विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दीपावली के बाद पीतल नगरी की हवा हुई जहरीली, सांस और हृदय रोगियों को विशेषज्ञों ने दी खास सलाह

Published: Tue, 10 Nov 2026 10:37 AM (IST)

दीपावली के बाद मुरादाबाद की हवा जहरीली हो गई है, नौ नवंबर को वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 229 दर्ज किया गया जो 'खराब' श्रेणी में आता है।

तस्वीर- फाइल।

तस्वीर- फाइल।

HighLights

  1. दीपावली के बाद मुरादाबाद का AQI 229 दर्ज किया गया।

  2. शहर की हवा 'खराब' श्रेणी में, स्वास्थ्य पर पड़ रहा असर।

  3. सांस और हृदय रोगियों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह।

जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। दीपावली बीतने के बाद भी शहर की हवा साफ नहीं हुई है। आतिशबाजी के धुएं और बढ़ते प्रदूषण का असर लोगों की सेहत पर पड़ रहा है।

नौ नवंबर की रात नौ बजकर पांच मिनट पर शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआइ) 229 दर्ज किया गया। जबकि शाम चार बजे 259 रहा। यह खराब श्रेणी में है दीपावली की शाम को एक्यूआइ 151 रहा। दूसरे दिन सबसे चिंताजनक स्थिति जिगर कालोनी और बुद्धि विहार की रही, जहां एक्यूआइ 256 और 252 तक पहुंच गया।

शहर के सभी छह निगरानी केंद्रों पर प्रदूषण का स्तर ऊंचा दर्ज किया गया। कांशीराम नगर में एक्यूआइ 242 और ट्रांसपोर्ट नगर में 244 रहा। ईको हर्बल पार्क में 196 और रोजगार कार्यालय क्षेत्र में 185 दर्ज किया गया। यानी किसी भी निगरानी केंद्र पर हवा की गुणवत्ता संतोषजनक स्तर तक नहीं पहुंची।

नवंबर के शुरुआती दिनों के आंकड़े भी प्रदूषण बढ़ने की तस्वीर दिखाते हैं। एक नवंबर को एक्यूआइ 100 था, जो दो नवंबर को 148 और तीन नवंबर को 181 पहुंच गया। पांच नवंबर को 199 दर्ज किया गया। आठ नवंबर को दीपावली के दिन 151 रहा, लेकिन अगले ही दिन नौ नवंबर को 78 अंकों की उछाल के साथ 229 पहुंच गया। महीने की शुरुआत के मुकाबले प्रदूषण का स्तर दोगुने से अधिक हो चुका है।

क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण अधिकारी देव कुमार ने बताया कि 201 से 300 के बीच एक्यूआइ खराब श्रेणी में आता है। इस स्तर की हवा में लंबे समय तक रहने से अधिकांश लोगों को सांस लेने में परेशानी हो सकती है। अस्थमा, हृदय और श्वसन संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों के लिए खतरा अधिक रहता है।

फिजिशियन डॉ. सौभाग्य मिश्रा के अनुसार, ऐसी स्थिति में प्रयास करें कि घर से बाहर न निकलें। निकलना पड़े तो मास्क लगाएं। हवा में मौजूद सूक्ष्म प्रदूषक कण फेफड़ों के साथ हृदय और रक्त संचार तंत्र को भी प्रभावित करते हैं।

लंबे समय तक इनके संपर्क में रहने से हृदय रोग, स्ट्रोक और फेफड़ों की बीमारियों का जोखिम बढ़ता है। बच्चों, बुजुर्गों और सांस के मरीजों को प्रदूषण के दौरान विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। ऐसे में खुले में दौड़ने और व्यायाम से बचना चाहिए। सांस लेने में परेशानी, सीने में जकड़न या लगातार खांसी होने पर चिकित्सकीय सलाह लें।

पिछले वर्षों में भी दीपावली पर बिगड़ी हवा

मुरादाबाद में दीपावली के आसपास प्रदूषण बढ़ने का सिलसिला पुराना है। वर्ष 2023 में दीपावली के बाद कांशीराम नगर में एक्यूआइ 301 तक पहुंच गया था। वर्ष 2024 में एक नवंबर को शहर का एक्यूआइ 421 दर्ज किया गया था।

वहीं, वर्ष 2025 में 21 अक्टूबर को दीपावली के बाद औसत एक्यूआइ 304 से अधिक रहा था। इस लिहाज से 2026 का 229 का आंकड़ा पिछले दो वर्षों के इन स्तरों से कम है, लेकिन हवा अब भी खराब श्रेणी में बनी हुई है।

यह भी पढ़ें- त्योहारों के बाद अचानक वर्कआउट या क्रैश डाइट से बचें, प्रदूषण के बीच हल्के व्यायाम से करें शुरुआत

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।