर मदरा में मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण योजना के तहत टाउनशिप विकसित करेगा। एडीए के पास यहां ...और पढ़ें

मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण योजना। सांकेतिक तस्वीर।

मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण योजना। सांकेतिक तस्वीर।

जागरण संवाददाता, आगरा। मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण/नए शहर प्रोत्साहन योजना में एडीए एत्मादपुर मदरा में टाउनशिप विकसित करेगा। एडीए के पास यहां पूर्व में अधिगृहीत की गई 125 हेक्टेयर भूमि है।

किसानों को इस भूमि का मुआवजा वितरित कर रायपुर व रहनकलां के समान छोटी-छोटी टाउनशिप बनाई जाएंगी। एडीए ने वर्ष 2009-10 में इनर रिंग रोड व लैंड पार्सल के लिए भूमि अधिगृहीत की थी। इनमें एत्मादपुर मदरा की 125 हेक्टेयर भूमि भी शामिल है।

125 हेक्टेयर भूमि के अतिरिक्त एडीए का एत्मादपुर मदरा में अन्य भूमि के अधिग्रहण के संबंध में वर्तमान में कोई प्रस्ताव विचाराधीन या लंबित नहीं है। मुआवजा वितरित नहीं करने की वजह से एडीए इस भूमि पर कब्जा नहीं ले सका है।

भूमि पर किसान खेती कर रहे हैं। एडीए उपाध्यक्ष एम. अरून्मोली ने बताया कि एत्मादपुर मदरा में मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण/नए शहर प्रोत्साहन योजना में भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया संचालित है।

मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण योजना में मिल सकता है बजट

बजट में सरकार ने मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण/नए शहर प्रोत्साहन योजना में 3500 करोड़ रुपये का प्रविधान प्रदेश के लिए किया है। यह धनराशि ऋण या निवेश के रूप में विकास प्राधिकरणों को नई टाउनशिप विकसित करने के लिए दी जाएगी।

एडीए ने 36 वर्षाें के बाद मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण योजना में अटलपुरम टाउनशिप लांच की थी। रायपुर व रहनकलां में 10 नदियों के नाम पर विकसित की जा रहीं टाउनशिप भी इसी योजना में बनाई जाएंगी। एत्मादपुर मदरा के लिए इस योजना में धनराशि मिल सकती है।