बायोमेट्रिक मशीन को भी दे दिया चकमा! फर्जी उंगलियों से लगती रही हाजिरी, कंपनी से लाखों का वेतन उड़ा ले गया HR
मुरादाबाद की एक निजी कंपनी में एचआर और सहायक लेखाकार ने नौकरी छोड़ चुके कर्मचारियों के नाम पर लाखों का वेतन गबन किया। आरोपी ने बायोमेट्रिक मशीन में फर्जी उंगलियों के निशान लगाकर हाजिरी लगाई और वेतन अपने व करीबियों के खातों में ट्रांसफर किया।

एआई इमेज
HighLights
नौकरी छोड़ चुके कर्मचारियों के नाम पर निकलता रहा वेतन, करीबियों के खातों में पहुंचाई रकम
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। कंपनी में कर्मचारी नौकरी छोड़कर चले गए, लेकिन कागजों में उनकी नौकरी जारी रही। बायोमेट्रिक मशीन में फर्जी अंगुलियों के निशान दर्ज कर उनकी उपस्थिति लगाई जाती रही और हर महीने उनके नाम पर वेतन भी निकलता रहा। आरोप है कि इस खेल के जरिये लाखों रुपये का भुगतान कराया गया। रकम कभी अपने खाते में तो कभी करीबियों के बैंक खातों में पहुंचाई गई।
मामले का राज तब खुला जब सागर आठ जुलाई को अवकाश पर चला गया। 14 जुलाई को कंपनी के प्रबंध निदेशक निरीक्षण के लिए पहुंचे और कर्मचारियों की सूची मांगी। सूची में दर्ज कई कर्मचारी मौके पर नहीं मिले।
रिकार्ड खंगाला गया तो फर्जी कर्मचारियों का मामला सामने आया। इसके बाद सागर ने लौटने के बजाय उसने 17 जुलाई को वाट्सएप पर त्यागपत्र भेज दिया। सिविल लाइंस में सामने आए इस मामले में निजी कंपनी के एचआर और सहायक लेखाकार के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज हुई है।
राजस्थान के झुंझुनू निवासी भागेंद्र सिंह राठौर कांठ रोड स्थित एसएस बिल्डर्स-एनएजीआइ वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड में प्लांट प्रबंधक हैं। उन्होंने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि सहारनपुर रणखंडी निवासी सागर कुमार 18 जून 2024 से कंपनी में एचआर और सहायक लेखाकार के पद पर काम कर रहा था।
आरोप है कि सागर ने अपने स्तर से कई कर्मचारियों को नियुक्त किया था। इनमें कुछ कर्मचारी नौकरी छोड़ चुके थे, लेकिन उनके नाम कंपनी के रिकार्ड से नहीं हटाए गए। आरोप है कि बायोमेट्रिक मशीन में फर्जी अंगुलियों के निशान दर्ज कर इन कर्मचारियों की उपस्थिति दिखाई जाती थी।
उपस्थिति रजिस्टर में भी उनके नाम दर्ज रहते थे। इसी आधार पर कर्मचारियों की सूची तैयार कर अधिकारियों को भेजी जाती और वेतन जारी करा लिया जाता था। जिन कर्मचारियों के बैंक खाते नहीं होने की बात कही जाती, उनका वेतन सागर अपने खाते में मंगवाता था।
बाद में रकम करीबियों के खातों में पहुंचाने का आरोप है। तहरीर के मुताबिक, सागर के साले सूरज सोम से पूछताछ के बाद उसे भी नौकरी से निकाल दिया गया। आरोप है कि उसी दिन सूरज ने कार्यालय पहुंचकर सागर की अलमारी तोड़ी और कुछ सामान लेकर चला गया।
बाद में कर्मचारियों की मौजूदगी में कमरे और अलमारी की जांच हुई तो फर्जी कर्मचारियों का विवरण और दो खाली चेक मिले। इससे वेतन घोटाले का शक गहरा गया। सिविल लाइंस प्रभारी निरीक्षक हरीश वर्धन ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपितों के विरुद्ध तथ्यों के आधार पर कार्रवाई करेंगे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।