मुरादाबाद में परिवार बना 'ड्रग सिंडिकेट': मां-पत्नी संग चला रहा था चरस-स्मैक का धंधा, छापेमारी में खुला राज
मुरादाबाद में एक परिवार ड्रग सिंडिकेट चला रहा था, जिसमें पति, पत्नी और मां शामिल थे। पुलिस ने छापेमारी कर ...और पढ़ें

चरण के साथ गिरफ्तार दंपती और इनकी मां पुलिस हिरासत में। स्रोत पुलिस
HighLights
एक माह पहले जमानत पर बाहर आया था आरोपित, फिर शुरू की तस्करी
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। नशे के धंधे में अब मुरादाबाद में परिवार के परिवार उतर आए है। सिविल लाइंस पुलिस ने हाल ही में मां बेटी को चरस के साथ गिरफ्तार किया था। जबकि उसका बेटा फरार हो गया था। अब मझोला के जयंतीपुर चौकी क्षेत्र में एक युवक पत्नी और मां के साथ मिलकर चरस और स्मैक की तस्करी कर रहा था।
शनिवार को सुबह पुलिस ने आरोपित के घर छापेमारी करके 4.375 किलोग्राम चरस और 14.59 ग्राम स्मैक बरामद की। इसके अलावा 33,600 रुपये की नकदी और दो मोबाइल फोन भी मिले।
पुलिस के मुताबिक, कांता प्रसाद अपने परिवार के साथ मिलकर नशे का कारोबार चला रहा था। वह वाट्सएप के जरिये आर्डर लेकर ग्राहकों को मांग के अनुसार नशीले पदार्थों की सप्लाई करता था। आरोपित एक माह पहले ही जेल से बाहर आया था।
एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि जिले में नशे के कारोबारियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। यज्ञ एप पर दर्ज अपराधियों के डाटा का सत्यापन कराया जा रहा है।
इसी दौरान मझोला क्षेत्र की नेता कालोनी निवासी कांता प्रसाद के बारे में जानकारी मिली कि वह जेल से बाहर आने के बाद फिर से नशे के कारोबार में सक्रिय हो गया है।
वह अपनी पत्नी और मां के साथ मिलकर चरस, गांजा और स्मैक की बिक्री कर रहा था। शनिवार सुबह सीओ सिविल लाइंस भास्कर कुमार मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस की 15 सदस्यीय टीम ने कांता प्रसाद के घर पर छापा मारा।
टीम में मझोला इंस्पेक्टर रविंद्र कुमार, चौकी प्रभारी अनुज कुमार अन्य पुलिसकर्मी थे। पुलिस ने घेराबंदी कर कांता प्रसाद, उसकी पत्नी कविता और मां रानी को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान घर से भारी मात्रा में चरस और स्मैक के साथ नकदी व मोबाइल फोन बरामद हुए। पूछताछ में पता चला कि कांता प्रसाद एक माह पहले ही जेल से जमानत पर बाहर आया था। इसके बाद उसने फिर से नशे की बिक्री शुरू कर दी।
पुलिस की नजर से बचने के लिए उसने घर के चारों ओर सीसीटीवी कैमरे भी लगवा रखे थे। वह मोबाइल पर वाट्सएप के जरिये ग्राहकों से आर्डर लेता था, जबकि उसकी पत्नी और मां घर से ही नहीं, बल्कि ग्राहकों के घर जाकर भी नशीले पदार्थों की बिक्री करती थीं।
तीनों आरोपितों के खिलाफ मझोला थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज करने के बाद तीनों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। कांता प्रसाद के खिलाफ मझोला, कोतवाली और गलशहीद थानों में एनडीपीएस, आबकारी और आर्म्स एक्ट के छह मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, उसकी पत्नी कविता के खिलाफ एक और मां रानी के खिलाफ दो मुकदमे पहले से दर्ज हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।