मुरादाबाद-हरिद्वार-देहरादून हाईवे का ठेका लेकर गायब हुआ ठेकेदार, PWD ने सिविल लाइंस थाने में दर्ज कराई FIR
मुरादाबाद में लोक निर्माण विभाग ने 22.5 किमी मुरादाबाद-हरिद्वार-देहरादून मार्ग के नवीनीकरण का काम शुरू न करने पर ठेकेदार के ...और पढ़ें

एआई इमेज
HighLights
मुरादाबाद-हरिद्वार-देहरादून मार्ग (कांठ रोड) के 22.5 किलोमीटर हिस्से का होना था निर्माण
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। सड़क का ठेका लिया, विभाग ने काम शुरू कराने के लिए कई बार कहा, पत्र भी भेजा, लेकिन ठेकेदार ने निर्माण शुरू नहीं कराया। अब लोक निर्माण विभाग ने लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए ठेकेदार के खिलाफ पुलिस कार्रवाई कराई है।
निर्माण कार्य अधर में होने से मार्ग पर हादसे की आशंका को देखते हुए विभाग के सहायक अभियंता मुहम्मद हारून ने सिविल लाइंस थाने में संबंधित फर्म और उसके संचालकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
मामला राज्य मार्ग संख्या-49 (एसएच-49) यानी मुरादाबाद-हरिद्वार-देहरादून मार्ग (कांठ रोड) का है। इस मार्ग के करीब 22.5 किलोमीटर हिस्से की सड़क का नवीनीकरण और सुदृढ़ीकरण का कार्य कराया जाना था।

वर्ष 2024 इस काम का ठेका नसरीन फातिमा और हसनैन अली की फर्म को दिया गया था। अनुबंध होने के बाद विभाग को उम्मीद थी कि निर्धारित समय में सड़क निर्माण का काम पूरा होगा, लेकिन मौके पर काम शुरू कराने की स्थिति ही नहीं बन सकी।
लोक निर्माण विभाग के द्वितीय प्रांतीय खंड के सहायक अभियंता हारून ने सिविल लाइंस थाने में दी तहरीर में बताया कि ठेका होने के बाद संबंधित फर्म और ठेकेदार को कई बार मौखिक रूप से काम शुरू करने के निर्देश दिए गए।
इसके बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया गया। विभागीय अधिकारियों की ओर से दो अक्टूबर को ठेकेदार को लिखित पत्र भी जारी किया गया। इसमें साफ तौर पर निर्माण कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए गए थे।
इसके बाद भी ठेकेदार की ओर से कोई गंभीरता नहीं दिखाई गई और सड़क पर काम शुरू नहीं हुआ। विभाग के अधिकारियों के मुताबिक निर्माण कार्य लंबित रहने से मार्ग की स्थिति ऐसी बनी हुई है, जिसमें वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।
खासकर लगातार आवाजाही वाले इस मार्ग पर निर्माण संबंधी काम समय से न होने को विभाग ने गंभीर लापरवाही माना है। अधिकारियों के निर्देशों की लगातार अनदेखी के बाद अब मामला थाने तक पहुंचा है
बार-बार चेताया, फिर भी नहीं चेते
विभागीय अधिकारियों ने पहले मौखिक रूप से और बाद में लिखित पत्र भेजकर ठेकेदार को काम शुरू करने के निर्देश दिए। इसके बावजूद निर्माण शुरू नहीं हुआ। आखिरकार लोक निर्माण विभाग को पुलिस की मदद लेनी पड़ी।
सीओ सिविल लाइंस भास्कर कुमार मिश्रा ने बताया कि सहायक अभियंता की तहरीर के आधार पर नसरीन फातिमा और हसनैन अली के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें- मुरादाबाद में बड़ा खेल: परिवहन अफसर का ड्राइवर ही निकला खनन माफियाओं का 'जासूस', लोकेशन बेचकर हर महीने कमा रहा लाखों
