विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुरादाबाद आंगनबाड़ी भर्ती: चयन सूची में नाम आने के बाद भी टूटा नौकरी का सपना, जांच के बाद 29 पद खाली घोषित

Published: Wed, 18 Nov 2026 03:33 PM (IST)

मुरादाबाद में आंगनबाड़ी सहायिका भर्ती में निवास प्रमाण पत्र और दोहरी चयन जैसी गड़बड़ियों के कारण कई नियुक्तियां फंसीं। जांच ...और पढ़ें

एआई इमेज

एआई इमेज

HighLights

  1. नौकरी देने से पहले नहीं जांचे दस्तावेज, निवास प्रमाण पत्र ही बन गए दीवार

जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। नौकरी की उम्मीद में आवेदन किया, चयन सूची में नाम भी आ गया, लेकिन नियुक्ति की बारी आइ तो निवास प्रमाण पत्र ही रास्ते का रोड़ा बन गया। आंगनबाड़ी सहायिका के 100 चयनित पद सत्यापन की उलझन में फंस गए। कहीं तहसील और नगर निगम की रिपोर्ट में अंतर था तो कहीं एक ही अभ्यर्थी का एक से अधिक स्थानों पर चयन सामने आया।

दैनिक जागरण ने इस गड़बड़ी को उजागर किया तो विभाग हरकत में आया। बताया कि दोबारा जांच के बाद 29 पद रिक्त घोषित कर दिए गए हैं, जबकि 10 पदों पर अभी भी सत्यापन का इंतजार है।

नगर क्षेत्र में आंगनबाड़ी सहायिका के 265 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन मांगे गए थे। विभागीय जानकारी के मुताबिक इनमें 44 पद ऐसे रहे, जिनके लिए किसी ने आवेदन ही नहीं किया।

34 पदों पर आवेदन तो पहुंचे, लेकिन अभ्यर्थी पात्रता के मानकों पर खरे नहीं उतरे। इस तरह 78 पद पहले ही चयन की दौड़ से बाहर हो गए। शेष 185 पदों पर अभ्यर्थियों का चयन किया गया।

चयन सूची में नाम आने के बाद 85 अभ्यर्थियों के लिए नियुक्ति का रास्ता साफ हो गया। इनके निवास संबंधी दस्तावेजों पर तहसील और नगर निगम की रिपोर्ट में कोई अंतर नहीं मिला, इसलिए नियुक्ति आदेश जारी कर दिए गए।

मगर, बाकी 100 अभ्यर्थियों की नियुक्ति पर विभाग ने रोक लगा दी। इन मामलों में दोनों विभागों की रिपोर्ट मेल नहीं खा रही थी। कुछ अभ्यर्थियों का एक से अधिक स्थानों पर चयन भी सामने आया।

मामला उलझने पर मुख्य विकास अधिकारी ने एसीएम प्रथम, सीटीओ और बीडीओ की अध्यक्षता में त्रिस्तरीय समिति गठित की। नगर निगम से सभी 100 मामलों का दोबारा सत्यापन कराया गया।

अब जांच के बाद जो तस्वीर सामने आई है, वह भर्ती प्रक्रिया पर कई सवाल खड़े करती है। 46 अभ्यर्थियों का पहले हुआ चयन दोबारा जांच में सही पाया गया। 15 पदों पर दूसरी वरीयता के अभ्यर्थियों को चयनित किया गया।

इस तरह 61 पदों पर नियुक्ति का रास्ता साफ हुआ। 29 पद रिक्त घोषित कर दिए गए। इन पर पहले चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति नहीं मिल सकेगी। 10 पद ऐसे हैं, जिन पर अभी भी सत्यापन की जरूरत बताई जा रही है यानी चयन प्रक्रिया के बाद भी विभाग सभी मामलों का निस्तारण नहीं कर सका है।

जिला कार्यक्रम अधिकारी शैलेंद्र राय ने बताया कि 61 पदों पर चयनित अभ्यर्थियों की सूची संबंधित वार्ड के नोटिस बोर्ड पर चस्पा कर दी गई है। अभ्यर्थी जिला कार्यक्रम कार्यालय से नियुक्ति आदेश भी प्राप्त कर सकते हैं।

यह भी पढ़ें- जिस IPS ने 4 घंटे में खोला था कत्ल का राज और उठाया था मृतक की बेटी की शादी का जिम्मा, अब DIG बनकर संभालेंगे मुरादाबाद की कमान

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।