पीतल ही नहीं, होम डेकोर-गार्डनिंग आइटम्स के भी विदेशी खरीदार दीवाने; मुरादाबाद में 500 करोड़ के मिले ऑर्डर
मुरादाबाद के हस्तशिल्प निर्यातकों को क्रिसमस 2027 के लिए लगभग 500 करोड़ रुपये के ऑर्डर मिले हैं, जिनका उत्पादन दिसंबर से शुरू होगा।

HighLights
क्रिसमस 2027 के लिए 500 करोड़ के ऑर्डर मिले।
दिसंबर से शुरू होगा होम डेकोर उत्पादों का उत्पादन।
कारीगरों और छोटे कारोबारियों को भी मिलेगा लाभ।
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। पीतल नगरी के हस्तशिल्प उत्पादों की चमक विदेशों में लगातार बढ़ रही है। क्रिसमस 2027 के लिए मुरादाबाद के निर्यातकों को करीब 500 करोड़ रुपये के आर्डर फाइनल हो चुके हैं।
अक्टूबर में ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में आयोजित आटम फेयर के दौरान विदेशी ग्राहकों ने जिन उत्पादों को पसंद किया था, अब उन पर आर्डर की मुहर लग रही है। दिसंबर से इन आर्डर के मुताबिक उत्पादन शुरू हो जाएगा। इसमें होम डेकोर, गार्डनिंग, फर्नीचर और दूसरे सजावटी उत्पाद शामिल हैं।
मुरादाबाद हैंडीक्राफ्ट एक्सपोर्टर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष नवेदुर्रहमान बताते हैं कि आटम फेयर में विदेशी ग्राहकों की अच्छी प्रतिक्रिया मिली थी। कई ग्राहक उत्पादों के नमूने पसंद करने के बाद अपने बाजार की जरूरत के हिसाब से आर्डर फाइनल कर रहे हैं।
क्रिसमस के लिए अभी करीब 500 करोड़ रुपये के आर्डर सामने आ चुके हैं। दिसंबर से इनका उत्पादन शुरू होगा। निर्यातकों को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में आर्डर की संख्या और बढ़ेगी। यंग एंटरप्रेन्योर सोसायटी के अध्यक्ष जेपी सिंह के मुताबिक, विदेशी बाजार में अब केवल पारंपरिक पीतल के उत्पादों तक मांग सीमित नहीं है। होम डेकोर, गार्डनिंग, लकड़ी और धातु के मिश्रित उत्पादों के साथ नए डिजाइन भी पसंद किए जा रहे हैं।
निर्यातकों को ग्राहकों की पसंद के अनुसार उत्पाद तैयार करने पर जोर देना पड़ रहा है। निर्यातक विवेक अग्रवाल का कहना है कि क्रिसमस के आर्डर समय से पूरे करना बड़ी चुनौती होती है। इसलिए दिसंबर से ही उत्पादन की तैयारी शुरू करनी होगी।
डिजाइन, कच्चे माल और कारीगरों की उपलब्धता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। विदेशी ग्राहक अब नएपन के साथ उचित कीमत वाले उत्पाद चाहते हैं।
मुरादाबाद से करीब 12 हजार करोड़ रुपये का सालाना हस्तशिल्प कारोबार होता है। इसमें अकेले अमेरिका की हिस्सेदारी करीब पांच हजार करोड़ रुपये है। ऐसे में क्रिसमस के आर्डर स्थानीय निर्यातकों के साथ कारीगरों और छोटे कारोबारियों के लिए भी उम्मीद लेकर आए हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।