मुरादाबाद में एंटीबायोटिक दवाओं के नाम पर चाक पाउडर बेचने वाले गिरोह का भंडाफोड़, कई राज्यों तक फैला था नेटवर्क
मुरादाबाद में नामी एंटीबायोटिक दवाओं के नाम पर चाक का पाउडर बेचने वाले एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है, जिसमें मोक्सीफीट-सीवी 625 जैसी दवाएं नकली पाई गईं।

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
मुरादाबाद में नामी एंटीबायोटिक के नाम पर चाक पाउडर बिक्री।
मोक्सीफीट-सीवी 625 समेत कई दवाएं नकली पाई गईं।
आसिफ, वासिफ और अमित कुमार समेत कई आरोपी शामिल।
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। दवा की टेबलेट का दाम करीब 30 रुपये.. गंभीर बीमारी में इस्तेमाल होने वाली मोक्सीफीट-सीवी 625 के अलावा अन्य दवाओं के स्थान पर मुरादाबाद, रामपुर, अमरोहा, हापुड़ समेत कई प्रदेशों में चाक का पाउडर बेचा जा रहा था।
मरीज रुपये दे रहा था साथ ही उसकी जिंदगी से खिलवाड़ किया जा रहा था। दो जून 2026 को आरबी मेडिकल स्टोर ईसमाइल मार्केट मनोटा रोड अमरोहा से लिए गए सैंपल की जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद राज खुल गया। चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड से नकली दवाइयां बनकर दिल्ली पहुंचती और वहां पर पैकिंग होने के बाद मुरादाबाद के हरथला निवासी आसिफ अपने भाई वासिफ मुरादाबाद लाता।
आरोपित अमित अपनी फर्मों के माध्यम से इन दवाइयों को मुरादाबाद मंडल समेत कई प्रदेशों में सप्लाई कर देता। जांच रिपोर्ट आने के बाद औषधि निरीक्षक ने सिविल लाइंस थाने में तीनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
नामी कंपनियों की नकली दवाइयों बेचने का मामला सामने आया है। चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में नकली दवाइयां बनवाकर उसे नामी कंपनी की पैकिंग देकर मेडिकल स्टोरों से बेचा जा रहा था। औषधि विभाग के निरीक्षक उमेश कुमार भारती ने सिविल लाइंस थाने में नवीन नगर निवासी दवा कारोबारी अमित कुमार और और हरथला मुरादाबाद निवासी आसिफ और वासिफ समेत कुछ अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के निरीक्षक उमेश कुमार भारती ने बताया कि अमरोहा की औषधि निरीक्षक रुचि बंसल ने अमरोहा के चौधरपुर मनौटा रोड स्थित इस्माइल मार्केट स्थित आरबी मेडिकल से दवाइयां के सैंपल लिए थे। जांच में यह सैंपल नकली पाए गए थे। इसके बाद तीन अगस्त 2026 को रुचि बंसल ने मेडिकल स्टोर के प्रोपराइटर मो. आमिर से पूछताछ की तो उसने बताया कि यह दवाइयां उसने 11 जून 2026 पाकबड़ा स्थित जेड आर मेडिकल से बिल पर खरीदी थी।
जेड आर मेडिकल स्टोर के संचालक की ओर से अमरोहा की औषधि निरीक्षक को भेजे गए पत्र में बताया कि उसने यह दवाइयां पीएसी रोड पूनम विहार स्थित अरीब फार्मास्यूटिकल फर्म से खरीदी है। इस फर्म का पार्टनर सिविल लाइंस के नवीन नगर निवासी अमित कुमार है। इसके बाद टीम ने अमित से पूछताछ की तो उसने बताया कि उसने यह दवाइयां अमरोहा के धनौरा रोड हादीपुर स्थित अरीब फार्मास्यूटिकल फर्म से 27 अगस्त 2025 में खरीदी थी। इसके बाद टीम ने अमरोहा जाकर पूछताछ में संपर्क कर इस बैच की दवाइयां के बारे में पूछताछ गया तो वहां कोई बिल नहीं दिखा पाया।
अमित कुमार ने अपनी अन्य फर्मों के जरिये नकली दवाइयों को भंडारण किया और इन्हें मेडिकल स्टोरों से बेचा गया है। उनका दावा है कि अमित आसिफ नाम के व्यक्ति से बिना किसी बिल के इन दवाइयां खरीदी हैं। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि गंभीर मामला है। जांच कर आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
मुरादाबाद में आठ साल से चल रहा नकली दवाई बनाने का खेल
अगर आप कोई दवाई ले रहे हैं वह दवाई सही है यह कहना बहुत ही मुश्किल है। क्योंकि मुरादाबाद बीते आठ साल से नकली दवाओं का बेचने का धंधा तेजी से चल रहा है। वर्ष 2018 में भी मुरादाबाद आरोपित आसिफ को नकली दवाई बनाते पकड़ा था। जेल से बाहर तो फिर से हरथला में दवा बनाने की फैक्ट्री शुरू कर दी। यहां पर दवाइयां बनानी शुरू की।
वर्ष 2020 में फिर से औषधि विभाग ने कार्रवाई करते हुए इसे नकली दवाई बनाते पकड़ा और इसकी फैक्ट्री को सील कर दिया, लेकिन यह आरोपित फिर भी लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ करता रहा और फिर नकली दवा बनानी शुरू कर दी।
इस बार आरोपित आसिफ ने अपना कारोबार और बड़ा कर लिया। गिरोह में अपने भाई वासिफ को शामिल किया तो दवा कारोबारी अमित को अपने साथ मिला लिया। अमित की दवा की रामपुर, अमरोहा, मुरादाबाद और हापुड़ जिले में फर्म है। ऐसे में उसके माध्यम से नकली दवाइयों को खपाना शुरू कर दिया।
औषधि निरीक्षक उमेश चंद्र भारती के अनुसार आसिफ इन दवाइयों चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश के बद्दी, सोलन और उत्तराखंड के काशीपुर में कैप्सूल और टैबलेट के रूप में बनवाकर लाता है। इसके बाद दिल्ली में इनकी रिपैकिंग करता है। इसके बाद इन दवाइयां को अमित के मेडिकल स्टोर और एजेंसियों बिना बिल बेचता है।
अब तक न जाने कितनी सी दवा यह गिरोह बेच चुका है। औषधि विभाग का मानना है कि इनके द्वारा तैयार की जा रही नकली दवाओं से न जाने कितने लोगों को नुकसान हुआ होगा।
पुलिस और औषधि विभाग के सामने पूरे गिरोह को पकड़ने की चुनौती
जांच में दवाई नकली निकले जाने के बाद भले ही औषधि विभाग ने प्राथमिकी दर्ज करा दी हो, लेकिन पुलिस के अलावा औषधि विभाग के सामने अब यह चुनौती होगी कि इस पूरे गिरोह को पकड़कर नकली दवाइयों के चल रहे इस खेल को बंद किया जाए। क्योंकि इस गिरोह में दस अधिक लोग शामिल है।
अगर सभी आरोपित नहीं पकड़े जाते तो फिर भी नकली दवाओं का खेल चलता रहा है। सवाल यह भी खड़े हो रहे हैं कि आसिफ पहले भी दो बार नकली दवाइयां बनाते हुए पकड़ा है, लेकिन उसके खिलाफ क्यों कड़ा शिकंजा नहीं कसा गया जिससे वह दोबारा नकली दवाई बनाने की जहमत नहीं उठाता।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।