'जाति-मजहब से ऊपर उठकर लड़नी होगी लड़ाई', मुरादाबाद में बोले अजहरुद्दीन- CEC ज्ञानेश कुमार तुरंत दें इस्तीफा
मुरादाबाद में मोहम्मद अजहरुद्दीन ने वोट चोरी के खिलाफ आवाज उठाने और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की ...और पढ़ें

सर्किट हाउस पहुंचने पर कांग्रेसियों ने पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद अजहरुद्दीन का स्वागत किया।
HighLights
एक नवंबर को दिल्ली में होने वाली कांग्रेस की रैली में शामिल होने की अपील
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। जाति और मजहब से ऊपर उठकर वोट चोरी के खिलाफ आवाज उठानी होगी। वोट डालना हर व्यक्ति का अधिकार है और इसकी रक्षा के लिए सभी को एकजुट होना चाहिए। यह बात शनिवार को तेलंगाना सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान मुहम्मद अजहरुद्दीन ने सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कही।
उन्होंने एक नवंबर को दिल्ली में होने वाली कांग्रेस की रैली में अधिक से अधिक लोगों से शामिल होने की अपील की। अजहरुद्दीन ने आरोप लगाया कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) के नाम पर लोगों के वोट काटे गए हैं।
पूरे देश में चुनाव की निष्पक्षता को लेकर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और मल्लिकार्जुन खरगे समेत कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रैली को सफल बनाने में जुटे हैं।
वह भी तेलंगाना से लोगों को इस आंदोलन में शामिल होने के लिए प्रेरित करने आए हैं। अजहरुद्दीन ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर गंभीर आरोप लगाते हुए उनके इस्तीफे की मांग की। कहा कि कांग्रेस वोट चोरी के खिलाफ आंदोलन जारी रखेगी।
अपने पुराने राजनीतिक सफर को याद करते हुए अजहरुद्दीन ने कहा कि मुरादाबाद को वह कभी भुला नहीं सकते। यह उनका पहला राजनीतिक क्षेत्र रहा है।
यहां के लोगों ने उन्हें बहुत प्यार दिया है। उन्होंने उन लोगों को श्रद्धांजलि भी दी, जो अब उनके बीच नहीं हैं। क्रिकेट के सवाल पर उन्होंने कहा कि भारतीय टीम अच्छी है। हर मैच जीतना संभव नहीं होता।
भारतीय टीम पर कोई दबाव नहीं है और न ही हमारी टीम दबाव मानती है। अमरोहा के गेंदबाज समी की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि वह अच्छा खेलते हैं और उन्हें भारतीय टीम में मौका मिलना चाहिए।
आजम खान को जमानत मिलने को उन्होंने अच्छी बात बताया। महंगाई पर कहा कि पिछले 12 साल से महंगाई बढ़ी है। कांग्रेस के बारे में कुछ भी कहना आसान है, लेकिन काम करना मुश्किल होता है।
यह भी पढ़ें- मुरादाबाद: 1.02 अरब का ROB और High-Tension लाइन का 'पेच', अब 2027 तक झेलना पड़ेगा जाम और धूल!