विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

GJU मुरादाबाद: 3.50 लाख कॉपियों का मूल्यांकन और शिक्षकों के बैठने का टोटा, क्या 15 अप्रैल तक आएगा परिणाम

Published: Tue, 24 Mar 2026 09:21 PM (IST)

गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय, मुरादाबाद में स्नातक प्रथम सेमेस्टर की 3.50 लाख कॉपियों का मूल्यांकन 31 मार्च तक होना है। शिक्षकों के बैठने की जगह की कमी के कारण समाजशास्त्र और राजनीति शास्त्र की कॉपियों का मूल्यांकन रुका है। अन्य विषयों का मूल्यांकन अंतिम चरण में है। विश्वविद्यालय 15 अप्रैल तक परिणाम घोषित करने का दावा कर रहा है।

गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय

गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय

HighLights

  1. 31 मार्च तक 3.50 लाख कापियों का लक्ष्य, 200 शिक्षक कर रहे रोजाना मूल्यांकन

  2. भूगोल, इतिहास की कापियों के मूल्यांकन के बाद ही समाज शास्त्र व राजनीति की जंचेंगी

जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय में स्नातक प्रथम सेमेस्टर की कापियों के मूल्यांकन की अंतिम तिथि 31 मार्च तय की गई है, लेकिन अभी तक समाजशास्त्र और राजनीति शास्त्र विषयों की कापियों का मूल्यांकन शुरू नहीं हो सका है। इसका मुख्य कारण राजकीय महाविद्यालय मथाना में शिक्षकों के बैठने के लिए पर्याप्त स्थान का अभाव है।

फिलहाल अंग्रेजी, भूगोल और इतिहास विषयों की कापियों का मूल्यांकन अंतिम चरण में चल रहा है, जिनके 25 मार्च तक पूर्ण होने की संभावना है। महाविद्यालय में करीब छह बड़े कमरों में मूल्यांकन कार्य कराया जा रहा है। एक शिफ्ट में अलग-अलग विषयों के लगभग 60-60 शिक्षक बुलाए जा रहे हैं।

लेकिन सीमित स्थान के कारण कुल मिलाकर करीब 200 शिक्षक ही एक समय में बैठ पा रहे हैं। ऐसे में प्राथमिकता उन विषयों को दी जा रही है, जिनकी कापियां कम हैं या जिनका मूल्यांकन अंतिम चरण में है। समाजशास्त्र और राजनीति शास्त्र ऐसे विषय हैं, जिनमें सबसे अधिक कापियां हैं, इसलिए इनके मूल्यांकन को फिलहाल रोका गया है।

विश्वविद्यालय के अनुसार इस सत्र में करीब 3.50 लाख कापियों का मूल्यांकन किया जाना है। अधिकारियों का कहना है कि जैसे ही अन्य विषयों का मूल्यांकन पूरा होगा और स्थान खाली होगा, वैसे ही समाजशास्त्र और राजनीति शास्त्र की कापियों का मूल्यांकन शुरू कर दिया जाएगा।

विश्वविद्यालय प्रशासन का दावा है कि 31 मार्च तक मूल्यांकन कार्य पूरा कर लिया जाएगा और इसके बाद 15 अप्रैल तक स्नातक प्रथम सेमेस्टर का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया जाएगा। परिणाम जारी होने के बाद द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षाओं के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।

वहीं, गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय परिसर में परास्नातक प्रथम सेमेस्टर की परीक्षाएं 29 मार्च को समाप्त हो जाएंगी। इसके बाद 30 और 31 मार्च को सात विषयों की प्रयोगात्मक परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। विश्वविद्यालय के अनुसार परीक्षाएं समाप्त होने के दो से तीन दिन के भीतर ही पीजी का परीक्षा परिणाम भी घोषित कर दिया जाएगा। इस बार परिसर में पहली बार पीजी परीक्षाएं कराई जा रही हैं, जिनमें लगभग 85 परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं।

विवि का एसबीआइ से एमओयू, निश्शुल्क साफ्टवेयर देगा बैंक

गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय ने स्टेट बैंक आफ इंडिया के साथ एक महत्वपूर्ण एमओयू भी साइन किया है। इसके तहत विश्वविद्यालय के खाते एसबीआइ में संचालित होंगे और बदले में बैंक द्वारा चार से पांच करोड़ रुपये के साफ्टवेयर निशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे। ये साफ्टवेयर प्रबंधन, शोध और अन्य प्रशासनिक कार्यों में उपयोगी साबित होंगे।

 

उपलब्ध स्थान के अनुसार ही शिक्षकों को मूल्यांकन कार्य में लगाया गया है। फिर भी 200 शिक्षक प्रतिदिन मूल्यांकन कर रहे हैं। पूरी कोशिश की जा रही है कि निर्धारित समय सीमा में मूल्यांकन पूरा कर परिणाम समय पर घोषित किया जा सके।

- प्रो. सचिन माहेश्वरी, कुलपति, गुरु जंभेश्वर विवि


यह भी पढ़ें- मुरादाबाद का वो काला बुधवार: जब DIG को 'मरा' समझकर भीड़ छोड़ गई, 6 घंटे तक जलता रहा था शहर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।