मुरादाबाद में लगा स्वदेशी उत्पादों का महाकुंभ: 10 राज्यों के कारीगरों ने सजाए 130 स्टाल, खादी पर मिल रही 40% तक की बंपर छूट
मुरादाबाद के दीनदयाल नगर में खादी महोत्सव चल रहा है, जहाँ 10 राज्यों के 130 स्टालों पर स्वदेशी उत्पाद उपलब्ध हैं। इस महोत्सव में खादी पर 40% तक की छूट मिल रही है और आयोजकों को 5 करोड़ रुपये के कारोबार की उम्मीद है।

नेहरू युवा केंद्र में खादी महोत्सव में लगी दुकान खरीदारी करते ग्राहक।
HighLights
10 राज्यों के 130 स्टालों पर स्वदेशी उत्पादों की धूम, सदरी खूब बिकी
पांच करोड़ के कारोबार की आस, खादी पर 20 से 40 प्रतिशत तक छूट
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। खादी महोत्सव में सर्दियों के परिधानों से लेकर घर सजाने के सामान तक, देशभर के उत्पाद एक ही छत के नीचे हैं। खादी के पारंपरिक परिधानों के साथ आधुनिक फैशन की झलक ने भी ग्राहकों को आकर्षित किया।
शुक्रवार को महोत्सव के दूसरे दिन हुए खादी फैशन शो में पारंपरिक और आधुनिक परिधानों का संगम दिखा। खरीदारों के उत्साह के बीच दूसरे दिन करीब छह लाख रुपये की बिक्री हुई। आयोजकों को दस दिन में पांच करोड़ रुपये के कारोबार की उम्मीद है।
साईं मंदिर रोड स्थित युवा केंद्र, दीनदयाल नगर में 26 नवंबर से पांच दिसंबर तक चल रहे महोत्सव में 10 राज्यों और 40 जनपदों के कारीगरों ने 130 स्टाल लगाए हैं।
खादी उत्पादों पर 20 से 40 प्रतिशत और माटी कला व हस्तशिल्प के सामान पर 20 से 30 प्रतिशत तक छूट दी जा रही है। आयोजकों को पिछले वर्ष के मुकाबले बिक्री में 40 प्रतिशत वृद्धि की उम्मीद है।
प्रतिदिन एक हजार से 1500 लोगों के आने का अनुमान है। सर्दियों के कपड़ों में सदरी, ऊनी लोई, वूलन जैकेट, मफलर, महिलाओं की शाल और कंबलों की मांग अधिक है।
अवध युवा कल्याण ग्रामोद्योग संस्थान के स्टाल संचालक संजू सिंह ने बताया कि संस्थान को 650 रुपये प्रति कंबल की दर से 100 कंबलों का थोक आर्डर मिला है।
खादी के कुर्ते 650 से 900 रुपये और मेरिनो ऊन के स्वेटर 600 से 2000 रुपये तक उपलब्ध हैं। 250 रुपये का तौलिया छूट के बाद 175 रुपये, 500 रुपये की योगा मैट 350 रुपये और 1200 रुपये का सूती खेस 840 रुपये में मिल रहा है।
प्रदर्शनी में उत्तराखंड के ऊनी रेडीमेड वस्त्र, जम्मू-कश्मीर के शाल, सूट और सूखे मेवे, राजस्थान की नमकीन, पंजाब की पंजाबी जूती और बिहार के भागलपुर की खादी ग्राहकों को आकर्षित कर रही है।
सहारनपुर का लकड़ी का हस्तशिल्प, कन्नौज का इत्र, मेरठ का अचार और भदोही के कालीन पसंद किए जा रहे हैं। सिल्क खादी, शुद्ध शहद, जैविक गुड़-शक्कर और मसालों के स्टालों पर भी खरीदार पहुंच रहे हैं। माटी कला और हस्तशिल्प के कारीगर मौके पर उत्पाद बनाकर दिखा रहे हैं।
रैंप पर खादी का नया अंदाज
फैशन शो में खादी के पारंपरिक परिधानों के साथ आधुनिक डिजाइन के कपड़े प्रस्तुत किए गए। खादी को नई पीढ़ी की पसंद से जोड़ने की इस पहल को दर्शकों ने तालियों के साथ सराहा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि नगर विधायक रितेश गुप्ता की पत्नी कल्पना रितेश गुप्ता और विशिष्ट अतिथि मंडल के उपायुक्त योगेश कुमार शामिल हुए।
महिला समूहों को भी मिला बाजार
दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़े करीब 20 स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने अपने उत्पादों के स्टाल लगाए हैं। जिलाधिकारी अनुनय झा ने कहा कि दस राज्यों के कारीगरों, बुनकरों और ग्रामोद्योग उद्यमियों को सीधे उपभोक्ताओं तक पहुंचने का अवसर मिला है। जिला ग्रामोद्योग अधिकारी सत्यवीर सिंह ने लोगों से स्वदेशी उत्पाद खरीदकर कारीगरों का उत्साह बढ़ाने की अपील की है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।