विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

इस बार दीपावली पर चमकेगा मुरादाबाद का ‘अलादीन चिराग’, पीतल के बढ़ते दामों के बीच एडवांस बुकिंग शुरू

Published: Wed, 09 Sep 2026 11:21 PM (IST)

मुरादाबाद के बाजार में दीपावली के लिए 'अलादीन चिराग' आकार के पीतल के दीपक और घंटियां आ गई हैं, जो ...और पढ़ें

अलादीन का चिराग। जागरण

अलादीन का चिराग। जागरण

HighLights

  1. पीतल के दाम बढ़ने से हर दिन बदल रहे दाम, रिटेल कारोबारियों ने शुरू की बुकिंग

जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। अलादीन ने चिराग रगड़ा तो जिन्न सामने आ गया और उसकी एक पुकार पर मनचाही चीज हाजिर हो गई। कहानी का वही जादुई चिराग इस बार मुरादाबाद के बर्तन बाजार में नए रूप में नजर आएगा। फर्क इतना है कि इस चिराग से जिन्न नहीं, बल्कि दीपावली पर रोशनी निकलेगी।

पीतल से तैयार अलादीन आकार के दीपक और घंटियां बाजार में पहुंच गई हैं। करीब 200 ग्राम वजन का अलादीन आकार का दीपक-घंटी लगभग 900 रुपये में बिक रही है। थोक दुकानों पर पीतल के पारंपरिक दीपक, घंटियां, अखंड ज्योत के साथ नए आकार और डिजाइन वाले दीपक सजने लगे हैं।

रिटेल कारोबारियों ने भी बिक्री को देखते हुए पहले से माल की बुकिंग शुरू कर दी है। कारोबारी बताते हैं कि इस बार ग्राहक पूजा के सामान के साथ ऐसे दीपक भी तलाश रहे हैं, जो घर की सजावट का हिस्सा बन सकें।

अभी दीपावली में समय है, लेकिन बर्तन बाजार में त्योहार की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। पिछली दीपावली पर पीतल की शीट से तैयार अखंड ज्योत की अच्छी मांग रही थी। इस बार बाजार में इसका ढलाई वाला रूप भी उपलब्ध है।

ढलाई से तैयार अखंड ज्योत अधिक मजबूत होने के साथ अलग-अलग डिजाइन में बनाई जा रही है। इसके अलावा घंटियों और दीपकों में भी आकार को लेकर प्रयोग किए जा रहे हैं। पीतल, स्टील के बर्तन से लेकर पूजा का सामान होलसेल बाजार स्टाक हो चुका है।

पीतल के दाम लगातार ऊपर-नीचे होने से दीपक और सजावटी सामान की कीमत भी स्थिर नहीं है। थोक बाजार में जिस भाव पर आज माल तैयार हो रहा है, जरूरी नहीं कि कुछ दिन बाद वही भाव रहे।

इसी वजह से कई रिटेल दुकानदार पहले ही कीमत तय कर माल बुक करा रहे हैं। कारोबारियों का कहना है कि दीपावली नजदीक आने के साथ मांग बढ़ेगी, लेकिन धातु के दाम बढ़े तो ग्राहकों को अधिक कीमत चुकानी पड़ सकती है।

बर्तन एवं दीपक कारोबारी अमरीश अग्रवाल के अनुसार, इस बार बाजार में पारंपरिक सामान के साथ डिजाइन वाले दीपक की मांग भी दिखाई दे रही है। त्योहार की खरीदारी शुरू होने के साथ नए माल की आवक बढ़ रही है। पीतल के भाव में लगातार बदलाव के कारण सामान के दाम भी रोज बदल रहे हैं।

 

दीपावली को लेकर बाजार में नए डिजाइन के पीतल के दीपक और पूजा सामग्री का स्टाक आना शुरू हो गया है। अलादीन आकार के दीपक-घंटी जैसे नए उत्पाद ग्राहकों को आकर्षित कर रहे हैं। पीतल महंगा होने के कारण इस बार व्यापारी पहले ही दाम तय करके माल की बुकिंग कर रहे हैं।

- मनीष अग्रवाल, बर्तन एवं दीपक व्यापारी


यह भी पढ़ें- उत्तराखंड से मुरादाबाद पहुंचे तेंदुए, 4 मौतों के बाद भी 50+ तेंदुओं की दहशत, गन्ने की फसल बनी नया ठिकाना