विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कश्मीर के शॉल से लेकर कन्नौज के इत्र तक... मुरादाबाद खादी महोत्सव में एक छत के नीचे सजा देशभर का हुनर

Published: Fri, 27 Nov 2026 10:21 AM (IST)

मुरादाबाद में खादी महोत्सव शुरू हो गया है, जहाँ देशभर के पारंपरिक उत्पाद और हस्तशिल्प एक छत के नीचे प्रदर्शित किए जा रहे हैं। 

दीनदयाल नगर स्थित खादी महोत्सव के शुभारंभ में मौजूद अतिथि व पदाधिकारी। सौ.सूचना विभाग

दीनदयाल नगर स्थित खादी महोत्सव के शुभारंभ में मौजूद अतिथि व पदाधिकारी। सौ.सूचना विभाग

HighLights

  1. मुरादाबाद में खादी महोत्सव का भव्य आयोजन शुरू हुआ।

  2. देशभर के 130 स्टालों पर पारंपरिक उत्पाद प्रदर्शित।

  3. पहले दिन दो लाख रुपये की बिक्री, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति।

जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। कश्मीर के शॉल की गर्माहट, कन्नौज के इत्र की खुशबू और सहारनपुर के लकड़ी के हस्तशिल्प की कारीगरी...। कहीं राजस्थान की नमकीन का स्वाद है तो कहीं पंजाब की जूतियों की चमक।

देश के अलग-अलग हिस्सों की पहचान बने उत्पादों का संगम इन दिनों मुरादाबाद में देखने को मिल रहा है। युवा केंद्र, साईं मंदिर रोड स्थित मुरादाबाद खादी महोत्सव में एक ही छत के नीचे देशभर का हुनर और परंपरागत उत्पाद सजाए गए हैं।

खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग की ओर से आयोजित महोत्सव में 130 स्टाल लगाए गए हैं। उत्तराखंड के ऊनी रेडीमेड परिधान, जम्मू-कश्मीर के ऊनी शॉल, सूट और ड्राई फ्रूट्स लोगों को आकर्षित कर रहे हैं।

सहारनपुर के लकड़ी के हस्तशिल्प की बारीक कारीगरी देखने लायक है तो कन्नौज का इत्र अपनी खुशबू से लोगों को स्टाल तक खींच रहा है। मेरठ के अचार, राजस्थान की नमकीन और पंजाब की जूतियां भी यहां की खास पहचान बनी हुई हैं। बिहार के भागलपुर की प्रसिद्ध खादी, सिल्क खादी, शुद्ध शहद, जैविक गुड़ और शक्कर के साथ तरह-तरह के मसाले भी उपलब्ध हैं।

भदोही के कालीनों की खूबसूरती भी लोगों को खूब लुभा रही है यानी खरीदारी के साथ ही लोगों को देश के अलग-अलग क्षेत्रों की कला, संस्कृति और खानपान को जानने का मौका भी मिल रहा है।

महोत्सव का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष डाॅ. शेफाली सिंह चौहान ने किया। पहले दिन ही प्रदर्शनी में खरीदारों की अच्छी आवाजाही रही। खादी एवं ग्रामोद्योग से जुड़े उत्पादों की करीब दो लाख रुपये की बिक्री हुई। मुख्य अतिथि ने विभिन्न स्टालों का भ्रमण कर कारीगरों और उद्यमियों के उत्पाद देखे।

उन्होंने कहा कि खादी एवं ग्रामोद्योग के उत्पाद स्वदेशी भावना को मजबूत करने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी गति देते हैं। जिला ग्रामोद्योग अधिकारी सत्यवीर सिंह ने बताया कि मंडल स्तरीय प्रदर्शनी को 130 स्टालों के साथ राष्ट्रीय प्रदर्शनी का स्वरूप दिया गया है। इसका उद्देश्य कारीगरों और ग्रामोद्योग इकाइयों को अपने उत्पादों की बिक्री के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराना है।

यह भी पढ़ें- 'बुरे वक्त के साथी को भुलाया नहीं जा सकता', इमरान मसूद का खुला एलान- सपा MLC शाहनवाज खान लड़ेंगे विधानसभा चुनाव

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।