विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चिराग तले अंधेरा! मुरादाबाद नगर निगम के अपने ही दफ्तर पर अवैध कब्जा, पार्किंग में सज रहा बाजार

Published: Wed, 18 Nov 2026 05:13 PM (IST)

मुरादाबाद नगर निगम का अपना ही कार्यालय अतिक्रमण की चपेट में है, जहां ठेले-फड़ वालों ने पार्किंग और रास्तों पर ...और पढ़ें

नगर निगम टाउन हाल के मुख्य द्वार पर लगे ठेले। जागरण

नगर निगम टाउन हाल के मुख्य द्वार पर लगे ठेले। जागरण 

HighLights

  1. गेट पर अतिक्रमण होते हुए भी नजर अंदाज करते हैं नगर निगम के अधिकारी

जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। शहर की सड़कों और फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त कराने का दावा करने वाला नगर निगम अपने ही घर को अतिक्रमण से मुक्त नहीं करा पा रहा है। टाउनहाल स्थित नगर निगम कार्यालय के चारों ओर ठेले और फड़ वालों का कब्जा है। हालात यह हैं कि प्रशासनिक द्वार तक रास्ता घिरा है।

अधिकारियों की गाड़ियां भी मुश्किल से अंदर पहुंच पाती हैं। नगर निगम की ओर से बनाई गई कार पार्किंग तक अतिक्रमण की चपेट में है। यहां पार्किंग की जगह कपड़ों के फड़, सौंदर्य प्रसाधन की दुकानें और चाट-पकौड़े के ठेले खड़े रहते हैं।

17MBD_M_45_17112026_503

मंगलवार को साप्ताहिक बंदी के दिन भी टाउनहाल में यही स्थिति देखने को मिली। प्रवर्तन दल की टीम अतिक्रमण हटाने पहुंची और कार्रवाई करके लौट गई। इसके कुछ ही देर बाद फिर ठेले और फड़ सज गए।

नगर निगम के पास अतिक्रमण हटाने के लिए प्रवर्तन दल है। सुरक्षा के लिए गार्ड भी तैनात हैं। संपत्ति अधिकारी भी इसी कार्यालय में बैठते हैं, लेकिन उनके कार्यालय के गेट तक चाय की दुकान लगी रहती है।

17MBD_M_46_17112026_503

नगर निगम ने जब यहां कार पार्किंग बनाई थी तो उम्मीद थी कि बाजार आने वाले लोगों और शहर के अंदर रहने वालों को वाहन खड़े करने में सुविधा मिलेगी। लेकिन पार्किंग तक पहुंचना ही चुनौती बन गया है। नगर निगम के आवंटित दुकानदार भी फुटपाथ पर सामान फैलाकर रखते हैं।

टाउनहाल से शुरू हो जाता है जाम

टाउनहाल के आसपास अतिक्रमण का असर केवल नगर निगम कार्यालय तक सीमित नहीं है। यहां से लगने वाला जाम चौमुखा पुल, कटरा बाजार, बुध बाजार चौराहा और जीएमडी रोड तक पहुंचता है।

मंगल बाजार के दिन स्थिति और बिगड़ जाती है। पास में कोतवाली होने के बावजूद अतिक्रमण और अवैध बाजार पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पा रहा है।

जाम के चलते पीलीकोठी कैंप कार्यालय बैठने लगे अधिकारी

करीब पांच साल पहले तक नगर आयुक्त समेत नगर निगम के कई अधिकारी टाउनहाल कार्यालय में बैठते थे। बाद में जाम और अव्यवस्था के चलते अधिकारियों के चैंबर और कार्यालय पीलीकोठी स्थित कैंप कार्यालय में बना दिए गए।

इसका खामियाजा फरियादियों को भी भुगतना पड़ता है। टाउनहाल पहुंचने पर पता चलता है कि संबंधित अधिकारी पीलीकोठी कैंप कार्यालय में बैठे हैं।

 

प्रवर्तन दल की टीम टाउन हाल व नगर निगम कार्यालय के पास से अतिक्रमण हटाने को निरंतर सक्रिय रहती है। ठेले वालों पर कई बार सामान जब्त किया जा चुका है और जुर्माना भी लगाया जा चुका है।

- अजीत कुमार सिंह, अपर नगर आयुक्त


यह भी पढ़ें- मुरादाबाद आंगनबाड़ी भर्ती: चयन सूची में नाम आने के बाद भी टूटा नौकरी का सपना, जांच के बाद 29 पद खाली घोषित

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।