विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुरादाबाद की सियासत में बड़ा उलटफेर! हर चौथा वोटर 'युवा', 2027 के चुनाव में इन सीटों पर बिगाड़ेंगे दिग्गजों का खेल

Published: Thu, 19 Nov 2026 10:08 PM (IST)

मुरादाबाद जिले में 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए युवा मतदाता निर्णायक भूमिका निभाएंगे, जिनकी संख्या कुल मतदाताओं का लगभग 22.77% है। विशेष रूप से कुंदरकी और मुरादाबाद नगर जैसी सीटों पर युवा वोटरों का प्रभाव राजनीतिक दलों की रणनीति को प्रभावित करेगा।

एआई इमेज

एआई इमेज

HighLights

  1. 18 से 29 वर्ष आयु वर्ग के 5.08 लाख मतदाता, मुरादाबाद नगर में सर्वाधिक युवा वोटर

जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) के बाद मंगलवार को प्रकाशित ड्राफ्ट मतदाता सूची ने 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए सियासी गणित की नई तस्वीर सामने रखी है। जिले की छह विधानसभा सीटों पर कुल 22,33,296 मतदाता दर्ज हैं। इनमें 18 से 29 वर्ष आयु वर्ग के 5,08,554 मतदाता हैं।

यानी कुल मतदाताओं में करीब 22.77 प्रतिशत हिस्सेदारी युवाओं की है। दूसरे शब्दों में कहें तो प्रत्येक चार से पांच मतदाताओं में एक युवा है। यह संख्या राजनीतिक दलों के लिए नजरअंदाज करना आसान नहीं होगी।

विधानसभावार आंकड़ों पर नजर डालें तो मुरादाबाद नगर में सर्वाधिक 98,571 युवा मतदाता हैं। यहां 18-19 वर्ष आयु वर्ग के 4,353 और 20-29 वर्ष के 94,218 मतदाता हैं। कुंदरकी में 93,135 युवा मतदाता हैं। खास बात यह है कि यहां कुल मतदाताओं में युवाओं की हिस्सेदारी 25 प्रतिशत है।

Hindi Voter Age Group Infographic

यानी प्रत्येक चार मतदाताओं में एक युवा है। कांठ में 85,269, ठाकुरद्वारा में 81,208, बिलारी में 79,494 और मुरादाबाद ग्रामीण में 70,877 युवा मतदाता हैं। आंकड़ों का एक दूसरा पहलू भी है। जिले में 18-19 वर्ष आयु वर्ग के 21,394 मतदाता हैं।

यह वह वर्ग है जो पहली बार विधानसभा चुनाव में अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने की पात्रता रखता है। वहीं, 20-29 वर्ष आयु वर्ग के 4,87,160 मतदाता हैं। दोनों आयु वर्गों को मिलाकर युवाओं का संख्या बल अधिक है।

ऐसे में रोजगार, शिक्षा, महंगाई, स्थानीय विकास और बुनियादी सुविधाओं जैसे मुद्दे चुनावी विमर्श में होंगे। राजनीतिक दलों के लिए चुनौती केवल युवाओं को अपने पक्ष में करना नहीं, बल्कि उन्हें मतदान केंद्र तक पहुंचाना भी होगी।

youth contribution infographic

खासकर कुंदरकी और कांठ जैसी सीटों पर युवा मतदाताओं की हिस्सेदारी को देखते हुए प्रत्याशियों की रणनीति में यह वर्ग महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। हालांकि, किसी सीट पर युवा मतदाता अकेले चुनाव परिणाम तय करेंगे, यह कहना जल्दबाजी होगी।

इसका असर प्रत्याशियों की लोकप्रियता, जातीय समीकरण, महिला मतदाताओं की भागीदारी और मतदान प्रतिशत पर भी निर्भर करेगा। महिला-पुरुष अनुपात में भी अंतर सामने आया है। जिले में 12,01,116 पुरुष और 10,32,109 महिला मतदाता हैं।

यानी पुरुष मतदाताओं की संख्या महिलाओं से 1,69,007 अधिक है। प्रति हजार पुरुषों पर करीब 859 महिला मतदाता हैं। कुल मिलाकर विधानसभा चुनाव-2027 के चुनाव में युवाओं का यह संख्या बल राजनीतिक दलों के लिए बड़ा सियासी समीकरण बनने जा रहा है।

यह भी पढ़ें- यात्रीगण ध्यान दें! कार्तिक पूर्णिमा पर 3 दिन रहेगा रूट डायवर्जन; दिल्ली, मुरादाबाद और आगरा जाने वाले नोट कर लें नया रास्ता

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।